Weather Forecast Updates: दिल्ली में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार, जानें देश के अन्य राज्यों का हाल
Weather Forecast Today Updates: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तापमान बढ़ने का अनुमान मौसम विभाग ने व्यक्त की है. कोलकाता में रविवार का दिन काफी गर्म रहा. राजस्थान के अधिकांश हिस्सों के तापमान में वृद्धि दर्ज की जा रही है. जानें यूपी-बिहार-झारखंड सहित अन्य राज्यों के मौसम का हाल
दिल्ली में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार
दिल्ली की सफदरजंग वेधशाला में सोमवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया और आगामी दो-तीन दिनों में लू के प्रकोप के कारण बृहस्पतिवार तक पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा. राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया. स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स शहर का सबसे गर्म स्थान रहा जहां तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
राजस्थान के कई जिलों में लू चलने की संभावना
राजस्थान में आगामी 48 घंटों में तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी होने तथा मंगलवार यानि 26 अप्रैल से राज्य में कहीं-कहीं लू चलने की प्रबल संभावना है. जयपुर मौसम केन्द्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि आगामी 48 घंटों में राज्य के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की और बढोतरी होगी और झुंझुनूं, भरतपुर, धौलपुर, करौली, बाड़मेर, जोधपुर, श्रीगंगानगर, बीकानेर पाली चूरू और जैसलमेर में कहीं-कही मेघगर्जन के साथ धूल भरी आंधी और कुछ जगहों पर लू चलने की संभावना है.
झारखंड के कुछ जिलों में फिर चलने लगी लू
झारखंड के तीन जिलों में कुछ दिनों की राहत के बाद सोमवार को एक बार फिर से लू चलने लगी है और तीन दिन के अंदर राज्य के छह अन्य जिलों में भी लू चलने का अनुमान है. पश्चिमी सिंहभूम, कोडरमा और गिरिडीह जिले लू की चपेट में हैं, जबकि रांची, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, गढ़वा, पलामू और चतरा में 28 अप्रैल तक लू चलने का अनुमान है.
दिल्ली में अब 46 डिग्री तक चढ़ेगा पारा!
देश के कई हिस्सों में इन दिनों गर्मी चरम पर है. दिल्ली समेत उत्तर भारत के अधिकांश क्षेत्रों में तेज गर्म हवाओं ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है. हालात ऐसे हो गए हैं कि लोग बहुत ही जरूरी काम होने पर घर से निकल रहे हैं. इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने आशंका जताई है कि दिल्ली में इसी हफ्ते गुरुवार तक पारा 46 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ सकता है. आईएमडी के अनुसार इससे पहले मार्च में गर्मी का 122 साल का रिकॉर्ड टूट चुका है.
राजस्थान में फिर बदलेगा मौसम
देश के मौसम में लगातार उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है. बीते दो दिन से तापमान में गिरावट के बाद एक बार फिर मौसम में बदलाव के आसार दिख रहे है. वहीं, राजस्थान में एक बार फिर जनता को लू का सामना करना पड़ सकता है. मौसम के जानकारों की मानें, तो अगले सप्ताह तापमान में 4 डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है.
दिल्ली में गुरुवार तक पारा 44 डिग्री के स्तर को छू सकता है
आईएमडी ने पूर्वानुमान जताया है कि अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान तीन से पांच डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है. दिल्ली में गुरुवार तक पारा 44 डिग्री के स्तर को छू सकता है. दिल्ली में इस साल अप्रैल में आठ दिन भीषण गर्मी दर्ज की गई है. मैदानी इलाकों में, अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक और सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री अधिक होने पर भीषण गर्मी की घोषणा की जाती है.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए