ePaper

‘दिलस्कूप'' के जनक दिलशान को जीत से विदाई देने उतरेगा श्रीलंका

Updated at : 05 Sep 2016 7:03 PM (IST)
विज्ञापन
‘दिलस्कूप'' के जनक दिलशान को जीत से विदाई देने उतरेगा श्रीलंका

पल्लेकल : एकदिवसीय श्रृंखला में करारी हार झेलने के बावजूद श्रीलंका कल से यहां ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरू होने वाली दो ट्वेंटी20 मैचों की श्रृंखला में अपने दिग्गज खिलाड़ी तिलकरत्ने दिलशान को जीत के साथ विदाई देने के लिये उतरेगा जिन्होंने क्रिकेट के खेल को ‘दिलस्कूप’ शाट दिया. श्रीलंका ने टेस्ट श्रृंखला में 3-0 से […]

विज्ञापन

पल्लेकल : एकदिवसीय श्रृंखला में करारी हार झेलने के बावजूद श्रीलंका कल से यहां ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरू होने वाली दो ट्वेंटी20 मैचों की श्रृंखला में अपने दिग्गज खिलाड़ी तिलकरत्ने दिलशान को जीत के साथ विदाई देने के लिये उतरेगा जिन्होंने क्रिकेट के खेल को ‘दिलस्कूप’ शाट दिया.

श्रीलंका ने टेस्ट श्रृंखला में 3-0 से क्लीन स्वीप किया लेकिन सीमित ओवरों के प्रारुप में उसका संघर्ष जारी है. उसे ऑस्ट्रेलिया ने पांच मैचों की वनडे श्रृंखला में 4-1 से हराया. अब इन दोनों टीमों के बीच दो टी20 मैच खेले जाएंगे. इनमें से पहला मैच कल यहां खेला जाएगा जबकि दूसरा मैच नौ सितंबर को कोलंबो में होगा.

दिलशान इस श्रृंखला के बाद संन्यास की घोषणा कर चुके हैं और क्रिकेट प्रेमियों को आखिरी बार उन्हें अंतरराष्ट्रीय मैच में खेलते हुए देखने का मौका मिलेगा. यदि उनका भाग्य रहा तो उन्हें इस बल्लेबाज के बल्ले से ‘दिलस्कूप’ भी देखने को मिल जाएगा जिसमें गेंद को घुटना मोड़कर विकेटकीपर के सिर के उपर से फ्लिक किया जाता है. वनडे श्रृंखला के दौरान दिलशान को ऑस्ट्रेलिया की कसी हुई गेंदबाजी के कारण यह शाट खेलने का मौका नहीं मिला लेकिन इस शाट के कारण उन्होंने क्रिकेट इतिहास में अपने लिये खास जगह बना ली है.

पिछले सप्ताह अपना आखिरी वनडे खेलने के बाद दिलशान ने दिलस्कूप की कहानी को भी बयां किया था. उन्होंने कहा था, ‘‘पहली बार मैंने दक्षिण अफ्रीका में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दिलस्कूप खेलने की कोशिश की थी क्योंकि मैं जानता था कि विकेटकीपर के पीछे कोई क्षेत्ररक्षक नहीं होता है.’

दिलशान ने कहा था, ‘‘मैंने इसका अभ्यास किया और फिर 2009 विश्व कप में शेन वाटसन के खिलाफ यह शाट खेला और वह छक्का चला गया. इससे मेरा मनोबल बढ़ा. मुझे खुशी है कि एक शाट मेरे नाम से रखा गया है. ‘ श्रीलंका के कप्तान एंजेलो मैथ्यूज चोटिल होने के कारण टी20 श्रृंखला में हिस्सा नहीं ले पाएंगे लेकिन कार्यवाहक कप्तान दिनेश चंदीमल ने कहा कि उनकी टीम वनडे श्रृंखला की हार को भुलाकर मजबूत वापसी करेगी. उन्होंने कहा, ‘‘हम उन गलतियों से सीखेंगे और शानदार वापसी करेंगे.’

ऑस्ट्रेलिया को हराना हालांकि उसके लिये आसान नहीं होगा जिसके खिलाड़ी वनडे श्रृंखला में जीत से उत्साह से भरे हैं. डेविड वार्नर की अगुवाई वाली टीम जीत की अपनी लय बरकरार रखने के लिये कोई कसर नहीं छोड़ेगी. ऑस्ट्रेलियाई टीम के कुछ खिलाड़ी चोटिल हैं जिनमें आरोन फिंच, क्रिस लिन, शान मार्श और नाथन लियोन शामिल हैं. इसके बावजूद उसकी टीम काफी मजबूत है. विकेटकीपर बल्लेबाज मैथ्यू वेड और वनडे में शानदार प्रदर्शन करने वाले जार्ज बेली को टी20 टीम में भी रखा गया है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola