E20 नीति पर राहुल गांधी का तंज, बोले- 'पूरी दाल ही काली है', माइलेज पर क्या बोली सरकार?
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने E20 (20% एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल) नीति को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि यह नीति आम लोगों की गाड़ियों को नुकसान पहुंचाएगी और उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालेगी. सरकार ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा है कि E20 पेट्रोल से बड़े पैमाने पर इंजन खराब होने का कोई प्रमाण नहीं है.
Rahul Gandhi on E20: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की E20 (20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल) नीति पर हमला तेज कर दिया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी एक वीडियो में कहा कि इस मामले में "दाल में कुछ काला नहीं, पूरी दाल ही काली है." राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि E20 नीति आम लोगों की गाड़ियों को नुकसान पहुंचाएगी और उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालेगी.
'E20 लोगों की गाड़ियां खराब कर रहा'
राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष हर मुद्दे को एक साथ नहीं उठा सकता, इसलिए प्राथमिकताएं तय करनी पड़ती हैं. उन्होंने कहा कि देश में भ्रष्टाचार और जनहित से जुड़े इतने मुद्दे हैं कि उन्हें क्रमवार उठाना पड़ता है. उन्होंने संकेत दिया कि E20 नीति अब विपक्ष के प्रमुख मुद्दों में शामिल होगी.
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि E20 ईंधन लोगों की कारों और दोपहिया वाहनों को नुकसान पहुंचा रहा है. उनके मुताबिक यह नीति लोगों की जेब पर सीधा असर डाल रही है और आम नागरिकों से "सीधी चोरी" के समान है.
सरकार ने दावों को किया खारिज
राहुल गांधी के आरोपों के बीच केंद्र सरकार और ऑटोमोबाइल उद्योग से जुड़े संगठनों ने कहा है कि E20 पेट्रोल से बड़े पैमाने पर इंजन खराब होने या असामान्य जंग लगने का कोई प्रमाण नहीं मिला है. पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार, 3 करोड़ से अधिक कारें और 20 करोड़ से ज्यादा दोपहिया वाहन मिश्रित ईंधन का इस्तेमाल कर रहे हैं और किसी व्यापक तकनीकी खराबी की पुष्टि नहीं हुई है.
माइलेज पर क्या बोली सरकार?
सरकार ने माना कि कुछ पुराने या E20 के अनुरूप तैयार नहीं किए गए इंजनों में 3 से 5 प्रतिशत तक माइलेज कम हो सकता है. हालांकि मंत्रालय का कहना है कि आधुनिक वाहनों में एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल सुरक्षित है और इससे वाहन बीमा भी प्रभावित नहीं होता. सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल E20 से आगे एथेनॉल मिश्रण बढ़ाने की कोई योजना नहीं है और भविष्य में ऐसा कोई फैसला तकनीकी अध्ययन के बाद ही लिया जाएगा.
Also read : होर्मुज संकट में भी नहीं थमी ईंधन आपूर्ति, हरदीप पुरी बोले- भारत अब सिर्फ तेल पर निर्भर नहीं
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By आलोक पाठक
आलोक पाठक वर्ष 2019 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अपने पत्रकारिता सफर के दौरान वे खबर मंत्र, गांडीव और नक्षत्र न्यूज़ जैसे संस्थानों के साथ जुड़े रहे हैं। वर्तमान में वे प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। हिंदी भाषा और लेखन के प्रति उनका विशेष लगाव है। उन्हें भू-राजनीति (Geopolitics) और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। निजी जीवन में कहानियां और कविताएं लिखना तथा कालजयी साहित्य का अध्ययन उनकी प्रमुख रुचियों में शामिल है। उनका प्रयास तथ्यों पर आधारित, सरल और प्रभावी लेखन के माध्यम से पाठकों तक सार्थक जानकारी पहुंचाना है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










