ePaper

नए फार्मूले के साथ सीरीज बराबर करने उतरेगा भारत, चौथे टेस्ट की रणनीति और प्लेइंग XI में होंगे ये बदलाव

Updated at : 22 Jul 2025 1:03 PM (IST)
विज्ञापन
Indian Cricket Team Practice Session.

Indian Cricket Team Practice Session.

IND vs ENG 4th Test Preview: एंडरसन तेंदुलकर ट्रॉफी भारत के लिए निर्णायक मोड़ पर खड़ी है. तीन मैचों में से 2 मुकाबले जीतकर इंग्लैंड भारत के ऊपर बढ़त बनाए हुए है. दोनों टीमों के बीच चौथा टेस्ट मैच 23 जुलाई से मैनचेस्टर में शुूरू हो रहा है. चोट और जीत के जज्बे के बीच झूलती टीम इंडिया इस मैच में कुछ बदलाव कर सकती है.

विज्ञापन

IND vs ENG 4th Test Preview: भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ बुधवार से मैनचेस्टर में शुरू होने वाले चौथे टेस्ट क्रिकेट मैच में सीरीज में वापसी करने की पूरी कोशिश करेगी. पिछले मैच में हार और कुछ प्रमुख खिलाड़ियों के चोटिल हो जाने के बावजूद, ओल्ड ट्रैफर्ड में पहली बार जीत हासिल करने के लिए टीम इंडिया अपनी तरफ से कोई कसर नहीं छोड़ेगी. इस मैच के लिए भारत को अभी तक आजमाए गए अपने फॉर्मूले से हटने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है. लीड्स में पहले टेस्ट के बाद भारत ने अंतिम एकादश में तीन ऑलराउंडरों को शामिल किया था. इनमें नितीश रेड्डी भी शामिल थे, जो घुटने की चोट के कारण अब सीरीज से बाहर हो गए हैं.

रवींद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर जैसे दो स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर की मौजूदगी में भारत के पास आठवें नंबर तक बल्लेबाजी करने की गुंजाइश थी, लेकिन मैनचेस्टर में ऐसा शायद न हो. मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले गए 9 टेस्ट मैचों में भारतीय टीम आज तक जीत हासिल नहीं कर पाई है. भारत ने यहां अभी तक जो नौ मैच खेले हैं उनमें से चार में उसे पराजय का सामना करना पड़ा जबकि बाकी पांच मैच ड्रॉ रहे. इंग्लैंड वर्तमान सीरीज में अभी 2-1 से आगे चल रहा है और अगर भारत को पांच मैच की इस सीरीज को जीवंत बनाए रखना है तो उसे यहां हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी.

रेड्डी की जगह शार्दुल को मौका

चौथे टेस्ट मैच में सीरीज का पहला मुकाबला खेलने वाले शार्दुल ठाकुर को रेड्डी की जगह अंतिम एकादश में शामिल किया जा सकता है, लेकिन उनका बल्लेबाजी में उतना अच्छा प्रदर्शन नहीं रहा है. अगर उन्हें टीम में लिया जाता है तो उन्हें गेंदबाजी में भी अपना प्रदर्शन बेहतर करना होगा क्योंकि रेड्डी ने लॉर्ड्स में तीसरे टेस्ट में महत्वपूर्ण अवसरों पर विकेट लिए थे. भारत लीड्स के संयोजन को फिर से आजमा सकता है, जहां उसके पास जडेजा के रूप में केवल एक स्पिनर था और छठे नंबर तक विशेषज्ञ बल्लेबाज थे, जिसमें करुण नायर और साई सुदर्शन दोनों अंतिम एकादश में थे.

कंबोज या कृष्णा में से एक को मौका

इसके अलावा नए तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज और प्रसिद्ध कृष्णा भी अंतिम एकादश में जगह बनाने के दावेदार हैं. अगर आकाश दीप कमर की चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाते हैं, तो इनमें से कोई भी उनकी जगह ले सकता है. आकाश दीप की तरह, कंबोज भी अच्छी सीम मूवमेंट पैदा कर सकते हैं. वह भारत ए के इंग्लैंड दौरे का भी हिस्सा थे और इस तरह से यहां की परिस्थितियों से कुछ हद तक वाकिफ हैं. वहीं तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज का अंतिम एकादश में जगह बनाना तय है.

बल्लेबाजी में गिल को फिर से देना होगा जोर

लॉर्ड्स में सीरीज में पहली बार भारतीय बल्लेबाज नहीं चल पाए थे और अगर भारत को सीरीज में वापसी करनी है, तो कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई वाली बल्लेबाजी लाइन-अप को फिर से अच्छा प्रदर्शन करना होगा. गिल तीसरे टेस्ट मैच में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए थे, लेकिन इसके बावजूद सीरीज में उनके नाम पर 600 से अधिक रन दर्ज हैं. गिल ने भले ही सीरीज में भारत की तरफ से सर्वाधिक रन बनाए हैं लेकिन वह के एल राहुल हैं जो अधिक विश्वसनीय बल्लेबाज नजर आए. भारत को फिर से उनसे ठोस प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी.

जायसवाल, पंत और जडेजा पर जिम्मेदारी जारी रहेगी

भारत के लिए केएल का बड़ा स्कोर काफी मायने रखता है. वहीं जोफ्रा आर्चर ने टेस्ट क्रिकेट में अपनी सफल वापसी में यशस्वी जायसवाल को दो बार आउट किया और यह बाएं हाथ का बल्लेबाज इंग्लैंड के तेज गेंदबाज की अतिरिक्त गति से निपटने के लिए बेहतर तरीके से तैयार होगा.  मैच से पहले भारत के अभ्यास सत्र को देखकर लगता है कि ऋषभ पंत अपनी उंगली की चोट से पूरी तरह उबर चुके हैं और हमेशा की तरह अपनी दोहरी जिम्मेदारी निभाएंगे. इसके साथ ही अगर नायर को एक और मौका मिलता है, तो वह अपनी अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने के लिए बेताब होंगे. लगातार चार अर्धशतक लगाने वाले जडेजा मध्यक्रम को मजबूती दे रहे हैं लेकिन उन्हें गेंदबाजी में भी बेहतर प्रदर्शन करना होगा.

मैनचेस्टर का रिकॉर्ड दुरुस्त करने का भी मौका

इंग्लैंड के अन्य स्थानों की तुलना में भारत को मैनचेस्टर में कम खेलने का मौका मिला है. उसने यहां अपना आखिरी टेस्ट मैच 2014 में खेला था. इस मैदान पर भारत की तरफ से आखिरी शतक सचिन तेंदुलकर ने 1990 में लगाया था. भारत की निगाह जहां सीरीज बराबर करने पर टिकी हैं वहीं इंग्लैंड अजेय बढ़त हासिल करने की कोशिश करेगा.

इंग्लिश प्लेइंग XI में एक बदलाव हुआ

जैसा कि आमतौर पर होता है, बेन स्टोक्स ने मैच से पहले अपनी अंतिम एकादश चुनी और उनकी टीम में एकमात्र बदलाव चोटिल शोएब बशीर की जगह लियाम डॉसन को शामिल करना है. बाएं हाथ के इस स्पिनर ने इंग्लैंड के लिए अपना आखिरी मैच जुलाई 2017 में खेला था. यानी उन्हें भी 8 साल बाद खेलने का मौका मिलेगा, तो वे भी अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए बेताब होंगे. 

मौसम की मेहरबानी या बरसेगा पानी?

वहीं मैनचेस्टर के मौसम की बात करें, तो यहां पिछले एक सप्ताह से लगातार बारिश हो रही है और मैच के पांचों दिन हल्की वर्षा होने का अनुमान है. इससे तेज गेंदबाजों को फायदा मिल सकता है. ऐसे में टीम इंडिया की पेस लाइन अप मजबूती से उतरने की ही योजना होगी. 

चौथे टेस्ट के लिए दोनों टीमें इस प्रकार हैं

भारत: शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (उपकप्तान और विकेटकीपर), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, अभिमन्यु ईश्वरन, करुण नायर, रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, कुलदीप यादव, अंशुल कंबोज.

इंग्लैंड की टीम: जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप (उप-कप्तान), जो रूट, हैरी ब्रुक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जेमी स्मिथ (विकेट कीपर), लियाम डॉसन, क्रिस वोक्स, ब्रायडन कार्स, जोफ्रा आर्चर.

मैच भारतीय समयानुसार 3.30 बजे शुरू होगा, टॉस 3 बजे होगा. 

इन्हें भी पढ़ें:-

100 टेस्ट मैच खेलने वाला क्रिकेटर, जिसे हार ने इतना तोड़ा कि ट्रेन से कटकर जान दे दी

IPL 2025 में रोहित शर्मा इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर क्यों खेले? किसका था ये फैसला; MI के कर्ण शर्मा ने खोला राज

रवि शास्त्री की भविष्यवाणी; सालों तक भारत का आलराउंडर बना रह सकता है यह खिलाड़ी

विज्ञापन
Anant Narayan Shukla

लेखक के बारे में

By Anant Narayan Shukla

इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola