सीवान में पंचायत परिसीमन के समर्थन में 22 जुलाई को महासम्मेलन, जुटेंगे जिलेभर के पंचायत प्रतिनिधि

कार्यक्रम के लिए जानकारी देते मुखिया महासंघ अध्यक्ष व जिला परिषद अध्यक्ष | Prabhat Khabar Network
सीवान में पंचायत परिसीमन के बिहार सरकार के निर्णय का मुखिया महासंघ ने स्वागत किया है. 22 जुलाई को टाउन हॉल में त्रिस्तरीय पंचायत जनप्रतिनिधियों का महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जहां परिसीमन प्रक्रिया और आगे की रणनीति पर चर्चा होगी.
सीवान: जिला परिषद अध्यक्ष संगीता देवी के कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को मुखिया महासंघ की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई. इसमें जिला परिषद अध्यक्ष संगीता देवी और मुखिया संघ के जिलाध्यक्ष अजय भास्कर चौहान ने बिहार सरकार द्वारा वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर पंचायतों के परिसीमन कराने के निर्णय का स्वागत किया.
उन्होंने इसे ऐतिहासिक और दूरदर्शी फैसला बताते हुए कहा कि इससे पंचायतों में नए लोगों, युवाओं और महिलाओं को नेतृत्व का अवसर मिलेगा.
22 जुलाई को टाउन हॉल में होगा पंचायत जनप्रतिनिधियों का महासम्मेलन
प्रेस वार्ता में जिला परिषद अध्यक्ष संगीता देवी ने बताया कि 22 जुलाई को सुबह 11 बजे गोपालगंज मोड़ स्थित टाउन हॉल में त्रिस्तरीय पंचायत जनप्रतिनिधियों का महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा.
महासम्मेलन में मुखिया, जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, प्रमुख, बीडीसी सदस्य, सरपंच, पंच और वार्ड सदस्य सहित त्रिस्तरीय पंचायत के सभी जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल होंगे.
प्रदेश स्तर के पदाधिकारी भी होंगे शामिल
उन्होंने बताया कि सम्मेलन में मुखिया संघ, प्रमुख संघ, सरपंच संघ और वार्ड सदस्य संघ के प्रदेश अध्यक्ष सहित प्रदेश पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे.
जिला परिषद अध्यक्ष ने कहा कि लगभग 36 वर्षों बाद पंचायतों का परिसीमन किया जा रहा है. इससे पंचायत क्षेत्रों का पुनर्गठन होगा और नए लोगों को चुनाव लड़ने का अवसर मिलेगा.
युवाओं और महिलाओं को मिलेगा नेतृत्व का अवसर
संगीता देवी ने कहा कि नई सोच और नई ऊर्जा के साथ युवा जब पंचायतों में आएंगे तो बिहार के विकास को नई दिशा मिलेगी.
मुखिया संघ के जिलाध्यक्ष अजय भास्कर चौहान ने कहा कि बिहार सरकार का यह निर्णय ऐतिहासिक है. इससे पंचायत स्तर पर युवाओं, बहनों, बेटियों और किसानों की भागीदारी बढ़ेगी.
उन्होंने कहा कि इस फैसले के लिए पूरे बिहार में मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया जा रहा है और इसी क्रम में धन्यवाद यात्रा भी शुरू की जाएगी.
परिसीमन प्रक्रिया और आगे की रणनीति पर होगी चर्चा
मुखिया संघ के जिलाध्यक्ष ने बताया कि महासम्मेलन में पंचायत परिसीमन की प्रक्रिया, पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी.
उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि परिसीमन प्रक्रिया पर नजर रखेंगे, ताकि यह पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके.
जनप्रतिनिधियों से महासम्मेलन में पहुंचने की अपील
प्रेस वार्ता के दौरान जिले के सभी मुखिया, जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, सरपंच, पंच और वार्ड सदस्यों से अपील की गई कि वे 22 जुलाई को सुबह 11 बजे सीवान टाउन हॉल पहुंचकर महासम्मेलन को सफल बनाएं.
मौके पर जिला परिषद सदस्य रामदुलार वर्मा, उषा बैठा, बेबी देवी, धर्मेंद्र कुमार और बबीता देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










