ePaper

#INDvWI : सधी गेंदबाजी और मजबूत क्षेत्ररक्षण से भारत ने वेस्टइंडीज को 189 रन पर रोका WI 189/9 (50.0 Ovs)

Updated at : 02 Jul 2017 1:36 PM (IST)
विज्ञापन
#INDvWI : सधी गेंदबाजी और मजबूत क्षेत्ररक्षण से भारत ने वेस्टइंडीज को 189 रन पर रोका  WI 189/9 (50.0 Ovs)

नार्थ साउंड : तेज गेंदबाज उमेश यादव की अगुआई में गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन की बदौलत भारत ने चौथे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में आज यहां वेस्टइंडीज को नौ विकेट पर 189 रन के स्कोर पर रोक दिया. पिछले दो मैच गंवाकर श्रृंखला में 0-2 से पिछड़ रही वेस्टइंडीज की टीम करो या मरो के […]

विज्ञापन

नार्थ साउंड : तेज गेंदबाज उमेश यादव की अगुआई में गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन की बदौलत भारत ने चौथे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में आज यहां वेस्टइंडीज को नौ विकेट पर 189 रन के स्कोर पर रोक दिया. पिछले दो मैच गंवाकर श्रृंखला में 0-2 से पिछड़ रही वेस्टइंडीज की टीम करो या मरो के इस मुकाबले में उमेश (36 रन पर तीन विकेट), हार्दिक पंड्या (40 रन पर तीन विकेट), और कुलदीप यादव (31 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने कभी सहज स्थिति में नजर नहीं आयी.

मेजबान टीम का कोई बल्लेबाज टिककर नहीं खेल पाया. टीम की ओर से सलामी बल्लेबाजों एविन लुईस और काइल होप ने सर्वाधिक 35-35 रन बनाये जबकि शाई होप (25) और रोस्टन चेज (24) भी अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रहे.

वेस्टइंडीज के कप्तान जेसन होल्डर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया जिसके बाद काइल और लुईस ने टीम को धीमी लेकिन ठोस शुरुआत दिलायी. विश्व कप 2015 के बाद पहला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे मोहम्मद शमी (बिना विकेट के 33 रन) और उमेश की धारदार गेंदबाजी के सामने दोनों ने पहले 10 ओवर में 31 रन जोड़े. इस दौरान शमी ने दो जबकि उमेश ने एक ओवर मेडन फेंका.

पहले 10 ओवर में सिर्फ दो चौके लगे जबकि लुईस ने उमेश पर एक छक्का भी मारा. वर्ष 2015 के बाद 40 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में यह सिर्फ तीसरा मौका है जब वेस्टइंडीज ने पहले 10 ओवर में कोई विकेट नहीं गंवाया. होप ने रविंद्र जडेजा के लगातार ओवरों में चौके मारे. उन्होंने पंड्या पर भी चौका जड़ा लेकिन अगली गेंद पर स्वीपर कवर में केदार जाधव को कैच दे बैठे.

लुईस ने जडेजा पर जारी का दूसरा छक्का जड़ा. विराट कोहली ने इसके बाद गेंद कुलदीप को थमाई और बायें हाथ के इस चाइनामैन गेंदबाज ने लुईस को कप्तान के हाथों कैच करा दिया. वेस्टइंडीज के रनों का शतक 27वें ओवर में पूरा हुआ. कुलदीप ने पिछले मैच की तरह इस बार भी रोस्टन चेज को बोल्ड किया. जेसन मोहम्मद ने कुलदीप पर चौका जडा लेकिन पंड्या ने शाई होप को विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी के हाथों कैच कराके वेस्टइंडीज को चौथा झटका दिया.

कप्तान जेसन होल्डर भी 10 गेंद में 11 रन बनाने के बाद उमेश की गेंद पर धोनी को कैच दे बैठे जिससे वेस्टइंडीज का स्कोर पांच विकेट पर 154 रन हो गया. उमेश ने रोवमैन पावेल (02) को जडेजा के हाथों कैच कराया जबकि जेसन मोहम्मद (20) अगले ओवर में पंड्या की गेंद पर तेज प्रहार करने की कोशिश में बैकवर्ड प्वाइंट पर जडेजा को ही कैच थमा बैठे.

एश्ले नर्स (04) और देवेंद्र बिशू (15) ने कुछ समय विकेट पर बिताया लेकिन तेजी से रन बनाने में नाकाम रहे. उमेश ने नर्स को अपनी ही गेंद पर लपककर इस साझेदारी को तोड़ा. बिशू इसके बाद जडेजा से सटीक निशाने का शिकार बने. वेस्टइंडीज की टीम अंतिम 10 ओवर में सिर्फ 35 रन ही जोड़ सकी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola