IND vs SL ODI: श्रीलंका के खिलाफ क्लीन स्वीप करने उतरेगी टीम इंडिया, गेंदबाजी में बदलाव की उम्मीद

Published by : Agency Updated At : 14 Jan 2023 3:26 PM

विज्ञापन

श्रीलंका के खिलाफ तीसरे एकदिवसीय मुकाबले में भारत क्लीन स्वीप करने के इरादे से मैदान पर उतरेगा. सीरीज पर पहले से ही कब्जे के बाद गेंदबाजी में बदलाव संभव है. रोहित शर्मा टीम के बाकी गेंदबाजों को भी आजमाना चाहेंगे. लेकिन गेंदबाजी लाइनअप में किसी भी बदलाव की संभावना कम ही है.

विज्ञापन

टीम इंडिया की निगाहें रविवार को श्रीलंका के खिलाफ तीसरे और अंतिम वनडे में जीत के साथ सीरीज क्लीन स्वीप करने पर लगी है. कप्तान रोहित शर्मा बल्लेबाजी लाइन-अप में कोई छेड़छाड़ नहीं करना चाहेंगे लेकिन वह गेंदबाजी विकल्पों को आजमाने की कोशिश कर सकते हैं. भारत ने गुवाहाटी में आसान जीत के बाद कोलकाता में शीर्ष क्रम के चरमराने के बाद लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत दर्ज कर सीरीज में अजेय बढ़त बनायी. अब खिलाड़ी दौरे के अंतिम मैच में भी इसी प्रदर्शन को जारी रखना चाहेंगे.

सूर्यकुमार को मिल सकता है मौका

टीम इस मैच के बाद 72 घंटे से भी कम समय में बेहतर प्रतिद्वंद्वी न्यूजीलैंड से भिड़ेगी और श्रीलंका के खिलाफ इस सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप से खिलाड़ी आगामी सीरीज के लिये आत्मविश्वास से भरे होंगे. कार्यभार प्रबंधन के भले ही अपने फायदे हो लेकिन इसकी कुछ खामियां भी हैं जैसे खिलाड़ी को बीच-बीच में आराम देने से वह लय नहीं हासिल कर पाता. हो सकता है यही कारण हो कि भारतीय कप्तान अंतिम मैच में शीर्ष क्रम में ईशान किशन या मध्यक्रम में सूर्यकुमार यादव को नहीं खिलाना चाहें.

हार्दिक पांड्या खेलेंगे

सभी शीर्ष पांच बल्लेबाज गेंदबाजों के मुफीद ग्रीनफील्ड्स स्टेडियम में श्रीलंकाई आक्रमण के खिलाफ और अधिक बल्लेबाजी करना चाहेंगे जिसमें आल राउंडर हार्दिक पंड्या भी शामिल हैं. इसलिए हो सकता है कि गेंदबाजी लाइन-अप में कुछ बदलाव हो. भारत 14 दिन के अंदर ही छह 50 ओवर के मैच (तीन श्रीलंका और इतने ही न्यूजीलैंड के खिलाफ) खेलेगा तो मोहम्मद शमी का कार्यभार निश्चित रूप से भारतीय टीम प्रबंधन के लिये चिंता का मुख्य विषय होगा.

Also Read: एमएस धोनी की जगह वनडे कप्तान बनना चाहते थे विराट कोहली, भारत के पूर्व फील्डिंग कोच का खुलासा
अर्शदीप को भी मिल सकता है मौका

जसप्रीत बुमराह की अनुपस्थिति में उम्मीद है कि शमी बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान भारतीय आक्रमण की जिम्मेदारी संभालें इसलिए उनका कार्यभार को सबसे ज्यादा ध्यान में रखा जायेगा. अगर वह फिट रहेंगे तो उनके इन चार टेस्ट में 125 से 130 ओवर के करीब गेंदबाजी करने की उम्मीद है. बायें हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को विविधता के लिये आजमाया जा सकता है क्योंकि उन्हें भी कुछ ‘गेम टाइम’ की जरूरत है. अगर विकेट अनुकूल रहता है तो अर्शदीप काफी फायदेमंद हो सकते हैं.

कुलदीप यादव बने प्लेयर ऑफ द मैच

कुलदीप यादव फिर से ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बने थे जिन्हें चोटिल युजवेंद्र चहल (कंधे की चोट) की जगह उतारा गया था. यह देखना दिलचस्प होगा कि अगर वह फिट हो जाते हैं तो कप्तान और मुख्य कोच राहुल द्रविड़ क्या करेंगे. अक्षर पटेल न्यूजीलैंड श्रृंखला के दौरान निजी कारणों से ब्रेक लेंगे. अगर टीम इस श्रृखंला से पहले वाशिंगटन सुंदर को आजमाना चाहती है तो तीसरा वनडे आदर्श मंच होगा. बल्लेबाजी विभाग में शुभमन गिल भी अपनी लय जारी रखना चाहेंगे क्योंकि उन्हें पता है कि किशन पारी का आगाज करने के लिये मजबूत दावेदार हैं.

विज्ञापन
Agency

लेखक के बारे में

By Agency

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola