हरारे में होगी भारत और अफगानिस्तान की टक्कर, जानें कैसा है हेड-टू-हेड रिकॉर्ड

भारत और अफगानिस्तान की अंडर 19 टीम
Ind U19 vs Afg U19: अंडर-19 विश्व कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत और अफगानिस्तान की टक्कर हरारे में होगी. टीम इंडिया अब तक टूर्नामेंट में अजेय है जबकि अफगानिस्तान ने भी अच्छी वापसी की है. जानिए दोनों टीमों के पुराने रिकॉर्ड और प्रमुख खिलाडियों के बारे में.
Highlights
Ind U19 vs Afg U19: अंडर-19 विश्व कप 2026 (U19 World Cup 2026) के दूसरे सेमीफाइनल में भारत और अफगानिस्तान (India vs Afghanistan) की टीमें आमने-सामने होंगी. यह बड़ा मुकाबला हरारे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर खेला जाएगा. भारतीय टीम अब तक इस टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारी है और शानदार फॉर्म में चल रही है. वहीं अफगानिस्तान ने श्रीलंका से हारने के बाद जोरदार वापसी की और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की. भारत के पास इस टूर्नामेंट का सबसे सफल इतिहास है.
टीम इंडिया का टूर्नामेंट में दबदबा
भारतीय टीम अंडर-19 विश्व कप की सबसे धाकड़ टीम मानी जाती है. टीम इंडिया अब तक 6 बार यह खिताब अपने नाम कर चुकी है. इस साल भी टीम ने अपने सभी मैचों में जीत दर्ज की है. दिलचस्प बात यह है कि पिछले 5 टूर्नामेंट से भारत हर बार फाइनल तक पहुंचने में कामयाब रहा है. इस बार भी टीम की नजरें खिताबी जीत पर हैं और अफगानिस्तान के खिलाफ वह अपनी इसी लय को बरकरार रखना चाहेगी.
हेड टू हेड में किसका पलड़ा भारी
अगर हम भारत और अफगानिस्तान के पुराने मैचों के रिकॉर्ड को देखें तो टीम इंडिया का पलड़ा काफी भारी नजर आता है. साल 2010 से 2024 के बीच दोनों टीमों के बीच कुल 12 यूथ वनडे मैच खेले गए हैं. इन 12 मैचों में से 10 बार भारत ने जीत हासिल की है जबकि अफगानिस्तान को सिर्फ 2 मैचों में सफलता मिली है.
आखिरी बार साल 2024 में साउथ अफ्रीका में दोनों टीमें भिड़ी थीं जहां भारत ने 9 विकेट से बड़ी जीत दर्ज की थी. अफगानिस्तान को भारत के खिलाफ अपनी दोनों जीत साल 2019 में लखनऊ के मैदान पर मिली थी.
अफगानिस्तान के इन खिलाड़ियों पर रहेगी नजर
अफगानिस्तान की टीम इस बार बड़ा उलटफेर करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी. उनकी टीम में फैसल सिनोजादा जैसे बल्लेबाज हैं जो गजब की फॉर्म में हैं. फैसल ने 5 मैचों में 81 की औसत और 104 की स्ट्राइक रेट से 325 रन बनाए हैं. उनके नाम इस वर्ल्ड कप में एक शतक और दो फिफ्टी भी दर्ज हैं. वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं. वहीं गेंदबाजी में नूरिस्तानी ओमरजई ने कहर बरपाया है. उन्होंने 5 मैचों में अब तक 12 विकेट चटकाए हैं और भारतीय बल्लेबाजों के लिए वह बड़ी चुनौती साबित हो सकते हैं.
भारतीय खिलाड़ियों का जलवा
भारत की तरफ से इस वर्ल्ड कप में अभिज्ञान कुंडू ने सबसे ज्यादा रन बनाए हैं. उनके बल्ले से अब तक 199 रन निकले हैं. हालांकि भारत की असली ताकत उसकी गेंदबाजी रही है. हेनिल पटेल ने अब तक 11 विकेट लेकर विपक्षी टीमों को घुटनों पर ला दिया है. उनके अलावा आरएस अंबरीश और खिलान पटेल भी 8-8 विकेट लेकर अच्छा साथ दे रहे हैं. कप्तान आयुष म्हात्रे और विहान मल्होत्रा अपनी पार्ट टाइम गेंदबाजी से सबको चौंका रहे हैं. भारतीय गेंदबाजों का खौफ ऐसा है कि इस टूर्नामेंट में अब तक कोई भी टीम भारत के खिलाफ 200 रन का आंकड़ा पार नहीं कर पाई है.
हरारे के मैदान पर फाइनल की जंग
हरारे स्पोर्ट्स क्लब का मैदान इस ऐतिहासिक मुकाबले का गवाह बनेगा. भारत की कोशिश होगी कि वह अफगानिस्तान को हराकर सातवीं बार फाइनल की राह पकड़े. वहीं अफगानिस्तान पहली बार फाइनल में पहुंचकर नया इतिहास रचना चाहेगा. क्रिकेट फैंस को एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है क्योंकि दोनों ही टीमें फाइनल के टिकट के लिए अपनी पूरी जान लगा देंगी. देखना होगा कि क्या भारत अपना विजय अभियान जारी रखता है या अफगानिस्तान कोई नया करिश्मा करता है.
ये भी पढ़ें-
U19 World Cup: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ थॉमस रेव की संचुरी, इंग्लैंड ने बनाए 277 रन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aditya Kumar Varshney
आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




