ePaper

Ajit Pawar Death: अजित पवार का विमान क्रैश, सचिन से लेकर युसुफ पठान तक खेल जगत में शोक की लहर

Updated at : 28 Jan 2026 4:46 PM (IST)
विज्ञापन
Ajit Pawar Death: Sachin Tendulkar Reaction

सचिन तेंदुलकर और अजित पवार

Ajit Pawar Death: महाराष्ट्र की राजनीति और खेल जगत के लिए आज का दिन बेहद दुखद साबित हुआ. महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार अब हमारे बीच नहीं रहे. उनका विमान हादसे का शिकार हो गया और इस दुर्घटना में उनके साथ सवार सभी 5 लोगों की मौत हो गई. खेल जगत के दिग्गजों ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है. महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, अजिंक्य रहाणे और युसुफ पठान जैसे खिलाड़ियों ने सोशल मीडिया पर अपनी संवेदनाएं जाहिर की हैं.

विज्ञापन

Ajit Pawar Death: यह दर्दनाक हादसा उस वक्त हुआ जब अजित पवार (Ajit Pawar) आगामी जिला परिषद चुनाव के सिलसिले में एक चुनावी सभा को संबोधित करने के लिए बारामती जा रहे थे. उनका निजी विमान VT-SSK सुबह 8 बजकर 45 मिनट पर बारामती एयरपोर्ट पर उतरने वाला था. एयरपोर्ट पर लैंडिंग की प्रक्रिया के दौरान ही विमान संतुलन खो बैठा और क्रैश हो गया. यह घटना इतनी अचानक हुई कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला. स्थानीय प्रशासन और DGCA ने तुरंत मौके पर पहुंच कर हालात का जायजा लिया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.

सचिन तेंदुलकर ने कहा- समर्पित नेता खो दिया

अजित पवार के निधन की खबर सुनते ही पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भावुक पोस्ट शेयर किया. सचिन ने लिखा कि महाराष्ट्र ने आज अपना एक सच्चा और समर्पित नेता खो दिया है. उन्होंने कहा कि अजित पवार ने हमेशा पूरे राज्य की भलाई के लिए काम किया और उनका जाना एक बड़ी क्षति है. सचिन ने आगे लिखा कि इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं. अंत में उन्होंने ‘ओम शांति’ लिखकर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की. सचिन का यह संदेश बताता है कि खेल जगत में भी अजित पवार का कितना सम्मान था.

अजिंक्य रहाणे को लगा गहरा सदमा

घरेलू क्रिकेट में मुंबई और महाराष्ट्र का प्रतिनिधित्व करने वाले भारतीय टीम के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे भी इस खबर से बेहद आहत नजर आए. रहाणे ने सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए लिखा कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार दादा के दुखद निधन से वे काफी दुखी हैं. उन्होंने अजित पवार को ‘दादा’ कहकर संबोधित किया, जो उनके प्रति सम्मान और अपनापन दर्शाता है. रहाणे ने लिखा कि मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं. एक स्थानीय खिलाड़ी होने के नाते रहाणे अजित पवार के कार्यों और उनके प्रभाव को भली-भांति समझते थे.

युसुफ पठान ने बताया असामयिक निधन

भारतीय टीम के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज युसुफ पठान ने भी इस विमान हादसे पर गहरा दुख जताया है. युसुफ पठान ने ट्वीट करते हुए इसे एक असामयिक निधन बताया. उन्होंने लिखा कि महाराष्ट्र के माननीय उपमुख्यमंत्री श्री अजित पवार के दुखद विमान दुर्घटना में निधन से उन्हें गहरा दुख हुआ है. युसुफ ने अजित पवार को एक समर्पित नेता बताया जिन्होंने पूरी लगन और ईमानदारी से राज्य की सेवा की. उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि सार्वजनिक सेवा और राज्य के विकास में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा. दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवार, समर्थकों और राज्य के लोगों के साथ हैं. दिवंगत आत्मा को शांति मिले.

पायलट और क्रू समेत 5 लोगों की गई जान

DGCA और स्थानीय अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इस विमान हादसे में कोई भी जीवित नहीं बचा. विमान में डिप्टी सीएम अजित पवार के अलावा उनके दो करीबी सहयोगी और दो क्रू मेंबर्स सवार थे. कुल मिलाकर 5 लोगों ने इस हादसे में अपनी जान गंवा दी. विमान का रजिस्ट्रेशन नंबर VT-SSK था, जो अक्सर उनकी यात्राओं के लिए इस्तेमाल किया जाता था. इस खबर ने उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं को गहरे सदमे में डाल दिया है. बारामती में जिस सभा का आयोजन होना था, वहां अब सन्नाटा पसरा है और हर कोई अपनी नम आंखों से अपने नेता को याद कर रहा है.

विज्ञापन
Aditya Kumar Varshney

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola