Jharkhand Breaking News LIVE:बीएयू में बोले डॉ एसके पाल, सुगंधित चावल व मोटे अनाज के निर्यात की काफी संभावनाएं
Jharkhand Breaking News Live Updates: सीएम हेमंत सोरेन सोमवार को चतरा के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खतियानी जोहार यात्रा में शामिल होंगे. इस दौरान अपने कार्यकाल की उपलब्धियों को गिनाएंगे. झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…
बीएयू में बोले डॉ एसके पाल, झारखंड से सुगंधित चावल व मोटे अनाज के निर्यात की काफी संभावनाएं
रांची. भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की संस्था कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) द्वारा बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के सहयोग से सोमवार को किसान उत्पादक संगठनों/ कंपनियों और प्रगतिशील किसानों के लिए निर्यात आधारित क्षमता निर्माण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. बीएयू के कृषि संकाय के अधिष्ठाता डॉ एसके पाल ने कहा कि झारखंड से सुगंधित चावल, मोटे अनाज एवं उनके प्रसंस्कृत उत्पाद, सब्जी, फल, फूल तथा गैर कास्ट वन उपज के निर्यात की काफी संभावनाएं हैं. इसके लिए कृषि निर्यात से जुड़ी सभी संस्थाओं को बेहतर समन्वय और तालमेल के साथ काम करते हुए किसानों को आवश्यक प्रक्रियाओं के बारे में जागरूक करना होगा तथा जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करानी होगी.
उपग्रह निर्माण पर कार्यशाला की मेजबानी कर रहा बीआईटी
रांची : बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान एआईसीटीई आइडिया लैब के सहयोग से 13-17 फरवरी के दौरान उपग्रह निर्माण पर एक कार्यशाला की मेजबानी कर रहा है. यह उपग्रहों के परिचय, क्यूबसैट/कैनसैट डिजाइन, परिनियोजन पर ध्यान केंद्रित करेगा और सत्र, प्रोटोटाइप परीक्षण आदि पर व्यावहारिक रूप से इसका पालन किया जाएगा. इसकी शुरुआत आज सोमवार को संक्षिप्त उद्घाटन सत्र के साथ हुई. पूर्व इसरो वैज्ञानिक बीए सुब्रमणि और प्रो आरआर एलंगोवन. एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग के प्रोफेसर, केसीजी कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी और डॉ एपीजे अब्दुल कलाम के सहयोगी. स्वागत भाषण अंतरिक्ष इंजीनियरिंग और रॉकेटरी के प्रभारी और विभागाध्यक्ष डॉ प्रियांक कुमार ने दिया. प्रोफेसर सुदीप दास, डॉ एस एस सोलंकी, डीन डॉ भास्कर कर्ण ने उद्घाटन सत्र के अंत में मुख्य अतिथियों का अभिनंदन किया. डॉ चंद्रेय सरकार, ईसीई विभाग के डॉ रूपेश के सिन्हा और डॉ जी के मिश्रा और ईईई विभाग के डॉ आफताब आलम ने गतिविधियों का समन्वय किया और सत्र के दौरान उपस्थित थे.
पीएलएफआई के नाम पर रंगदारी मांगने के दोषी को तीन साल की सजा
सिमडेगा: एसडीजेएम मंजीत कुमार साहू की अदालत ने पीएलएफआई के नाम पर रंगदारी मांगने के दोषी को तीन साल कारावास की सजा सुनाई तथा पांच हजार रुपये जुर्माना लगाया. 11 अक्तूबर 2020 को जलडेगा प्रखंड निवासी गिरधारी सिंह अपने दो साथियों के साथ बाइक पर जलडेगा गांगुटोली स्थित मोहित नाग की दुकान पर पहुंचा और कहा कि पीएलएफआई श्यामुल ने उसे भेजा है. उसने मोहित नाग से दस हजार रुपये व मोबाइल की मांग की. इसी दौरान गांव वाले वहां पर इकट्ठा हो गये और आरोपियों को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया था.
चक्रधरपुर में आग से झुलसी महिला रांची रेफर
बंदगांव- चक्रधरपुर में आग से झुलसी महिला पराई बांकिरा (पति स्व तुरी बांकिरा) आग तापने के दौरान आग आग से झुलस गयी. ग्रामीणों की सूचना पर पीपुल्स वेलफेयर एसोसिएशन के सचिव डॉ विजय सिंह गागराई ने ऑटो रिजर्व कर महिला को अनुमंडल हॉस्पिटल चक्रधरपुर में भर्ती करवाया, जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया है.
डीएसपीएमयू में करियर काउंसेलिंग, विद्यार्थियों से बोले वीसी-अनुशासन ही बनाता है सफल
रांची : विद्यार्थियों को अपने करियर का चयन करते समय अपनी जरूरतों के अनुसार अपनी प्राथमिकताओं को निर्धारित करना चाहिए. डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय में एनएसएस द्वारा आयोजित करियर काउंसेलिंग कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति डॉ तपन कुमार शांडिल्य ने कही. उन्होंने कहा कि आज भी चाणक्य की कही बातें प्रासंगिक हैं. अनुशासन जीवन को सरल और सफल बनाता है. आलस्य सफलता का दुश्मन है. मुख्य वक्ता करियर काउंसलर राजीव गुप्ता ने काफी रोचक तरीके से स्लाइड प्रेजेंटेशन के माध्यम से करियर और व्यक्तित्व के विभिन्न पहलुओं की चर्चा की. उन्होंने विद्यार्थियों को थ्री डी यानी डिटरमिनेशन, डेडीकेशन और डिलीवर की महत्ता बतायी. कार्यक्रम अधिकारी डॉ अभय कृष्ण सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया. मंच संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ शमा सोनाली और धन्यवाद ज्ञापन डॉ विनय भरत ने किया. इस अवसर पर कुलसचिव डॉ नमिता सिंह, डीएसडब्ल्यू डॉ एसएम अब्बास, डॉ शुचि, संतोष बरवार और अन्य शिक्षक और विद्यार्थियों की मौजूदगी रही. यह जानकारी पीआरओ प्रो राजेश कुमार सिंह ने दी.
केंद्रीय विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर व्याख्यान का आयोजन
रांची: केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 एवं राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रूपरेखा पर व्याख्यान का आयोजन किया गया. मुख्य अतिथि भुवनेश्वर के क्षेत्रीय शिक्षा संस्थान के प्रधानाचार्य प्रोफेसर पीसी अग्रवाल ने अपने वक्तव्य में कहा कि शिक्षक, शिक्षा के विकास एवं अनुसंधान के क्षेत्र में एनसीआरटी, नई दिल्ली ने अपनी अहम भूमिका निभाई है. एनसीआरटी ने अपनी स्थापना के बाद से ही लगातार विद्यालय शिक्षा को लेकर पुस्तक, पाठ्यचर्या एवं दिशानिर्देश निर्माण के साथ-साथ विभिन्न राज्यों की शिक्षा के तहत कार्यरत एससीईआरटी, डायट, बीआरसी, सीआरसी के माध्यम से राष्ट्रीय शिक्षा के अभियानों को समाज के निचले स्तर तक पहुंचाने का काम किया है. विश्वविद्यालय के कुलपति क्षितिभूषण दास ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के क्रियान्वयन में राष्ट्रीय पाठ्यचर्या का विशेष महत्व है. कार्यक्रम के वक्ता डॉ कलिंगा केतकी ने शिक्षक शिक्षा की गुणवत्ता को केंद्र में रखने पर जोर दिया. इस कार्यक्रम में विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ शशि सिंह, आचार्य डॉ तपन कुमार बसंतिया, सह आचार्य डॉ विमल किशोर, सहायक आचार्य डॉ विजय कुमार यादव, डॉ मानवी, डॉ मनोहर दास, डॉ शिल्पी राज, मिस एंजेल, सुमन्ता, डॉ रामकृष्णा रेड्डी एवं समस्त विद्यार्थी उपस्थित रहे. यह जानकारी पीआरओ नरेंद्र कुमार ने दी.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए