PM मोदी का नया इंस्टा वीडियो: GRWM और फ्रेंडशिप डे का जिक्र, इस अंदाज में Gen-Z को लुभाया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नई वीडियो की झलक (फोटो : narendramodi)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय हैंडलूम दिवस के मौके पर युवाओं को सीधे संबोधित किया है. उन्होंने Gen-Z के बीच लोकप्रिय GRWM (Get Ready With Me) वीडियो ट्रेंड का जिक्र करते हुए लोगों से हैंडलूम उत्पाद खरीदने और उसके वीडियो साझा करने की अपील की है. यह पहल बुनकर परिवारों को आर्थिक मजबूती देने और 'आत्मनिर्भर भारत' को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई है.
PM Modi on Handloom Day : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर सोशल मीडिया फ्रेंडली अंदाज में वीडियो जारी कर युवाओं, खासकर Gen-Z से सीधे जुड़ने की कोशिश की. 7 अगस्त को राष्ट्रीय हैंडलूम दिवस (National Handloom Day) से पहले जारी इस वीडियो में पीएम मोदी एक कमरे में टहलते हुए नजर आए, जहां हैंडलूम से बने कपड़े भी सजाए गए थे. उन्होंने लोगों से सिर्फ हैंडलूम खरीदने की अपील ही नहीं की, बल्कि युवाओं को GRWM (Get Ready With Me) जैसे ट्रेंडिंग वीडियो बनाने और उन्हें सोशल मीडिया पर साझा करने का भी सुझाव दिया.
GRWM वीडियो बनाने की दी सलाह
वीडियो में प्रधानमंत्री ने कहा कि 7 अगस्त 1905 को शुरू हुए स्वदेशी आंदोलन को कभी नहीं भूलना चाहिए. उन्होंने कहा कि जिस तरह हाल ही में लोगों ने फ्रेंडशिप डे उत्साह के साथ मनाया, उसी तरह हैंडलूम डे भी पूरे जोश के साथ मनाया जाना चाहिए. उन्होंने युवाओं से कहा कि वे हैंडलूम के अलग-अलग परिधानों के साथ GRWM वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करें और लोगों को भारतीय हस्तकरघा उत्पाद अपनाने के लिए प्रेरित करें.
बुनकर परिवारों को आर्थिक मजबूती देने की अपील
प्रधानमंत्री ने कहा कि देशभर के लाखों गरीब और बुनकर परिवार अपने घरों में करघों पर बेहतरीन कपड़े तैयार करते हैं. ऐसे परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लोगों को हैंडलूम उत्पाद खरीदने चाहिए. उन्होंने कहा कि हर नागरिक अगर हैंडलूम से कुछ न कुछ खरीदे और उसका वीडियो दुनिया के साथ साझा करे, तो इससे 'आत्मनिर्भर भारत' के अभियान को भी मजबूती मिलेगी और भारतीय हस्तकरघा की पहचान वैश्विक स्तर पर पहुंचेगी.
सोशल मीडिया स्टाइल पर फिर चर्चा
पिछले कुछ समय से प्रधानमंत्री लगातार छोटे और अलग अंदाज वाले वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं. जंतर-मंतर छात्र आंदोलन के दौरान जारी उनके वीडियो में कैमरा एंगल और प्रस्तुति को लेकर चर्चा हुई थी. बाद में उन्होंने अपने वीडियो की शैली में बदलाव किया और अब हैंडलूम डे के संदेश में भी पारंपरिक भाषण की बजाय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर जैसी प्रस्तुति अपनाई. GRWM जैसे लोकप्रिय ट्रेंड का उल्लेख करने के बाद उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है.
Also read : क्या है FCRA बिल? 12 अगस्त हो सकता है संसद में पेश, बदल जाएंगे विदेशी फंडिंग पाने वाले NGO के नियम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By आलोक पाठक
आलोक पाठक वर्ष 2019 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अपने पत्रकारिता सफर के दौरान वे खबर मंत्र, गांडीव और नक्षत्र न्यूज़ जैसे संस्थानों के साथ जुड़े रहे हैं। वर्तमान में वे प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। हिंदी भाषा और लेखन के प्रति उनका विशेष लगाव है। उन्हें भू-राजनीति (Geopolitics) और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। निजी जीवन में कहानियां और कविताएं लिखना तथा कालजयी साहित्य का अध्ययन उनकी प्रमुख रुचियों में शामिल है। उनका प्रयास तथ्यों पर आधारित, सरल और प्रभावी लेखन के माध्यम से पाठकों तक सार्थक जानकारी पहुंचाना है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










