पाकिस्तान की नई चाल, भारत में नहीं दिखेगा पीएसएल, अब होगा करोडों का नुकसान

Updated:
विज्ञापन

पाकिस्तान सुपर लीग का मैच

PSL 2026: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टी20 वर्ल्ड कप विवाद के बाद अब PSL 2026 का प्रसारण भारत में करने पर रोक लगा दी है. पीसीबी ने ग्लोबल राइट्स वली टेक्नोलॉजीज को बेचे हैं, लेकिन भारत के राइट्स किसी को नहीं दिए. इससे पाकिस्तान को विज्ञापन के तौर पर बड़ा झटका लग सकता है.

विज्ञापन

PSL 2026: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने भारत के खिलाफ अपना रुख और कडा करते हुए एक नया फैसला लिया है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) में टीम इंडिया के खिलाफ मैच के बॉयकॉट की बात करने के बाद, अब पीसीबी ने पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 के मैचों को भारत में दिखाए जाने पर रोक लगा दी है. पीसीबी ने PSL के 11वें सीजन के इंटरनेशनल ब्रॉडकास्ट राइट्स बेचते समय यह फैसला लिया. हालांकि, क्रिकेट के जानकारों का मानना है कि पीसीबी का यह दांव उल्टा पड सकता है और इससे पाकिस्तान को ही भारी नुकसान झेलना पडेगा. इसका मैन कारण है कि क्रिकेट जगत में विज्ञापन देने वाली ज्यादातर बडी कंपनियां भारतीय हैं.

विज्ञापन

वली टेक्नोलॉजीज को मिले ग्लोबल राइट्स

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने PSL 11 के ग्लोबल मीडिया राइट्स के लिए बोलियां मंगवाई थीं. इसमें वली टेक्नोलॉजीज नाम की कंपनी सबसे बड़ी बोलीदाता बनकर सामने आई. पीसीबी ने भारत में प्रसारण के अधिकार को होल्ड कर दिया है यानी रोक दिया है और बाकी पूरी दुनिया के लिए प्रसारण के अधिकार वली टेक्नोलॉजीज को एक साल के लिए दे दिए हैं. वली टेक्नोलॉजीज खुद को मेड इन पाकिस्तान तकनीक को बढावा देने वाली कंपनी बताती है. पीसीबी का यह कदम बताता है कि वह क्रिकेट को भी अब राजनीतिक चश्मे से देख रहा है, जिसका असर खेल पर पडना तय है.

पाकिस्तान को हो सकता है भारी नुकसान

PCB के इस फैसले से लीग की कमाई पर गहरा असर पडने की संभावना है. दुनिया में क्रिकेट की सबसे ज्यादा व्यूअरशिप भारत में है. भारत की करीब 140 करोड की आबादी में से लगभग 80 फीसदी लोग क्रिकेट देखते हैं. जब किसी टूर्नामेंट को भारत में नहीं दिखाया जाता है, तो उसकी व्यूअरशिप में भारी गिरावट आती है. व्यूअरशिप कम होने का सीधा मतलब है कि विज्ञापन से होने वाली कमाई कम हो जाएगी. क्रिकेट मैच के दौरान टीवी पर दिखने वाले विज्ञापन और मैदान पर लगे होर्डिंग्स में भारतीय ब्रांड्स का दबदबा रहता है. ऐसे में भारत में प्रसारण रोकने से पीसीबी को मोटे राजस्व से हाथ धोना पड सकता है.

CEO सलमान नासिर का दावा

तमाम आशंकाओं के बीच पीएसएल के सीईओ सलमान नासिर ने इस डील को फायदेमंद बताया है. उन्होंने कहा कि वली टेक्नोलॉजीज ने पिछले साल की तुलना में 149 फीसदी ज्यादा कीमत देकर ग्लोबल मीडिया राइट्स खरीदे हैं. नासिर के मुताबिक, यह पीएसएल की बढती ब्रांड वैल्यू और इंटरनेशनल डिमांड को दिखाता है. उन्होंने कहा कि हम एक नया बेंचमार्क तय करने के लिए वली टेक्नोलॉजीज के आभारी हैं. हालांकि, उन्होंने इस बात पर चुप्पी साधे रखी कि भारत में प्रसारण न होने से जो लॉन्ग टर्म नुकसान होगा, उसकी भरपाई कैसे की जाएगी.

पिछले साल बीच में ही रोका गया था प्रसारण

यह पहली बार नहीं है जब पीएसएल का प्रसारण विवादों में आया है. पिछले साल पीएसएल को भारत में दिखाने के अधिकार सोनी स्पोर्ट्स और फैनकोड के पास थे. लेकिन कश्मीर के पहलगाम में पाकिस्तानी आतंकियों द्वारा किए गए हमले के बाद भारत में भारी विरोध हुआ था. इसके चलते सोनी स्पोर्ट्स और फैनकोड ने बीच टूर्नामेंट में ही पीएसएल का प्रसारण रोक दिया था. इतना ही नहीं, इन ब्रॉडकास्टर्स ने अपनी वेबसाइट और ऐप से इस लीग का सारा कंटेंट और वीडियो भी हटा दिया था. इस बार पीसीबी ने पहले ही कदम उठाते हुए राइट्स न बेचने का फैसला किया है.

टी20 वर्ल्ड कप के बाद शुरू होगा टूर्नामेंट

PSL 2026 का आयोजन अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के बाद किया जाएगा. जारी किए गए शेड्यूल के मुताबिक, यह लीग 26 मार्च से शुरू होगी और इसका फाइनल 3 मई को खेला जाएगा. इस सीजन के लिए खिलाडियों की ऑक्शन 11 फरवरी को आयोजित की जाएगी. वर्ल्ड कप के तुरंत बाद होने के कारण खिलाडियों की उपलब्धता और थकान भी एक मुद्दा हो सकता है, लेकिन पीसीबी को उम्मीद है कि यह सीजन सफल रहेगा. अब देखना यह होगा कि बिना भारतीय दर्शकों के पीएसएल को कितनी सफलता मिलती है.

ये भी पढ़ें-

उम्र नहीं फिटनेस जरूरी, धोनी ने दिया बड़ा बयान, क्या 2027 वर्ल्ड कप में खेलेंगे विराट-रोहित?

धोनी ने की भविष्यवाणी, बताया कौन सी चीज रोक सकती है भारत का रास्ता? जानिए क्या कहा

हरारे में होगी भारत और अफगानिस्तान की टक्कर, जानें कैसा है हेड-टू-हेड रिकॉर्ड

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola