ePaper

वेस्टइंडीज दौरे के लिये चयन शुक्रवार को : नजरें धौनी के भविष्य और कोहली की उपलब्धता पर

Updated at : 18 Jul 2019 1:36 PM (IST)
विज्ञापन
वेस्टइंडीज दौरे के लिये चयन शुक्रवार को : नजरें धौनी के भविष्य और कोहली की उपलब्धता पर

मुंबई : अगले महीने होने वाले वेस्टइंडीज दौरे के लिये एमएसके प्रसाद की अध्यक्षता वाली राष्ट्रीय चयन समिति शुक्रवार को भारतीय क्रिकेट टीम का चयन करेगी तो नजरें विराट कोहली की उपलब्धता और महेंद्र सिंह धौनी के भविष्य पर टिकी होंगी. अड़तीस बरस के धौनी अब बल्ले से ‘मैच फिनिशर’ की भूमिका नहीं निभा पा […]

विज्ञापन

मुंबई : अगले महीने होने वाले वेस्टइंडीज दौरे के लिये एमएसके प्रसाद की अध्यक्षता वाली राष्ट्रीय चयन समिति शुक्रवार को भारतीय क्रिकेट टीम का चयन करेगी तो नजरें विराट कोहली की उपलब्धता और महेंद्र सिंह धौनी के भविष्य पर टिकी होंगी. अड़तीस बरस के धौनी अब बल्ले से ‘मैच फिनिशर’ की भूमिका नहीं निभा पा रहे हैं. उन्होंने अभी तक अपने संन्यास के बारे में कुछ नहीं कहा है लेकिन इसको लेकर अटकलों का बाजार गर्म है.

भारत को तीन अगस्त से शुरू हो रहे वेस्टइंडीज दौरे पर टी-20, वनडे और दो टेस्ट खेलने हैं. अगले साल ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 विश्व कप को ध्यान में रखकर चयनकर्ता युवा ऋषभ पंत को मौका दे सकते हैं जिन्हें धौनी का वारिस माना जा रहा है. धौनी को पिछले साल अक्तूबर में वेस्टइंडीज और आस्ट्रेलिया में टी-20 श्रृंखला के लिये नहीं चुना गया था.

ऐसी पूरी संभावना है कि वह इस बार भी बाहर रहें. पंत को विश्व कप में चोटिल शिखर धवन की जगह बुलाया गया था जिसमें भारत सेमीफाइनल में बाहर हो गया. एक और मसला कोहली की उपलब्धता का होगा जो लंबे समय से खेल रहे हैं. कइयों का मानना है कि आगे लंबे घरेलू सत्र को देखते हुए कोहली को आराम दिया जाना चाहिये और ऐसे में रोहित शर्मा छोटे प्रारूप में कप्तानी कर सकते हैं. दोनों टेस्ट चूंकि आईसीसी टेस्ट चैम्पियनशिप का हिस्सा हैं तो कोहली टेस्ट टीम में रहेंगे. तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के बारे में भी यही फैसला लिया जा सकता है.

चयन समिति मध्यक्रम के संयोजन पर भी बात करेगी जो विश्व कप सेमीफाइनल से भारत के बाहर होने का अहम कारण रहा. चौथे नंबर को पक्का करना बेहतर जरूरी है. समझा जाता है कि मध्यक्रम को लेकर सबसे ज्यादा माथापच्ची होगी. चयनकर्ताओं के पास कर्नाटक के मयंक अग्रवाल और मनीष पांडे और मुंबई के श्रेयस अय्यर के रूप में विकल्प हैं जो घरेलू सर्किट पर लगातार अच्छा खेल रहे हैं. पांडे ने वेस्टइंडीज ए के खिलाफ भारत ए के लिये 100 रन बनाये थे. अंबाती रायुडू के रिटायर होने और विजय शंकर के नाकाम रहने से उनके लिये दरवाजे खुल सकते हैं. चयनकर्ता युवा शुभमान गिल और पृथ्वी साव के नाम पर भी विचार कर सकते हैं हालांकि साव कूल्हे की चोट से जूझ रहे हैं.

दिनेश कार्तिक और केदार जाधव के नाम पर विचार की संभावना नहीं है जो विश्व कप में नाकाम रहे. केएल राहुल, हार्दिक पंड्या, कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल का चयन तय है. नये चेहरों में राहुल चाहर और नवदीप सैनी के अलावा खलील अहमद, दीपक चाहर और आवेश खान पर भी विचार किया जा सकता है. टी-20 मैच तीन से छह अगस्त तक खेले जायेंगे जबकि वनडे आठ से 14 अगस्त और टेस्ट 22 अगस्त से तीन सितंबर तक खेले जाने हैं.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola