IND vs AUS T20: जोश इंग्लिस ने 47 गेंद पर जड़ दिया शतक, ग्लेन मैक्सवेल के रिकॉर्ड की बराबरी की

Visakhapatnam: Australia's Josh Inglis celebrates his century with Marcus Stoinis during the first T20 International cricket match of a T20I series between India and Australia, at the Dr. Y. S. Rajashekar Reddy ACAVDCA International Cricket Stadium, in Visakhapatnam, Thursday, Nov. 23, 2023. (PTI Photo/Shahbaz Khan) (PTI11_23_2023_000266B)
जोश इंगलिस ने भारत के खिलाफ पहले टी20 मैच में सबसे तेज शतक जड़ दिया है. वह ऑस्ट्रेलिया के लिए संयुक्त रूप से सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. इससे पहले 47 गेंद में शतक जड़ने का रिकॉर्ड ग्लेन मैक्सवेल के नाम था.

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आईसीसी विश्व कप 2023 का फाइनल खेलने के चार दिन बाद, भारत एक बार फिर ऑस्ट्रेलिया से मुकाबला कर रहा है. गुरुवार को पहला टी20 मुकाबला खेला जा रहा है.

भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर-बल्लेबाज जोश इंगलिस ने पांच मैचों की श्रृंखला के पहले टी20ई में नंबर 3 पर बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंद पर शतक जड़ दिया. उन्होंने ग्लेन मैक्सवेल के सबसे तेज शतक की बराबरी कर ली.

अनुभवी स्टीव स्मिथ के साथ मिलकर इंगलिस ने डॉ. वाईएस राजशेखर रेड्डी एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय गेंदबाजों पर आक्रमण शुरू किया. इंगलिस ने 29 गेंदों पर अपना पहला अर्धशतक जमाया. अगली अठारह गेंदों में, ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने खेल के सबसे छोटे प्रारूप में इतिहास रचने के लिए अपना पहला शतक पूरा किया.

इंगलिस ने पुरुष टी20ई में किसी ऑस्ट्रेलियाई के सबसे तेज शतक के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है. इन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए अपना पहला T20I शतक जड़ा है. इंगलिस भारत के खिलाफ टी20I शतक बनाने के मामले में भी दूसरे स्थान पर हैं.

इंग्लिस ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 50 गेंद में आठ छक्कों और 11 चौकों से 110 रन की पारी खेली. उन्होंने सलामी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ (52) के साथ दूसरे विकेट के लिए 130 रन की साझेदारी की.

भारत की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा (50 रन पर एक विकेट) और रवि बिश्नोई (54 रन पर एक विकेट) ने एक-एक विकेट चटकाया लेकिन दोनों काफी महंगे साबित हुए. भारतीय के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों को बल्लेबाजी की अनुकूल पिच पर अधिक परेशानी नहीं हुई.

स्मिथ ने अर्शदीप पर चौके से खाता खोला और फिर दूसरे ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा पर भी दो चौके मारे. मैथ्यू शॉर्ट (13) ने भी कृष्णा पर चौके से खाता खोला और फिर अक्षर पटेल पर भी दो चौके मारे. लेग स्पिनर रवि बिश्नोई ने पांचवें ओवर में अपनी ही गेंद पर स्मिथ का कैच टपकाया लेकिन एक गेंद बाद शॉर्ट (13) को बोल्ड करके भारत को पहली सफलता दिलाई.

स्मिथ ने इसके इंग्लिस के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया. दोनों ने पावर प्ले के छह ओवर में टीम का स्कोर एक विकेट पर 40 रन तक पहुंचाया. इंग्लिस ने आठवें ओवर में कृष्णा को निशाना बनाया और उनके ओवर में तीन चौके और एक छक्के से 19 रन जुटाए. उन्होंने अगले ओवर में बिश्नोई पर भी छक्का मारा.

इंग्लिस ने बिश्नोई पर छक्के के साथ 29 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और 12वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया. उन्होंने इसी ओवर में एक और छक्का तथा एक चौका भी मारा. इंग्लिश ने 15वें ओवर में भी बिश्नोई पर तीन छक्के मारे. स्मिथ ने भी मुकेश कुमार पर चौके के साथ 40 गेंद में अर्धशतक पूरा किया. लेकिन अगली ही गेंद पर रन आउट हो गए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




