कल आईपीएल फाइनल में पहुंचने के लिए सनराइजर्स और लायंस की जंग

-मैच रात आठ बजे शुरू होगा- नयी दिल्ली : अपने पहले सत्र में ही खिताब पर निगाह रखने वाले गुजरात लायंस को अपनी उम्मीदों को अमली जामा पहनाने से पहले आईपीएल नौ के दूसरे क्वालीफायर में कल यहां सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाजों से पार पाना होगा. सुरेश रैना की अगुवाई वाली लायंस की टीम […]
-मैच रात आठ बजे शुरू होगा-
लायंस के लिए काम अब भी आसान नहीं है क्योंकि अब उसका मुकाबला एक ऐसी टीम से होगा जिससे वह लीग चरण में दोनों मैच हार गयी थी. दोनों अवसरों पर सनराइजर्स के खिलाफ लायन्स अपने स्कोर का बचाव करने में नाकाम रहे थे. आशीष नेहरा के घुटने के आपरेशन के लिये इंग्लैंड चले जाने के कारण सनराइजर्स की गेंदबाजी की धार थोडी कुंद पडी है लेकिन भुवनेश्वर कुमार और बांग्लादेश की सनसनी मुस्तफिजुर रहमान ने बहुत अच्छी गेंदबाजी की है. इन दोनों ने कल एलिमिनेटर में कोलकाता नाइटराइडर्स पर 22 रन की जीत में अहम भूमिका निभायी थी. इस मैच में कप्तान डेविड वार्नर ने भुवनेश्वर और मुस्तफिजुर को अपने तुरुप के इक्कों की तरह उपयोग किया और उन्होंने केकेआर के बल्लेबाजों पर अच्छी तरह से दबाव भी बनाया. फिरोजशाह कोटला के विकेट से तेज गेंदबाजों को कुछ मदद मिल रही है लेकिन टूर्नामेंट आगे बढने के साथ यह थोडा धीमा पड गया है. जिस तरह से लायन्स के तेज गेंदबाज धवल कुलकर्णी ने पहले क्वालीफायर में रायल चैलेंजर्स बेंगलूर के खिलाफ गेंदबाजी की उससे लगता है कि बल्लेबाजों को फिर से यहां मुश्किल दौर से गुजरना पडेगा.
स्मिथ की पारियां अभी तक लायन्स के लिये महत्वपूर्ण साबित हुई है और लायन्स चाहेगा कि वेस्टइंडीज का यह आलराउंडर अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखे. आरोन फिंच एक अन्य बल्लेबाज हैं जो अपने दम पर पूरे मैच का नक्शा बदल सकते हैं. जहां तक सनराइजर्स की बात है तो युवराज अपनी पुरानी लय में लौट आये हैं जो कि निश्चित तौर पर उसके लिये अच्छी खबर है. शीर्ष पांच बल्लेबाजों में शिखर धवन भी हैं जो अच्छी फार्म में हैं लेकिन उनकी बल्लेबाजी वार्नर पर काफी निर्भर है और बायें हाथ के इस बल्लेबाज को फिर से टीम को बेहतर शुरुआत देनी होगी. लेकिन यह निश्चित तौर पर सनराइजर्स के तेज गेंदबाजों और लायन्स के बल्लेबाजों के बीच जंग होगी। जो भी टीम फाइनल में पहुंचेगी यह तय है कि आईपीएल को इस बार एक नया चैंपियन मिलेगा क्योंकि इससे पहले विजेता रही कोई भी टीम अब खिताब की दौड में नहीं बची है.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




