ePaper

IPL : शिखर धवन का बल्ला चला, सनराइजर्स ने गुजरात लायंस को 5 विकेट से हराया

Updated at : 06 May 2016 5:32 PM (IST)
विज्ञापन
IPL : शिखर धवन का बल्ला चला, सनराइजर्स ने गुजरात लायंस को 5 विकेट से हराया

हैदराबाद : मुस्तफिजुर रहमान और भुवनेश्वर कुमार की धारदार गेंदबाजी के बाद शिखर धवन की जुझारु पारी से सनराइजर्स हैदराबाद ने इंडियन प्रीमियर लीग मैच में आज यहां गुजरात लायंस को कम स्कोर वाले मैच में पांच विकेट से हरा दिया. सनराइजर्स ने मुस्तफिजुर (17 रन पर दो विकेट) और भुवनेश्वर (28 रन पर दो […]

विज्ञापन

हैदराबाद : मुस्तफिजुर रहमान और भुवनेश्वर कुमार की धारदार गेंदबाजी के बाद शिखर धवन की जुझारु पारी से सनराइजर्स हैदराबाद ने इंडियन प्रीमियर लीग मैच में आज यहां गुजरात लायंस को कम स्कोर वाले मैच में पांच विकेट से हरा दिया.

सनराइजर्स ने मुस्तफिजुर (17 रन पर दो विकेट) और भुवनेश्वर (28 रन पर दो विकेट) की उम्दा गेंदबाजी से लायंस को छह विकेट पर 126 रन के स्कोर पर रोकने के बाद धवन (नाबाद 47) की पारी की मदद से 19 ओवर में पांच विकेट पर 129 रन बनाकर जीत दर्ज की. धवन ने 40 गेंद की अपनी पारी में छह चौके मारे.

लायंस की ओर से धवल कुलकर्णी ने 17 रन देकर दो विकेट जबकि ड्वेन ब्रावो ने 14 रन देकर दो विकेट चटकाए लेकिन टीम को लगातार तीसरी हार से नहीं बचा पाए. इससे पहले सनराइजर्स की तरफ से आशीष नेहरा (चार ओवर में 23 रन) ने किफायती गेंदबाजी करके लायंस को दबाव में रखा जबकि बरिंदर सरन (21 रन पर एक विकेट) और मोइजेस हेनरिक्स (24 रन पर एक विकेट) ने भी एक एक विकेट चटकाया. आरोन फिंच ने 30 रन के निजी स्कोर पर मिले जीवनदान का फायदा उठाते हुए 42 गेंद में तीन चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 51 रन की पारी खेलकर लायंस को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया.

सनराइजर्स ने 21 अप्रैल को राजकोट में लायंस के खिलाफ हुआ पहले चरण का मैच भी 10 विकेट से जीता था. टीम के आठ मैचों में पांच जीत से 10 अंक हो गए हैं जबकि लगातार तीसरी हार के बाद लायंस के 10 मैचों में छह जीत से 12 अंक हैं.

लक्ष्य का पीछा करने उतरे सनराइजर्स को वार्नर (17 गेंद में 24 रन) ने तेज शुरुआत दिलाई. वार्नर ने प्रवीण कुमार के पहले ओवर में चौका जड़ने के बाद प्रदीप सांगवान के अगले ओवर में दो छक्के मारे लेकिन कुलकर्णी की गेंद पर प्रवीण को कैच दे बैठे.

केन विलियमसन (06) ने कुलकर्णी पर चौके के साथ खाता खोला लेकिन प्रवीण की गेंद पर ड्वेन स्मिथ को कैच देकर पवेलियन लौट गए. सनराइजर्स के 50 रन नौवें ओवर में पूरे हुए. मोइजेस हेनरिक्स भी 16 गेंद में 14 रन बनाने के बाद ब्रावो की गेंद पर विकेटकीपर दिनेश कार्तिक को कैच दे बैठे.
धवन ने हालांकि एक छोर संभाले रखा. उन्होंने चाइनामैन गेंदबाज शिविल कौशिक पर चौके जडने के बाद सांगवान पर भी लगातार दो चौके मारे. आईपीएल नौ में पहला मैच खेल रहे युवराज सिंह 14 गेंद में पांच रन बनाने के बाद कुलकर्णी की गेंद पर सांगवान को कैच दे बैठे जिससे सनराइजर्स का स्कोर चार विकेट पर 81 रन हो गया.
सनराइजर्स को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 36 रन की दरकार थी. धवन ने कुलकर्णी जबकि दीपक हुड्डा (18) ने कौशिक पर चौका मारा. ब्रावो ने हुड्डा को कार्तिक के हाथों कैच कराके लायंस की उम्मीद जगाई. नमन ओझा (नाबाद नौ) ने 19वें ओवर में प्रवीण पर चौका जड़ा जबकि धवन ने अंतिम दो गेंदों पर चौके के साथ टीम को जीत दिला दी.
इससे पहले फिंच के अलावा लायंस के अन्य बल्लेबाज टिककर नहीं खेल पाए. कप्तान सुरेश रैना (20), अपना 100वां आईपीएल और 300वां टी20 मैच खेल रहे ब्रावो (18) और जडेजा (18) अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रहे. टीम अंतिम सात ओवर में 48 रन ही जुटा सकी.
वार्नर ने टास जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद लायंस ने 14वीं गेंद पर खाता खोला जो आईपीएल के इतिहास में सबसे धीमी शुरुआत है. भुवनेश्वर ने पहला जबकि नेहरा ने दूसरा ओवर मेडन फेंका.
ड्वेन स्मिथ (01) ने भुवनेश्वर के पारी के तीसरे ओवर की दूसरी गेंद पर एक रन के साथ टीम के रनों का खाता खोला लेकिन ओवर की चौथी गेंद पर शार्ट थर्ड मैन पर मुस्तफिजुर को कैच दे बैठे. टीम का स्कोर तीन ओवर में एक विकेट पर तीन रन था.
कप्तान रैना ने रन गति बढ़ाने की कोशिश की. उन्होंने नेहरा पर छक्के बाद भुवनेश्वर की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका मारा लेकिन इसी तेज गेंदबाज को वापस कैच देकर पवेलियन लौट गए. मुस्तफिजुर की पहली ही गेंद पर शिखर धवन ने ब्रैंडन मैकुलम का आसान कैच टपकाया. इसी ओवर में हालांकि केन विलियमसन ने दिनेश कार्तिक (00) का बैकवर्ड प्वाइंट पर शानदार कैच लपका. टीम ने पावर प्ले में तीन विकेट पर 26 रन बनाए जो उसका पावरप्ले में सबसे कम स्कोर है.
हेनरिक्स ने मैकुलम को लांग आफ पर कप्तान वार्नर के हाथों कैच कराके लायंस का स्कोर चार विकेट पर 34 रन किया. मैकुलम ने 19 गेंद का सामना करते हुए सात रन बनाए. फिंच ने हेनरिक्स पर चौके के साथ 10वें ओवर में टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंचाया. विकेटों के पतझड के बीच फिंच और ब्रावो ने स्ट्राइक रोटेट करने को तरजीह दी लेकिन खराब गेंदों को बाउंड्री के दर्शन भी कराए.
स्थानापन्न खिलाडी विजय शंकर ने सरन की गेंद पर डीप मिडविकेट पर ब्रावो का शानदार कैच लपककर फिंच के साथ उनकी 45 रन की साझेदारी का अंत किया. वार्नर ने इसके बाद हेनरिक्स की गेंद पर लांग आफ पर फिंच का आसान कैच टपकाया.
जडेजा (18) ने नेहरा की गेंद पर एक रन के साथ 18वें ओवर में टीम के रनों का सैकड़ा पूरा किया. जडेजा ने हेनरिक्स और नेहरा पर चौके मारे. मुस्तफिजुर ने जडेजा को भुवनेश्वर के हाथों कैच कराया. फिंच ने इस तेज गेंदबाज पर छक्का जड़ा और फिर भुवनेश्वर की पारी की अंतिम गेंद पर दो रन के साथ 42 गेंद में अर्धशतक पूरा किया.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola