Video: Live Match में दिखा विराट का अलग अंदाज, पहले बजाई ताली फिर दिया धक्का, डेरिल मिचेल भी नहीं रोक पाए हंसी

विराट कोहली और डेरिल मिचेल की मस्ती
Virat Kohli Pushes Daryl Mitchell: इंदौर के होलकर स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच सीरीज का आखिरी मुकाबला खेला गया. इस मैच में कीवी बल्लेबाज डेरिल मिचेल ने भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ जमकर रन बनाए और एक सेंचुरी लगा दी. लेकिन मैच के दौरान क्रिकेट से ज्यादा चर्चा उस पल की हो रही है जब मिचेल आउट होकर पवेलियन लौट रहे थे.
भारत और न्यूजीलैंड (IND vs NZ) के बीच तीसरे वनडे मैच में डेरिल मिचेल (Daryl Mitchell) आउट होकर मैदान से बाहर जा रहे थे उस वक्त बाउंड्री पर खड़े विराट कोहली (Virat Kohli) ने उनके साथ कुछ ऐसा किया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. आइए जानते हैं आखिर उस वक्त हुआ क्या था?
जब मुश्किल में फंसी थी कीवी टीम
टॉस जीतकर टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड टीम को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया. शुरुआत में भारतीय गेंदबाजों का पलड़ा भारी रहा और पहले 2 ओवर में ही न्यूजीलैंड के दोनों ओपनर बल्लेबाज पवेलियन लौट गए. उस वक्त स्कोर बोर्ड पर सिर्फ 5 रन थे. ऐसे मुश्किल समय में डेरिल मिचेल क्रीज पर आए. उन्होंने विल यंग के साथ मिलकर पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिए 53 रनों की साझेदारी की. यंग के आउट होने के बाद ग्लेन फिलिप्स ने मिचेल का साथ दिया और टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया.
मिचेल ने फिर लगाई सेंचुरी
शुरुआती झटकों के बाद अगले 15 ओवर में भारतीय गेंदबाज विकेट के लिए जुझते दिखे. डेरिल मिचेल ने भारतीय बॉलर्स के खिलाफ रन बनाते हुए अपने वनडे करियर की 9वीं सेंचुरी लगाई. इसके साथ ही इस सीरीज का यह उनका लगातार दूसरा शतक था. उन्होंने 106 गेंदों पर अपनी सेंचुरी पूरी की और उसके बाद भी रुकने का नाम नहीं लिया. मिचेल ने तेजी से रन बटोरे और अपना स्कोर 130 के पार पहुंचा दिया. आखिर में 45वें ओवर में अर्शदीप सिंह ने उन्हें आउट किया, लेकिन तब तक वे 131 गेंदों पर 15 चौके और 3 छक्कों की मदद से 137 रन बना चुके थे.
बाउंड्री पर कोहली की मस्ती
जब डेरिल मिचेल आउट होकर पवेलियन लौट रहे थे और बल्ला हवा में लहराकर सबका अभिवादन स्वीकार कर रहे थे. जैसे ही वह बाउंड्री लाइन के पास पहुंचे, वहां विराट कोहली खड़े थे. कोहली ने पहले तो मिचेल की बेहतरीन पारी के लिए दिल खोलकर तालियां बजाईं. लेकिन जैसे ही मिचेल उनके करीब से गुजरे, कोहली ने उन्हें मजाक में हल्का सा धक्का दिया और जल्दी मैदान से बाहर जाने का इशारा किया.
वायरल हुआ मस्ती का वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ दिख रहा है कि विराट कोहली यह सब हंसी-मजाक में कर रहे थे. धक्का देने के बाद विराट और डेरिल मिचेल दोनों ही हंसते हुए नजर आए. मिचेल ने इस सीरीज में भारत को काफी परेशान किया, शायद इसलिए कोहली ने मजाक में उन्हें जल्दी जाने को कहा.
पूरी सीरीज में मिचेल के बल्ले से निकले रन
डेरिल मिचेल इस वनडे सीरीज में टीम इंडिया के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे हैं. वडोदरा में खेले गए पहले मैच में उन्होंने 84 रन बनाए थे. इसके बाद राजकोट वनडे में उन्होंने नाबाद 131 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिलाई थी. अब तीसरे मैच में 137 रन बनाकर उन्होंने अपने करियर की सबसे बड़ी पारी खेल डाली. इस सीरीज में उन्होंने कुल 352 रन बनाए हैं और भारत के खिलाफ यह उनका चौथी सेंचुरी थी.
ये भी पढ़ें-
Daryl Mitchell Century: इंदौर में मिचेल ने लगाई सेंचुरी, भारत के खिलाफ चौथी बार किया यह कारनामा
IND vs NZ: हर्षित राणा vs डेवोन कॉनवे, इस सीरीज में कैसे है आकड़े? कितनी बार हुए आउट, जानें सबकुछ
IND vs NZ 3rd ODI: इंदौर में मिचेल और फिलिप्स की सेंचुरी, भारत को मिला 338 रन का टारगेट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aditya Kumar Varshney
आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




