संजू सैमसन या जसप्रीत बुमराह किसे मिलेगा इनाम? ICC अवार्ड के दोनों नॉमिनेट

संजू सैमसन और जसप्रीत बुमराह, Pic- Social Media/X
ICC Player of the Month: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले संजू सैमसन और जसप्रीत बुमराह को आईसीसी ने मार्च महीने के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी अवार्ड के लिए नॉमिनेट किया है. उनके साथ साउथ अफ्रीका के युवा बल्लेबाज कोनोर एस्टरहुइजेन भी इस अवार्ड की रेस में शामिल हैं.
Highlights
ICC Player of the Month: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने मार्च 2026 के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मंथ’ अवार्ड के नॉमिनेशन की घोषणा कर दी है. इस लिस्ट में भारत के दो खिलाड़ी और साउथ अफ्रीका का एक नया चेहरा शामिल है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया को चैंपियन बनाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को इस सम्मान के लिए चुना गया है. इनके साथ साउथ अफ्रीका के युवा क्रिकेटर कोनोर एस्टरहुइजेन भी इस अवार्ड की रेस में हैं.
संजू सैमसन का धमाकेदार प्रदर्शन
संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप में कमाल का खेल दिखाया. उन्हें टूर्नामेंट के शुरुआती मैचों में खेलने का मौका नहीं मिला था. लेकिन टीम में वापसी करते ही उन्होंने अपना दम दिखाया. वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर 8 के एक करो या मरो वाले मैच में संजू ने नाबाद 97 रन बनाए. इसके बाद सेमीफाइनल में इंग्लैंड और फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने 89-89 रन की शानदार पारियां खेलीं.
उन्हें इस वर्ल्ड कप में ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का अवार्ड भी मिला. मार्च के महीने में खेले गए तीन टी20 मुकाबलों में संजू ने 137.50 की औसत और 199.27 के स्ट्राइक रेट से 275 रन बनाए. इन बेहतरीन पारियों के कारण वह आईसीसी टी20 बैटिंग रैंकिंग में टॉप 20 के अंदर आ गए हैं.
जसप्रीत बुमराह की धारदार गेंदबाजी
टीम इंडिया के सबसे भरोसेमंद तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का नाम भी इस लिस्ट में शामिल है. वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबलों में उनका प्रदर्शन बहुत ही शानदार रहा. वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच में उन्होंने 2 विकेट लिए, जिसमे फॉर्म में चल रहे शिमरोन हेटमायर का बड़ा विकेट था.
इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में जहां विरोधी टीम 253 रन का पीछा कर रही थी और बाकी गेंदबाज महंगे साबित हो रहे थे, बुमराह ने 4 ओवर में सिर्फ 33 रन देकर 1 विकेट लिया. उन्होंने 16वें और 18वें ओवर में सिर्फ आठ और छह रन दिए. फाइनल मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ तो उन्होंने 4 ओवर में मात्र 15 रन देकर 4 विकेट चटकाए. उन्हें फाइनल का ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया.
कोनोर एस्टरहुइजेन ने किया प्रभावित
भारत के इन दो दिग्गजों के अलावा साउथ अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज कोनोर एस्टरहुइजेन को भी नॉमिनेट किया गया है. एसए20 लीग में अच्छे खेल के बाद उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में डेब्यू करने का मौका मिला. एस्टरहुइजेन ने 5 मैचों में 50 की औसत और 145.98 के स्ट्राइक रेट से कुल 200 रन बनाए. पहले मैच में नाबाद 45 रन बनाने के बाद, चौथे मैच में उन्होंने 33 गेंदों पर 57 रन बनाए. इसके बाद पांचवें मैच में 33 गेंदों पर 75 रन की तेज पारी खेलकर अपनी टीम को सीरीज 3-2 से जिता दी. इन दोनों ही मैचों में उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का अवार्ड मिला.
अवार्ड की रेस में कौन है आगे?
मार्च के महीने में इन तीनों ही क्रिकेटरों ने अपने शानदार खेल से पूरी दुनिया को अपना फैन बनाया है. संजू सैमसन ने अहम मौकों पर बल्ले से रन बनाए, तो बुमराह ने अपनी सटीक गेंदबाजी से विरोधी टीमों को हारने पर मजबूर किया. दूसरी तरफ साउथ अफ्रीका के एस्टरहुइजेन ने भी खुद को एक मैच विनर साबित किया है. आईसीसी जल्द ही विजेता के नाम का ऐलान करेगी.
ये भी पढ़ें-
Video: RCB के इस खिलाड़ी ने मारा ऐसा छक्का की स्टेडियम के पार गई गेंद
संजू सैमसन का फ्लॉप शो जारी, उठे सवाल, कोच फ्लेमिंग और डुप्लेसी ने ऐसे किया बचाव
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aditya Kumar Varshney
आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




