Jharkhand T20 League: 14 छक्के, 8 चौके और 143 रन... कुमार करण के शतक ने जमशेदपुर स्टीलर्स को दिलाया फाइनल का टिकट
जमशेदपुर स्टीलर्स के बल्लेबाज (फोटो-सोशल मीडिया)
कुमार करण के नाबाद 143 रन और रवि शर्मा की 81 रन की विस्फोटक पारी की बदौलत जमशेदपुर स्टीलर्स ने झारखंड टी20 लीग 2026 के पहले सेमीफाइनल में कोयलांचल सुपर किंग्स को 79 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया.
Jharkhand T20 League: झारखंड टी20 लीग 2026 के पहले सेमीफाइनल में जमशेदपुर स्टीलर्स ने दमदार प्रदर्शन करते हुए कोयलांचल सुपर किंग्स को 79 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली. रांची में खेले गए मुकाबले में स्टीलर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 250/2 का विशाल स्कोर खड़ा किया. जवाब में कोयलांचल सुपर किंग्स की टीम 17.3 ओवर में 171 रन पर सिमट गई.
कुमार करण के तूफानी शतक ने पलटा मैच
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जमशेदपुर स्टीलर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही. टीम ने शुरुआती दो विकेट 47 रन के स्कोर पर गंवा दिए. कुमार देव्रत 16 रन और मणिकांत मिश्रा 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए.
इसके बाद कुमार करण और रवि शर्मा ने मोर्चा संभाला और तीसरे विकेट के लिए 200 से ज्यादा रन की अविश्वसनीय साझेदारी कर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया. कुमार करण ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 63 गेंदों पर नाबाद 143 रन बनाए. उनकी पारी में 14 छक्के और 8 चौके शामिल रहे. वहीं रवि शर्मा ने 46 गेंदों में 81 रन की शानदार पारी खेली. दोनों बल्लेबाजों की आतिशी पारियों की बदौलत जमशेदपुर स्टीलर्स ने निर्धारित 20 ओवर में 250/2 का विशाल स्कोर खड़ा किया.
उत्कर्ष सिंह का शतक भी नहीं बचा सका कोयलांचल को
251 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोयलांचल सुपर किंग्स की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई. टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और बड़े लक्ष्य के सामने कभी भी मजबूत स्थिति में नहीं दिखी.
हालांकि कप्तान उत्कर्ष सिंह ने अकेले संघर्ष करते हुए 46 गेंदों में 101 रन की शानदार शतकीय पारी खेली. उन्होंने टीम को मुकाबले में बनाए रखने की पूरी कोशिश की, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें पर्याप्त समर्थन नहीं मिला. उत्कर्ष के आउट होते ही कोयलांचल की उम्मीदें भी खत्म हो गईं और पूरी टीम 17.3 ओवर में 171 रन पर ऑलआउट हो गई.
गेंदबाजों ने भी निभाई अहम भूमिका
जमशेदपुर स्टीलर्स की जीत में गेंदबाजों का भी अहम योगदान रहा. प्रतीक रंजन और कुनैन कुरैशी ने तीन-तीन विकेट लेकर कोयलांचल की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी. दोनों गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में लगातार विकेट चटकाकर विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा.
खिताब से एक कदम दूर स्टीलर्स
79 रन की शानदार जीत के साथ जमशेदपुर स्टीलर्स ने टूर्नामेंट के फाइनल में जगह पक्की कर ली है. बल्लेबाजों और गेंदबाजों के ऑलराउंड प्रदर्शन ने टीम को खिताब के करीब पहुंचा दिया है. अब स्टीलर्स की नजर फाइनल जीतकर ट्रॉफी अपने नाम करने पर होगी.
यह भी पढ़ें: Jharkhand T20 League 2026: प्लेऑफ की चार टीमें हुईं तय, संथाल स्ट्राइकर्स और धनबाद डायमंड्स खिताबी रेस से बाहर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Ujjawal Sinha
उज्ज्वल कुमार सिन्हा | स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट उज्ज्वल कुमार सिन्हा एक खेल पत्रकार हैं, जिन्हें खेल पत्रकारिता के क्षेत्र में छह वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह प्रभात खबर में स्पोर्ट्स सेक्शन को लीड कर रहे हैं, जहां वे विभिन्न खेलों से संबंधित खबरों की योजना, संपादन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं. अपने पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने क्रिकेट, कबड्डी, फुटबॉल और अन्य प्रमुख खेलों से जुड़ी खबरों, विश्लेषणों और विशेष रिपोर्टों पर व्यापक रूप से कार्य किया है. डेस्क पत्रकारिता में उनकी विशेष विशेषज्ञता रही है, जहां उन्होंने एक्सक्लूसिव कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और गहन खेल विश्लेषण पर लगातार काम किया है. उज्ज्वल ने प्रो कबड्डी लीग और रणजी ट्रॉफी जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंटों को कवर किया है. इससे उन्हें पेशेवर खेलों की कार्यप्रणाली, खिलाड़ियों के प्रदर्शन और खेल इकोसिस्टम की गहरी समझ विकसित करने का अवसर मिला है. प्रभात खबर से पहले वह नवभारत, CricTracker, जनसत्ता, स्पोर्ट्स तक और एपीएन न्यूज जैसे प्रमुख मीडिया संस्थानों के साथ कार्य कर चुके हैं. विभिन्न राष्ट्रीय और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर काम करने का अनुभव उन्हें खेल पत्रकारिता के बदलते स्वरूप और दर्शकों की जरूरतों को बेहतर ढंग से समझने में मदद करता है. शैक्षणिक रूप से उन्होंने सेंट जेवियर्स यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में स्नातक तथा सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ साउथ बिहार से जर्नलिज्म एवं मास कम्युनिकेशन में स्नातकोत्तर की डिग्री प्राप्त की है. पत्रकारिता के अलावा उनका खेल से व्यक्तिगत जुड़ाव भी रहा है. वह क्रिकेट खिलाड़ी रह चुके हैं और बिहार के स्टेट कैंप में हिस्सा ले चुके हैं. मैदान पर खिलाड़ी के रूप में मिले अनुभव के कारण उनके लेखन और विश्लेषण में खेल की तकनीकी एवं व्यावहारिक समझ की स्पष्ट झलक दिखाई देती है. विशेष रुचि: क्रिकेट, कबड्डी, घरेलू खेल, खेल विश्लेषण, खिलाड़ी प्रोफाइल और एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स स्टोरीज.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










