IND vs PAK मैच से पहले सौरव गांगुली का बयान, बोले- खेल और राजनीति को अलग रखें

सौरव गांगुली
Sourav Ganguly on IND vs PAK: बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली ने पाकिस्तान के भारत के खिलाफ मैच खेलने के फैसले का स्वागत किया है. उन्होंने कहा कि खेल और राजनीति अलग हैं. साथ ही गांगुली ने माना कि भारत अभी बहुत मजबूत टीम है और पाकिस्तान के लिए जीतना मुश्किल होगा.
Highlights
Sourav Ganguly on IND vs PAK: बीसीसीआई (BCCI) के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) ने कहा है कि खेल और राजनीति को अलग रखना चाहिए. उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि पाकिस्तान ने अपना बहिष्कार का फैसला वापस ले लिया है और अब 15 फरवरी को भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) का मैच खेलेगा.
कोलकाता में पत्रकारों से बात करते हुए गांगुली ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच हमेशा से रोमांचक रहे हैं. हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि पिछले कुछ सालों में दोनों टीमों के बीच मुकाबला उतना कड़ा नहीं रहा है. गांगुली के मुताबिक भारतीय टीम अभी बहुत मजबूत है और पाकिस्तान के लिए उन्हें हराना आसान नहीं होगा.
खेल और राजनीति पर बोले गांगुली
सौरव गांगुली ने साफ शब्दों में कहा कि उन्हें सरकार के स्तर पर क्या बातचीत हुई, इसकी जानकारी नहीं है. लेकिन यह अच्छी बात है कि पाकिस्तान खेलने के लिए तैयार हो गया है. उन्होंने कहा कि खेल और राजनीति दो अलग चीजें हैं.
गांगुली ने आगामी मैच को लेकर कहा कि उन्हें उम्मीद है कि पाकिस्तान अच्छा खेल दिखाएगा क्योंकि भारत अभी एक शानदार टीम है. उनके अनुसार पिछले कुछ सालों में भारत का पलड़ा भारी रहा है और पाकिस्तान के लिए यह मैच जीतना बड़ी चुनौती होगी.
पाकिस्तान सरकार का ग्रीन सिग्नल
पाकिस्तान सरकार ने सोमवार को अपनी क्रिकेट टीम को भारत के खिलाफ मैच खेलने की मंजूरी दे दी. यह मैच 15 फरवरी को टी20 वर्ल्ड कप के तहत खेला जाना है. पाकिस्तान सरकार की ओर से जारी बयान के मुताबिक, पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को आईसीसी और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के साथ हुई बातचीत की जानकारी दी. इसके बाद ही प्रधानमंत्री ने टीम को मैच खेलने का निर्देश दिया. इससे पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने श्रीलंका के राष्ट्रपति से भी बात की थी.
बांग्लादेश के समर्थन में किया था बायकॉट
इससे पहले पाकिस्तान ने ग्रुप स्टेज में भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का फैसला किया था. यह फैसला उसने बांग्लादेश के समर्थन में लिया था. दरअसल, बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों से अपने मैच भारत से बाहर शिफ्ट करने की मांग की थी, जिसे आईसीसी ने नहीं माना. इसके बाद बांग्लादेश ने टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया था. इसी के विरोध में पाकिस्तान ने भी नहीं खेलने की बात कही थी. लेकिन लाहौर में आईसीसी, पीसीबी और बीसीबी की बैठक के बाद हालात बदल गए. बीसीबी अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने भी पाकिस्तान से भारत के खिलाफ खेलने की अपील की थी.
टीम इंडिया का शानदार फॉर्म जारी
टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का प्रदर्शन अब तक शानदार रहा है. अपने पहले ग्रुप मैच में भारत ने अमेरिका को 29 रनों से हराया था. इस मैच में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 49 गेंदों पर नाबाद 84 रनों की पारी खेली थी. भारतीय टीम अभी दिल्ली में है और 12 फरवरी को उसे नामीबिया के खिलाफ खेलना है. इसके बाद टीम कोलंबो जाएगी जहां 15 फरवरी को पाकिस्तान से महामुकाबला होगा. इसके बाद भारत 18 फरवरी को अहमदाबाद में नीदरलैंड के खिलाफ अपना आखिरी ग्रुप मैच खेलेगा.
ये भी पढ़ें-
भारतीय बल्लेबाजों के बैट में… श्रीलंकाई खिलाड़ी भानुका राजपक्षे का बेतुका बयान
टीम इंडिया की मांग पर BCCI सख्त, परिवार को साथ ले जाने पर संशय
नामीबिया के खिलाफ नीदरलैंड्स की जीत से पॉइंट्स टेबल में भूचाल, पाकिस्तान को लगा झटका
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aditya Kumar Varshney
आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




