क्या अभिषेक शर्मा को लग गई थी पार्टियों और गर्लफ्रेंड की लत? युवराज सिंह ने ऐसे बचाया उनका करियर
युवराज सिंह और अभिषेक शर्मा (फोटो—एक्स)
एक समय था जब अभिषेक शर्मा अपनी जीवनशैली को लेकर विवादों में थे. देर रात पार्टियां और गर्लफ्रेंड से मिलने की आदतें उनके करियर के लिए खतरा बन रही थीं. ऐसे में पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह ने मेंटर बनकर उन्हें सही राह दिखाई.
Yograj Singh on Abhishek Sharma: भारतीय क्रिकेट में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से पहचान बनाने वाले अभिषेक शर्मा के करियर में एक दौर ऐसा भी आया था, जब उनकी जीवनशैली को लेकर सवाल उठने लगे थे. देर रात तक पार्टियां करना और गर्लफ्रेंड से मिलने के लिए अजीब समय पर बाहर जाना उनके अनुशासन को प्रभावित कर रहा था. ऐसे समय में पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह ने उनकी जिंदगी में मेंटर की भूमिका निभाई और उन्हें सख्त अनुशासन में रखा. यह किस्सा अभिषेक के कोच और युवराज के पिता योगराज सिंह ने एक इंटरव्यू में साझा किया था.
अभिषेक की लाइफस्टाइल से परेशान थे पिता
योगराज सिंह के मुताबिक, अभिषेक शर्मा का एक समय जीवनशैली को लेकर अनुशासन बिगड़ गया था. देर रात तक पार्टियों और गर्लफ्रेंड से मिलने जैसी आदतों ने उन्हें परेशान किया था. अभिषेक के पिता के लिए उन्हें संभालना मुश्किल हो रहा था. ऐसे में उन्होंने युवराज सिंह की मदद ली.
योगराज ने बताया था कि युवराज ने अभिषेक को अपने संरक्षण में लिया और उनकी दिनचर्या पर कड़ी नजर रखनी शुरू कर दी थी. युवराज ने फोन पर अभिषेक से सख्त लहजे में बात की और उन्हें रात में समय पर सोने के लिए कहा था.
युवराज ने कहा- रात 9 बजे सो जाओ
योगराज सिंह ने बताया था कि युवराज ने अभिषेक को फोन कर पूछा था कि वह कहां हैं. इसके बाद उन्होंने उन्हें रात में बाहर रहने के बजाय घर जाकर सोने की हिदायत दी थी. युवराज ने अभिषेक के पिता से भी सुबह जल्दी उन्हें जगाने के लिए कहा था. योगराज के अनुसार, युवराज ने अभिषेक को अनुशासन में लाने के लिए बिल्कुल उसी तरह की सख्ती दिखाई, जैसी एक सीनियर खिलाड़ी अपने जूनियर के साथ कर सकता था.
शुभमन गिल के साथ भी अपनाया था यही तरीका
योगराज सिंह ने यह भी बताया था कि युवराज सिंह ने शुभमन गिल के साथ भी कुछ इसी तरह काम किया था. अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल दोनों पंजाब से आते थे और दोनों ने 2018 में भारत की अंडर-19 विश्व कप टीम का हिस्सा बनकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था.
Also Read: गॉल में जीत के बाद जडेजा को याद आया 9 साल पुराना पल, बोले- अभी भी खुद को भाग्यशाली मानता हूं
युवराज को दोनों खिलाड़ियों की चिंता रहती थी
अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल के साथ युवराज सिंह का रिश्ता सिर्फ एक कोच और खिलाड़ी का नहीं रहा था. दोनों खिलाड़ियों ने कई मौकों पर अपने करियर में युवराज के योगदान को स्वीकार किया था और उन्हें अपना मेंटर माना था. योगराज सिंह ने 'Curly Tales' को दिए एक इंटरव्यू में बताया था कि जब अभिषेक और शुभमन बल्लेबाजी करते थे तो उन्हें टीवी पर दोनों को देखने में घबराहट होती थी. उन्होंने कहा था कि दोनों के खेलने के दौरान वह काफी नर्वस हो जाते थे.
शुभमन भारतीय टीम के अहम खिलाड़ी
शुभमन गिल भारतीय क्रिकेट में अपनी जगह मजबूत कर चुके है. अभी वह तीनों फॉर्मेट में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे है और टेस्ट तथा वनडे टीम की कप्तानी भी संभाल रहे है. वहीं, अभिषेक शर्मा ने भी भारतीय टी20 टीम में अपनी जगह पक्की कर ली है. जुलाई 2025 में जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने के बाद उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी से अपनी अलग पहचान बनाई है. वह भारत के लिए 56 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुके है, जिसमें उनके नाम दो शतक और 11 अर्धशतक दर्ज है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अभिजीत कुमार
अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए