IPL 2026: क्या बदल रहा है CSK का होम ग्राउंड? धोनी का शहर भी मेजबानी की रेस में

रुतुराज गाडकवाड़ और महेंद्र सिंह धोनी
IPL 2026 से पहले रांची में धोनी का बल्ला गरजने लगा है. चेपॉक में चुनाव के कारण मैच नहीं होने की खबरों के बीच JSCA अध्यक्ष अजयनाथ शाहदेव ने बताया कि रांची को वेन्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है. फैंस को उम्मीद है कि माही अपने घर में आखिरी सीजन खेलेंगे.
Highlights
IPL 2026 के शुरू होने में अभी वक्त है, लेकिन फैंस के दिलों की धड़कन अभी से तेज हो गई है. चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के फैंस के लिए एक थोड़ी परेशान करने वाली खबर आ रही है, लेकिन झारखंड और रांची के क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह खबर किसी बड़े सरप्राइज से कम नहीं है. दरअसल, मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि इस बार चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में CSK के सारे मैच नहीं होंगे. वजह बताई जा रही है तमिलनाडु में होने वाले चुनाव. लेकिन इस उदासी के बीच रांची के लिए एक उम्मीद की किरण जागी है. खुद ‘थाला’ यानी महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) ने रांची में अपनी तैयारी शुरू कर दी है, जिससे इस चर्चा को हवा मिल गई है.
माही ने शुरू की तैयारी, वीडियो ने मचाई सनसनी
रांची के JSCA स्टेडियम में हलचल अचानक तेज हो गई है. इसकी वजह और कोई नहीं, बल्कि हम सबके चहेते एमएस धोनी हैं. 44 साल की उम्र में भी धोनी का जोश वही पुराना वाला है. हाल ही में झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसने फैंस को इमोशनल कर दिया है.
वीडियो में धोनी पैड्स बांधे नेट्स पर पसीना बहाते दिख रहे हैं. JSCA ने लिखा भी है- “देखो कौन वापस आ गया है.” इस वीडियो में धोनी जेएससीए सचिव सौरभ तिवारी से बात करते भी दिख रहे हैं. धोनी को यू अपने होम ग्राउंड पर एक्टिव देखकर यह कयास और पक्के हो गए हैं कि कुछ न कुछ बड़ा होने वाला है.
क्या बोले JSCA अध्यक्ष अजयनाथ शाहदेव?
जब रांची में आईपीएल मैचों की सुगबुगाहट तेज हुई, तो प्रभात खबर ने सीधे जेएससीए के अध्यक्ष अजयनाथ शाहदेव से बातचीत की. जिसमें उन्होने कहा कि अगर रांची को आईपीएल मैच मिलते हैं, तो यह न सिर्फ JSCA नहीं बल्कि पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात होगी. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अभी कुछ भी कन्फर्म कहना जल्दबाजी होगी. लेकिन सबसे खास बात यह है कि उन्होंने माना कि आईपीएल 2026 के वेन्यू के लिए रांची को ‘शॉर्टलिस्ट’ किया गया है. यह शब्द ही फैंस को खुश करने के लिए काफी है.
चेन्नई से मैच शिफ्ट होने की असली वजह
चेन्नई का चेपॉक स्टेडियम सीएसके का किला माना जाता है, जहां धोनी की टीम को हराना लगभग नामुमकिन होता है. लेकिन 2026 में तमिलनाडु समेत कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है. चुनाव के दौरान सुरक्षा और शेड्यूल की दिक्कतों के चलते बीसीसीआई को मैचों की जगह बदलनी पड़ सकती है. ऐसे में सीएसके को अपने कुछ घरेलू मैच चेन्नई से बाहर खेलने पड़ सकते हैं. यही वो मौका है जहां रांची बाजी मार सकता है.
धोनी और रांची का इमोशनल कनेक्शन
अटकलें हैं कि आईपीएल 2026 धोनी का आखिरी सीजन हो सकता है. ऐसे में अगर सीएसके अपना दूसरा होम ग्राउंड रांची को बनाती है, तो यह क्रिकेट इतिहास का सबसे भावुक पल होगा. रांची धोनी का घर है, और अपने हीरो को उसके घर में विदाई देने से बेहतर और क्या हो सकता है? बीसीसीआई और सीएसके मैनेजमेंट भी इस इमोशन को समझता है. फैंस चाहते हैं कि उनका शेर अपने ही जंगल में दहाड़े.
तिरुवनंतपुरम भी रेस में, रांची का पलड़ा भारी
हालांकि, रेस में सिर्फ रांची अकेला नहीं है. केरल का तिरुवनंतपुरम भी सीएसके के दूसरे होम ग्राउंड की दौड़ में है, खासकर संजू सैमसन के सीएसके में शामिल होने के बाद वहां का दावा भी मजबूत हुआ है. लेकिन रांची के साथ जो ‘इमोशनल अपील’ जुड़ी है, वो किसी और शहर के पास नहीं है. धोनी की लेगेसी और यहां के फैंस का पागलपन रांची को इस रेस में सबसे आगे खड़ा करता है. अब बस इंतजार है फाइनल शेड्यूल का, जो तमिलनाडु चुनाव की तारीखों पर निर्भर करेगा.
ये भी पढ़ें-
आयरलैंड के पॉल स्टर्लिंग ने रचा इतिहास, रोहित शर्मा का सबसे बड़ा रिकॉर्ड तोड़ा
पाकिस्तान की जीत पर आकाश चोपड़ा ने फेरा पानी, PM शहबाज शरीफ को दिखाया आईना, बता दी असली हकीकत
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aditya Kumar Varshney
आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




