ePaper

IND vs NZ 3rd ODI: इंदौर में मिचेल और फिलिप्स की सेंचुरी, भारत को मिला 338 रन का टारगेट

Updated at : 18 Jan 2026 6:07 PM (IST)
विज्ञापन
IND vs NZ 3rd ODI Daryl Mitchell Glenn Phillips

मिचेल और फिलिप्स की सेंचुरी, Pic- PTI

IND vs NZ 3rd ODI: इंदौर के होलकर क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को खेले जा रहे निर्णायक वनडे मुकाबले में न्यूजीलैंड ने भारत के सामने जीत के लिए 338 रन का टारगेट रखा है. यह सीरीज अभी 1-1 से बराबरी पर है, भारत ने पहला मैच जीता था तो न्यूजीलैंड ने दूसरा. लेकिन तीसरे मैच में न्यूजीलैंड की ओर से डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने सेंचुरी लगाई.

विज्ञापन

इसलिए आज भारत और न्यूजीलैंड (IND vs NZ) के मैच को जो जीतेगा सीरीज उसी के नाम होगी. टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी कीवी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही थी, लेकिन डेरिल मिचेल (Daryl Mitchell) और ग्लेन फिलिप्स (Glenn Phillips) ने संचुरी लगाकर मैच को पूरी तरह बदल दिया. इन दोनों बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाए और टीम को एक मजबूत स्कोर तक पहुंचाया.

शुरुआत में लगे झटके

मैच की शुरुआत न्यूजीलैंड के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं थी. पारी के पहले ही ओवर की चौथी गेंद पर तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने ओपनर हेनरी निकोल्स को बिना खाता खोले ‘गोल्डन डक’ पर क्लीन बोल्ड कर दिया. अभी टीम इस झटके से संभली भी नहीं थी कि अगले ही ओवर में हर्षित राणा ने डेवोन कॉनवे (5 रन) को चलता कर दिया. कॉनवे ने रोहित शर्मा को स्लिप में आसान कैच थमाया. इसके बाद विल यंग और डेरिल मिचेल ने पारी को संभालने की कोशिश की. दोनों ने मिलकर स्कोर को 47 रन तक पहुंचाया, लेकिन 12वें ओवर में हर्षित राणा ने एक बार फिर कमाल किया और विल यंग (30 रन) को रविंद्र जडेजा के हाथों कैच आउट करवा दिया. 20 ओवर तक न्यूजीलैंड का स्कोर 95 रन पर 3 विकेट था.

मिचेल और फिलिप्स की पारियां

तीन विकेट जल्दी गिरने के बाद ऐसा लगा कि भारतीय गेंदबाज हावी हो जाएंगे, लेकिन फिर मैदान पर डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स का तूफान आया. दोनों ने मिलकर भारतीय गेंदबाजों पर जवाबी हमला बोला. मिचेल ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए सीरीज में एक और फिफ्टी जड़ी. वहीं दूसरी तरफ फिलिप्स ने भी तेजी से रन बटोरे. दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 219 रन की मैराथन साझेदारी हुई, जिसने मैच का रुख पलट दिया.

मैच के रिकॉर्ड्स और सेंचुरी

36वें ओवर में डेरिल मिचेल ने 106 गेंदों में अपना 9वां वनडे शतक पूरा किया. यह इस सीरीज में उनका दूसरा शतक था. इसके कुछ ही देर बाद 42वें ओवर में ग्लेन फिलिप्स ने भी 83 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया. यह वनडे इतिहास में पहली बार हुआ जब भारत के खिलाफ एक ही पारी में न्यूजीलैंड के दो बल्लेबाजों ने शतक लगाए हों. मिचेल ने 137 रन (131 गेंद, 15 चौके, 3 छक्के) बनाए, जबकि फिलिप्स ने 106 रन (88 गेंद, 9 चौके, 3 छक्के) की तूफानी पारी खेली. मिचेल अब भारत में सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने वाले कीवी बल्लेबाजों की लिस्ट में नाथन एस्टल (5 शतक) के बराबर आ गए हैं.

भारतीय गेंदबाजों का संघर्ष

लंबी साझेदारी के बाद 44वें ओवर में अर्शदीप सिंह ने वापसी की और फिलिप्स को आउट करके इस खतरनाक जोड़ी को तोड़ा. इसके अगले ही ओवर में मोहम्मद सिराज ने मिचेल को पवेलियन भेजा. हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी. कुलदीप यादव ने भी एक विकेट लिया. भारत की तरफ से अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा सबसे सफल गेंदबाज रहे, दोनों ने 3-3 विकेट अपने नाम किए, लेकिन रन रोकने में वे नाकाम रहे.

आखिरी ओवर्स का रोमांच

पारी के अंत में न्यूजीलैंड के कप्तान माइकल ब्रेसवेल ने भी हाथ दिखाए. उन्होंने सिर्फ 18 गेंदों में 4 चौकों की मदद से नाबाद 28 रन बनाए. उनकी इस छोटी मगर तेज पारी की बदौलत न्यूजीलैंड ने निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 337 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. अब भारत को यह सीरीज जीतने के लिए निर्धारित 50 ओवर में 338 रन बनाने होंगे. होलकर की पिच बैटिंग के लिए अच्छी मानी जाती है, ऐसे में भारतीय बल्लेबाजों पर बड़ी जिम्मेदारी होगी.

ये भी पढ़ें-

Daryl Mitchell Century: इंदौर में मिचेल ने लगाई सेंचुरी, भारत के खिलाफ चौथी बार किया यह कारनामा

IND vs NZ: हर्षित राणा vs डेवोन कॉनवे, इस सीरीज में कैसे है आकड़े? कितनी बार हुए आउट, जानें सबकुछ

लॉन्ग ऑफ लॉन्ग ऑफ… मैदान पर लौटा T20 World Cup 2024 फाइनल का रोमांच, वैभव के कैच ने बदला मैच

विज्ञापन
Aditya Kumar Varshney

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola