मोहम्मद शमी और सिराज ने तोड़ी श्रीलंकाई बल्लेबाजों की कमर, भारत ने दर्ज की 302 रनों से रिकॉर्ड जीत

Mumbai: Indian bowler Mohammed Shami with teammates celebrates the wicket of Sri Lankan batter Dushan Hemantha during the ICC Men's Cricket World Cup 2023 match between India and Sri Lanka, at Wankhede Stadium, in Mumbai, Thursday, Nov. 2, 2023. (PTI Photo/Shashank Parade) (PTI11_02_2023_000309A)
भारत ने वर्ल्ड कप के अपनी लीग मुकाबले में गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में श्रीलंका को 302 रनों से रौंद दिया है. मोहम्मद शमी ने पांच विकेट चटकाए. मोहम्मद सिराज के खाते में 3 विकेट आए.
बल्लेबाजी में शानदार प्रदर्शन के बाद मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज की आंधी में पूरी श्रीलंकाई टीम उड़ गई. 358 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की पूरी टीम 55 रन पर ऑलआउट हो गयी. मोहम्मद शमी ने पांच विकेट अपने नाम किया, जबकि मोहम्मद सिराज ने तीन विकेट चटकाए. पारी की पहली ही गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने भारत को पहली सफलता दिलाई. इससे पहले विराट कोहली, शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर की 80 से अधिक रनों की पारी के दम पर भारत ने श्रीलंकाई गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए 357 का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया था. यह वर्ल्ड कप मे भारत की अब तक की दूसरी सबसे बड़ी जीत है.
टीम इंडिया सेमीफाइनल में
भारत के बल्लेबाजों ने वानखेड़े स्टेडियम की पिच पर ढेरों रन बटोरे. भारत ने श्रीलंका को रौंदकर लगातार सातवीं जीत के साथ सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है. यह रनों के लिहाज से विश्व कप की दूसरी सबसे बड़ी और भारत की विश्व कप इतिहास की सबसे बड़ी जीत है. श्रीलंका का यह स्कोर उसका संयुक्त रूप से तीसरा न्यूनतम और विश्व कप का चौथा न्यूनतम स्कोर है.
मोहम्मद शमी ने चटाकाए 5 विकेट
भारत के 358 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की टीम मोहम्मद शमी (18 रन पर पांच विकेट) के करियर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन और मोहम्मद सिराज (16 रन पर तीन विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 19.4 ओवर में 55 रन पर ढेर हो गई. जसप्रीत बुमराह और रविंद्र जडेजा ने एक-एक विकेट चटकाया. श्रीलंका की ओर कासुन रजिता (14), महीश तीक्षणा (नाबाद 12) और एंजेलो मैथ्यूज (12) ही दोहरे अंक में पहुंच पाए. तीक्षणा और रजिता ने नौवें विकेट के लिए 20 रन जोड़े जो पारी की सबसे बड़ी साझेदारी रही. श्रीलंका के पांच बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल पाए.
एशिया कप के फाइनल में भारत ने श्रीलंका को 50 के स्कोर पर किया था ढेर
श्रीलंका को 17 सितंबर 2023 को एशिया कप के फाइनल में 50 रन पर ढेर करने के 45 दिन बाद भारत इस साल तीसरी बार इस टीम को 100 रन के आंकड़े को भी नहीं छूने दिया. भारत ने इसी साल जनवरी में तिरूवनंतपुरम में भी श्रीलंका को 73 रन पर आउट किया था. इस जीत से भारत सात मैच में सात जीत से 14 अंक के साथ शीर्ष पर पहुंच गया. श्रीलंका के सात मैच से सिर्फ चार अंक हैं और वह सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गया है.
Also Read: Cricket World Cup में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले भारतीय गेंदबाज बनें मोहम्मद शमी
गिल और कोहली ने जोड़ 189 रन
भारत ने इससे पहले शुभमन गिल (92 रन, 92 गेंद, 11 चौके, दो छक्के), विराट कोहली (88 रन, 94 गेंद, 11 चौके) और श्रेयस अय्यर (82 रन, 56 गेंद, छह छक्के, तीन चौके) के अर्धशतक से आठ विकेट पर 357 रन बनाए. गिल और कोहली ने दूसरे विकेट के लिए 189 रन की साझेदारी भी की. श्रीलंका की ओर से दिलशान मदुशंका सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 80 रन देकर करियर में पहली बार पांच विकेट चटकाए.
श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब
लक्ष्य का पीछा करने उतरे श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने तीन रन तक ही चार विकेट गंवा दिए. बुमराह ने मैच की पहली ही गेंद पर पाथुम निसांका (00) को पगबाधा किया जबकि सिराज ने अगले ओवर की पहली गेंद पर दूसरे सलामी बल्लेबाज दिमुथ करूणारत्ने (00) को पगबाधा करने के बाद पांचवीं गेंद पर सदीरा समरविक्रम (00) को स्लिप में अय्यर के हाथों कैच कराया. कप्तान कुसाल मेंडिस (01) ने टीम की ओर से बल्ले से पहला रन बनाया लेकिन सिराज ने अपने अगले ओवर में उन्हें भी बोल्ड कर दिया.
शमी ने चटकाए महत्वपूर्ण विकेट
शमी ने पारी के 10वें ओवर में लगातार गेंदों पर चरिथ असलंका (01) और दुशान हेमंता (00) को आउट करके श्रीलंका का स्कोर छह विकेट पर 14 रन किया. असलंका ने बैकवर्ड प्वाइंट पर जडेजा को कैच थमाया जबकि हेमंता विकेटकीपर लोकेश राहुल को कैच देकर पवेलियन लौटे. शमी ने दुष्मंता चमीरा को भी राहुल के हाथों कैच हराया. वह खाता भी नहीं खोल पाए. शमी ने अपने अगले ओवर में एंजेलो मैथ्यूज (12) को बोल्ड करके श्रीलंका को आठवां झटका दिया. रवींद्र जडेजा ने मदुशंका (05) को अय्यर के हाथों कैच कराके भारत की जीत सुनिश्चित की.
भाषा इनपुट के साथ
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




