ePaper

#indvseng : भारत की घातक गेंदबाजी, बेयरस्टा ने इंग्लैंड को शुरुआती झटकों से निकाला

Updated at : 26 Nov 2016 5:19 PM (IST)
विज्ञापन
#indvseng : भारत की घातक गेंदबाजी, बेयरस्टा ने इंग्लैंड को शुरुआती झटकों से निकाला

मोहाली : भारत की उम्दा गेंदबाजी के बावजूद जानी बेयरस्टा ने 89 रन की पारी खेलकर इंग्लैंड को शुरुआती झटकों से निकालते हुए तीसरे क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन सम्मानजनक स्कोर की ओर पहुंचाया. बल्लेबाजों के लिये कठिन धीमी पिच पर भारतीय गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन किया. इंग्लैंड के लिये बेयरस्टा ने पांचवें विकेट की […]

विज्ञापन

मोहाली : भारत की उम्दा गेंदबाजी के बावजूद जानी बेयरस्टा ने 89 रन की पारी खेलकर इंग्लैंड को शुरुआती झटकों से निकालते हुए तीसरे क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन सम्मानजनक स्कोर की ओर पहुंचाया. बल्लेबाजों के लिये कठिन धीमी पिच पर भारतीय गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन किया. इंग्लैंड के लिये बेयरस्टा ने पांचवें विकेट की साझेदारी में बेन स्टोक्स के साथ 57 रन जोड़े जबकि छठे विकेट के लिये जोस बटलर (43) के साथ 69 रन की साझेदारी की.

बेयरस्टा ने 177 गेंद की अपनी पारी में छह चौके लगाये लेकिन शतक पूरा करने से 11 रन से चूक गए. जयंत यादव ने उन्हें पगबाधा आउट किया. यादव ने 15 ओवर में 49 रन देकर दो विकेट लिये. उमेश यादव ने 16 ओवर में 58 रन देकर दो विकेट चटकाये. उन्होंने सलामी बल्लेबाज हसीब हमीद (9) और क्रिस वोक्स (25) को पवेलियन भेजा.

आर अश्विन और मोहम्मद शमी ने भी एक एक विकेट लिया जबकि रविंद्र जडेजा को दो विकेट मिले. पिछले एक साल में इंग्लैंड के लिये सर्वाधिक रन बनाने वाले बेयरस्टा ने संभलकर खेलते हुए टेस्ट क्रिकेट में 13वां अर्धशतक पूरा किया. पहले सत्र में शुरुआती चार विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाजों को दूसरे सत्र में सिर्फ बेन स्टोक्स (29) का विकेट मिला. रविंद्र जडेजा ने उन्हें पवेलियन भेजा. दूसरे सत्र में इंग्लैंड ने 113 रन जोड़े और सिर्फ एक विकेट गिरा. स्टोक्स के साथ 57 रन की साझेदारी ने इंग्लैंड को संकट से निकाला. स्टोक्स को जडेजा ने आउट किया जो उनकी शार्ट गेंद पर चूके और पार्थिव पटेल ने स्टम्पिंग करके उन्हें पवेलियन भेजा.

इस विकेट के बाद विराट कोहली और स्टोक्स में बहस हुई लेकिन अंपायर मराइस इरास्मस ने दखल देकर शांत किया. आखिरी सत्र में इंग्लैंड ने 28 ओवर में सिर्फ 63 रन बनाये और उसके तीन विकेट गिर गए. उमेश के विकेट को छोड़कर बाकी सभी बल्लेबाजों के खराब शाट्स के नतीजे रहे. इससे पहले अपने गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन और इंग्लैंड के बल्लेबाजों के गैर जिम्मेदाराना शाट्स की मदद से भारत ने इंग्लैंड के चार विकेट 92 रन पर निकाल दिये.

भारत ने इंग्लैंड के कप्तान एलेस्टेयर कुक (27), हसीब हमीद (नौ), जो रुट (15) और मोईन अली (16) को लंच से पहले पवेलियन भेज दिया था. बल्लेबाजी के लिये कठिन पिच पर हमीद अच्छी गेंदबाजी का शिकार हुए जबकि कुक और रुट ने गैर जिम्मेदाराना शाट खेलकर विकेट गंवाये.

हमीद ने आत्मविश्वास के साथ शुरुआत की और पहली 30 गेंद तक कोई जोखिम नहीं लिया. उमेश के फेंके दसवें ओवर की आखिरी गेंद पर वह चूके और अजिंक्य रहाणे को गली में आसान कैच थमा बैठे. कुक ने 27 रन की पारी में छह चौके लगाये. शमी की गेंद पर उन्हें तीसरी स्लिप में रविंद्र जडेजा ने जीवनदान भी दिया जब उनका स्कोर तीन रन था.

इसके बाद 23 के स्कोर पर उन्हें फिर जीवनदान मिला जब शमी की गेंद पर अश्विन ने मिडविकेट पर उनका कैच छोडा. जयंत यादव ने अपनी सातवीं गेंद पर रुट को पगबाधा आउट किया. उस समय स्कोर दो विकेट पर 51 रन था. अश्विन की गेंद पर कट शाट खेलने के प्रयास में कुक ने विकेट के पीछे पार्थिव पटेल को कैच दे दिया.

मोईन और बेयरस्टा (नाबाद 20) ने 36 रन जोड़े. मोईन ने जयंत को लगातार चौका और छक्का लगाया. कोहली की चतुर कप्तानी से मोईन का विकेट भारत को मिला. शार्ट गेंद पर मोईन की कमजोरी को भांपते हुए कोहली ने फाइन लेग सीमा पर एक ही खिलाड़ी मुरली विजय को लगाया. शमी ने शार्टपिच गेंद डाली और हुक शाट खेलने के प्रयास में मोईन ने विजय को कैच थमा दिया.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola