Weather Forecast: दिल्ली में बारिश की संभावना, जानें झारखंड-बिहार-UP सहित अन्य राज्यों का मौसम
Weather Forecast LIVE Update Today: मॉनसूनी बारिश ने देश के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित कर दिया है. इधर दिल्ली में बारिश की संभवना मंगलवार को नजर आ रही है. झारखंड के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना है. मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी भारी बारिश ने जनजीवन प्रभावित किया है. जानें यूपी-बिहार सहित अन्य राज्यों के मौसम का हाल
भोपाल में भारी बारिश
भोपाल में आईएमडी के के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी वेद प्रकाश सिंह ने कहा है कि भोपाल और सागर के पास मध्य प्रदेश के मध्य भागों में दबाव बना हुआ है. इसलिए भोपाल, नर्मदापुरम, सागर और ग्वालियर संभाग में बहुत भारी बारिश जारी रहने की संभावना है.
विदिशा में तैनात होंगे वायुसेना दो हेलीकॉप्टर
भारतीय वायुसेना मध्य प्रदेश के बाढ़ प्रभावित विदिशा जिले में राहत कार्यों के लिए दो हेलीकॉप्टर तैनात करेगी. अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार को बारिश प्रभावित जिले का हवाई सर्वेक्षण भी करेंगे. भोपाल सहित मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों में भारी बारिश हुई. वहीं, भारी बारिश के साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के कारण पेड़ गिर गए थे. (भाषा)
बिहार में हल्की बारिश की संभावना
बिहार कैमूर और रोहतास जिले में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को यहां हल्की बारिश होने की संभावना है. वहीं वज्रपात को लेकर भी चेतावनी जारी की है. बिहार में इस समय किसान भारी बारिश का इंतजार कर रहे है.
राजस्थान के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने राजस्थान के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. पिछले दो दिनों से जारी भारी से अति भारी बारिश के ताजा दौर से राज्य का कोटा संभाग सबसे अधिक प्रभावित है. कोटा, झालावाड़, बारां और बूंदी जिले के कई इलाकों में लगातार भारी बारिश, बांधों से पानी छोड़े जाने और नदियों में पानी की आवक के कारण जलस्तर बढ़ गया है.
लगातार बारिश से कोटा संभाग में हालात बिगड़े
लगातार बारिश और नदियों में जलस्तर बढ़ने से राजस्थान के कोटा संभाग में हालात बिगड़ गये हैं. कई जगह जलभराव के बाद लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जा रहा है. संभाग के चार जिलों – कोटा, बारां, झालावाड़ और बूंदी में स्कूल बंद हैं, जबकि बारां जिले में बचाव अभियान में मदद के लिए भारतीय वायुसेना का हेलीकॉप्टर बुलाया गया है. इस बीच, राज्य के इन हिस्सों में बारिश का दौर जारी है.
न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार,मंगलवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा कि आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और मंगलवार को हल्की बारिश या बूंदा बांदी होने की संभावना है.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए