पंजाब निकाय चुनाव में चला AAP का जादू, 690 से अधिक वार्ड पर जीत, पार्टी मना रही जश्न

Updated:
विज्ञापन
Punjab Nikay Chunav Result

जश्न मनाते आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता, फोटो- एएनआई

Punjab Nikay Chunav Result: पंजाब नगर निगम चुनावों में आम आदमी पार्टी की शानदार जीत के बाद पार्टी में जश्न का माहौल हैं. नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में जनता ने AAP के कामकाज पर भरोसा जताया है.

विज्ञापन

Punjab Nikay Chunav Result: पंजाब में नगर निकाय चुनावों में आम आदमी पार्टी का जादू चला है. अभी तक की मतगणना में पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 690 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज कर ली है. दिल्ली से पंजाब तक पार्टी जीत का जश्न मनी रही है. कई अन्य वार्डों में भी AAP उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं. जैसे-जैसे नतीजे आते गये ‘आप’ कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ता गया. कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटकर और ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाना शुरू कर दिया.

पंजाब नगर निगम और शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में आम आदमी पार्टी की बड़ी जीत पर पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जनता का आभार जताया है. उन्होंने कहा कि ‘आप’ ने पूरे पंजाब में एकतरफा और निर्णायक जीत हासिल की है. केजरीवाल ने कहा कि इससे पहले पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद चुनावों में भी पार्टी को भारी बहुमत मिला था. अब शहरी निकाय चुनावों में मिली सफलता ने साबित कर दिया है कि पंजाब की जनता को आम आदमी पार्टी और उसके कामकाज पर भरोसा है.

मनीष सिसोदिया ने मतदाताओं का जताया आभार

AAP नेता मनीष सिसोदिया ने चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पंजाब की जनता ने पार्टी नेतृत्व, अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान के काम पर भरोसा जताया है. उन्होंने मतदाताओं का धन्यवाद करते हुए कहा- पंजाब के लोगों ने ‘ईडी पार्टी’ यानी बीजेपी को जवाब दे दिया है. राज्य में ईडी की राजनीति नहीं चलेगी. सिसोदिया ने दावा किया कि भाजपा के 1,142 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई है.

102 नगर निकायों के लिए हुआ था मतदान

अधिकारियों के अनुसार, मतगणना शुक्रवार सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई. राज्य के आठ नगर निगम, 75 नगर परिषद और 19 नगर पंचायतों समेत कुल 102 नगर निकायों के 1,897 वार्डों के लिए 26 मई को मतदान कराया गया था. चुनाव में कुल 63.94 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया.

7,500 से ज्यादा उम्मीदवार मैदान में

अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले इन स्थानीय निकाय चुनावों को काफी अहम माना जा रहा है. चुनाव मैदान में आम आदमी पार्टी, भाजपा, कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल सहित विभिन्न दलों के कुल 7,554 उम्मीदवार उतरे थे. कुल 1,977 वार्डों में से 80 वार्डों में उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए.

अब तक किसे कितनी सीटें?

पंजाब राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, अब तक ‘आप’ 698 वार्ड जीत चुकी है. कांग्रेस ने 281 वार्डों में जीत दर्ज की है, जबकि निर्दलीय उम्मीदवारों को 217 वार्डों में सफलता मिली है. शिरोमणि अकाली दल को 150, भाजपा को 79 और बहुजन समाज पार्टी को छह वार्डों में जीत मिली है.

गिद्दड़बाहा और धूरी में ‘आप’ का दबदबा

गिद्दड़बाहा नगर परिषद में ‘आप’ ने 19 में से 17 वार्डों में जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस केवल दो वार्ड जीत सकी. यह क्षेत्र कांग्रेस नेता अमरिंदर सिंह राजा वडिंग का गढ़ माना जाता है. वहीं, धूरी नगर परिषद में AAP ने 19 वार्डों में जीत दर्ज की, जबकि दो वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहे. मुख्यमंत्री भगवंत मान धूरी विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं. वहीं, चमकौर साहिब नगर परिषद में कांग्रेस ने सात वार्डों में जीत दर्ज की. यहां ‘आप’ और निर्दलीय उम्मीदवारों ने तीन-तीन वार्ड जीते. यह क्षेत्र पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का राजनीतिक गढ़ माना जाता है.

जनता ने जताया AAP सरकार पर भरोसा- चीमा

पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि जनता ने ‘आप’ सरकार के कामकाज पर अपनी मुहर लगा दी है. उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को जनता ने आईना दिखाया है. चीमा ने दावा किया कि नगर निकाय चुनाव पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से कराए गए.

Also Read: राहुल गांधी ने पहनी ऑटो ड्राइवरों की वर्दी, जमीन पर साथ बैठकर खाना खाना, देखें वीडियो

विज्ञापन
प्रीतीश सहाय

लेखक के बारे में

By प्रीतीश सहाय

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola