झारखंड के पूर्व मंत्री व बेरमो विधायक राजेंद्र प्रसाद सिंह का निधन, राहुल गांधी व सीएम हेमंत सोरेन ने जताया शोक

Published by :Panchayatnama
Published at :24 May 2020 9:14 PM (IST)
विज्ञापन
झारखंड के पूर्व मंत्री व बेरमो विधायक राजेंद्र प्रसाद सिंह का निधन, राहुल गांधी व सीएम हेमंत सोरेन ने जताया शोक

रांची : झारखंड के पूर्व मंत्री और बेरमो विधायक राजेंद्र प्रसाद सिंह का दिल्ली में आज निधन हो गया. पिछले कुछ दिनों से वह गंभीर रूप से बीमार चल रहे थे. उनके फेफड़े में संक्रमण की शिकायत थी. रांची में उनकी हालत गंभीर होने के बाद उन्हें एयर एंबुलेंस से पिछले दिनों दिल्ली ले जाया गया था. कांग्रेस नेता राहुल गांधी और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर उनके निधन पर शोक प्रकट किया है.

विज्ञापन

रांची : झारखंड के पूर्व मंत्री और बेरमो विधायक राजेंद्र प्रसाद सिंह का दिल्ली में आज निधन हो गया. पिछले कुछ दिनों से वह गंभीर रूप से बीमार चल रहे थे. उनके फेफड़े में संक्रमण की शिकायत थी. रांची में उनकी हालत गंभीर होने के बाद उन्हें एयर एंबुलेंस से पिछले दिनों दिल्ली ले जाया गया था. कांग्रेस नेता राहुल गांधी और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर उनके निधन पर शोक प्रकट किया है.

राहुल गांधी ने निधन पर जताया शोक

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा है कि झारखंड के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह जी के निधन की खबर सुनकर दुःख हुआ. दुःख की इस घड़ी में मेरी शोक संवेदनाएं उनके परिवार और प्रियजनों के साथ हैं.


सीएम ने भी किया शोक प्रकट

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर कहा है कि बेरमो से विधायक एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आदरणीय राजेन्द्र सिंह जी के निधन की खबर सुनकर मन आहत है. आज झारखण्ड ने एक कर्मठ नेता और सच्चा सेवक खो दिया. परमात्मा उनकी आत्मा को शांति प्रदान कर परिवारजनों को इस दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति प्रदान करे.


झारखण्ड के पूर्व मंत्री राजेन्द्र सिंह के निधन पर नीतीश कुमार ने गहरी शोक-संवेदना व्यक्त की

मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने झारखण्ड के पूर्व मंत्री राजेन्द्र सिंह के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है. मुख्यमंत्री ने अपने शोक-संदेश में कहा है कि राजेन्द्र सिंह एक कुशल राजनेता थे वे संयुक्त बिहार-झारखण्ड में भी मंत्री रह चुके थे. श्रमिक नेता के तौर पर उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही. उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है. मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर-शान्ति तथा उनके परिजनों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है.

बिहार के पूर्व मंत्री राजेन्द्र प्रसाद के निधन पर राज्यपाल ने व्यक्त किया शोक

राज्यपाल फागू चौहान ने बिहार के पूर्व मंत्री राजेन्द्र प्रसाद सिंह के निधन पर अपनी गहरी शोक-संवेदना व्यक्त की है़ राज्यपाल चौहान ने कहा है कि दिवंगत राजेन्द्र प्रसाद के निधन से बिहार एवं झारखंड के राजनीतिक जगत को अपूरणीय क्षति हुई है़ राज्यपाल ने दिवंगत नेता की आत्मा को चिरशांति एवं उनके परिजनों-प्रशंसकों को धैर्य-धारण की क्षमता प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है.

एयर एंबुलेंस से ले जाये गये थे दिल्ली

झारखंड के वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेंद्र प्रसाद सिंह की तबीयत ज्यादा खराब होने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए 2 मई को रांची से एयर एंबुलेंस से दिल्ली ले जाया गया था. इससे पहले रांची के बरियातू स्थित मां रामप्यारी अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया गया था. चिकित्सकों के मुताबिक उनके फेफड़े में इंफेक्शन था. हालत खराब होने के बाद उन्हें दिल्ली ले जाया गया था.

दिल्ली जाने से पूर्व रांची में सीएम ने की थी मुलाकात

झारखंड के पूर्व मंत्री व बेरमो से कांग्रेस विधायक राजेंद्र प्रसाद सिंह से रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी मां राम प्यारी हॉस्पिटल में जाकर मुलाकात की थी और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी. इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए एयर एंबुलेंस से दिल्ली ले जाया गया था.

इंटक के राष्ट्रीय महामंत्री व छठी बार विधायक

राजेंद्र प्रसाद सिंह इंटक के राष्ट्रीय महामंत्री और छह बार बेरमो विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गये थे. वे कोल सेक्टर में बडे़ नेता के रुप में जाने जाते थे. बिहार में दो बार मंत्री के अलावा झारखंड में 2014 में हेमंत सोरेन की सरकार में ऊर्जा, स्वास्थ्य, वित्त और संसदीय कार्य मंत्री रह चुके थे.

तीन साल पहले हुआ था ब्रेन स्ट्रोक

तीन साल पहले दिल्ली में इंटक के राष्ट्रीय अधिवेशन में इन्हें ब्रेन स्ट्रोक हुआ था. उस वक्त कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी मंच पर मौजूद थे. ब्रेन स्ट्रोक के बाद स्वस्थ होकर श्री सिंह बेरमो लौटे थे. राजेंद्र प्रसाद सिंह इस बार के विधानसभा चुनाव में छठी बार बेरमो के विधायक बने थे. पिछले छह बार से इंटक के राष्ट्रीय महामंत्री के अलावा इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष, राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ के अध्यक्ष व इंडियन नेशनल माइन वर्कर्स फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद को सुशोभित कर रहे थे.

विज्ञापन
Panchayatnama

लेखक के बारे में

By Panchayatnama

Panchayatnama is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola