IND vs ENG 1st Test: भारत ने इंग्लैंड पर ली 175 रनों की बढ़त, रवींद्र जडेजा शतक के करीब

Hyderabad: India's batter Ravindra Jadeja celebrates his half century during the second day of the first test cricket match between India and England, at Rajiv Gandhi International Stadium in Hyderabad, Friday, Jan. 26, 2024. (PTI Photo/Shailendra Bhojak)(PTI01_26_2024_000459A)
भारत और इंग्लैंड के बीच हैदराबाद में चल रहे पहले टेस्ट के दूसरे दिन भारत ने इंग्लैंड पर 175 रनों की बढ़त बना ली है. भारत ने दूसरे दिन सात विकेट खोकर 421 रन बनाए. भारत की ओर से यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल और रवींद्र जडेजा ने अर्धशतक जड़े.

भारत ने केएल राहुल (86 रन) और ऑल राउंडर रवींद्र जडेजा (नाबाद 81) के अर्धशतकों से शुक्रवार को इंग्लैंड के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन स्टंप तक पहली पारी में सात विकेट पर 421 रन बनाकर 175 रन की बढ़त हासिल कर ली.

दिन का खेल समाप्त होने तक जडेजा 81 और अक्षर पटेल 35 रन बनाकर खेल रहे हैं. सुबह एक विकेट पर 119 रन से खेलने उतरी भारतीय टीम ने तीनों सत्र में दो-दो विकेट गंवाए. इंग्लैंड के लिए टॉम हार्टले और जो रूट ने दो-दो विकेट हासिल किए.

इंग्लैंड की पहली पारी पहले दिन 246 रन पर सिमट गयी थी. पहले ही दिन भारतीय स्पिनरों ने इंग्लैंड के बैजबॉल की धज्जियां उड़ाते हुए उसे 246 पर समेट दिया. आर अश्विन और जडेजा ने तीन-तीन विकेट हासिल किए.

तेज गेंदबाज में केवल जसप्रीत बुमराह को सफलता मिली और उन्होंने दो विकेट अपने नाम किए. अक्षर पटेल को भी दो विकेट मिले. मोहम्मद सिराज कोई खास कमाल नहीं दिखा पाए और महंगे भी साबित हुए. उन्हें केवल 4 ओवर गेंदबाजी मिली.

बढ़त के बावजूद भारतीय टीम इस बात से निराश होगी कि क्रीज पर टिकने के बावजूद उसका कोई भी बल्लेबाज शतक नहीं जड़ सका. राहुल ने 123 गेंद की पारी के दौरान बेहतरीन ‘टाइमिंग’ दिखायी और अपने शॉट का चयन सतर्कता से किया. ऐसा लग रहा है कि इस महीने के शुरू में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन में शतक से उनका आत्मविश्वास काफी बढ़ गया है.

राहुल ने जिस तरह रेहान अहमद की लेग स्पिन का सामना किया, वह शानदार रहा जिसमें उन्होंने चार गेंद के अंदर दो छक्के जड़ दिये. राहुल ने पहला छक्का ‘साइटस्क्रीन’ के ऊपर जड़ा और फिर दूसरा मिड विकेट के ऊपर जमाया. इस बल्लेबाज ने मुश्किल होती पिच के असर को नकारने के लिए बिलकुल सही तकनीक दिखाकर दबदबा बनाया.

लेकिन इस खिलाड़ी की सारी मेहनत तब बेकार हो गयी जब बायें हाथ के स्पिनर टॉम हार्टले की ‘हाफ ट्रैकर’ को पुल करने के प्रयास में वह डीप मिडविकेट पर खड़े एकमात्र क्षेत्ररक्षक अहमद को कैच दे बैठे. इससे वह 50वें टेस्ट में शतक जड़ने की उपलब्धि हासिल करने का मौका भी चूक गये.

लेकिन जडेजा की सही समय पर जोखिम लेकर रन जुटाने की काबिलियत से टीम ने रन जोड़ना जारी रखा. ऐसा लग रहा था कि श्रेयस अय्यर (35 रन) ने 63 गेंद की पारी के दौरान बड़ी मुश्किलों का सामना किया, विशेषकर तेज गेंदबाज मार्क वुड के खिलाफ जिन्होंने अपनी शॉर्ट पिच गेंदों से उन्हें परेशान किया.

पिच धीमी थी लेकिन फायदा उठाने के लिए इस पर काफी स्पिन मौजूद थी. कामचलाऊ जो रूट के अलावा तीन स्पिनर भारतीय बल्लेबाजों को रन जोड़ने से रोकने में सफल नहीं हो सके. भारत के लिए दिन की शुरुआत अच्छी नहीं रही. दिन के पहले ओवर में ही टीम ने सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (80 रन) का विकेट गंवा दिया.
Also Read: IND vs ENG: बुमराह ने उखाड़ दिए बेन स्टोक्स के स्टंप, देखकर मुस्कुरा उठे कप्तान, रिएक्शन का वीडियो वायरलप्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




