ePaper

'राहुल गांधी नेगेटिव पॉलिटिक्स के पोस्टर बॉय', पीयूष गोयल का जोरदार हमला

Updated at : 25 Feb 2026 4:46 PM (IST)
विज्ञापन
Piyush Goyal Slams Rahul Gandhi

पीयूष गोयल का राहुल गांधी पर जोरदार हमला, फोटो- एएनआई

Piyush Goyal Slams Rahul Gandhi: केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने राहुल गांधी समेत गांधी परिवार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने राहुल गांधी पर देशहित से समझौता करने का आरोप लगाया. गोयल ने कहा कि राहुल भारत के बढ़ते वैश्विक दबदबे को बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं और नकारात्मक राजनीति कर रहे हैं.

विज्ञापन

Piyush Goyal Slams Rahul Gandhi: केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने राहुल गांधी और गांधी परिवार पर बुधवार को जोरदार हमला बोला. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का परिवार एक कम्प्रोमाइज्ड परिवार है और कांग्रेस एक कम्प्रोमाइज्ड राजनीतिक दल बन चुकी है. पीयूष गोयल ने आरोप लगाया कि गांधी परिवार ने हमेशा देश के हितों से समझौता किया है और इसकी शुरुआत देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के समय से ही हो गई थी. उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी नकारात्मक राजनीति का चेहरा बन गए हैं और उन्होंने भारत विरोधी ताकतों के साथ हाथ मिलाकर देश के हितों से समझौता किया है.

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी बार-बार विदेश यात्राएं कर विभिन्न प्रोटोकॉल और सुरक्षा व्यवस्थाओं से समझौता करते हैं. ‘राहुल गांधी 247 बार विदेश यात्रा कर चुके हैं और इस दौरान उन्होंने कई बार येलो बुक प्रोटोकॉल की अनदेखी की.’ उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी सरकार की ओर से उपलब्ध कराए गए सुरक्षा इंतजामों से समझौता करते हैं और विदेश जाकर भारत और भारतीयों के हितों के खिलाफ काम करते हैं. केंद्रीय मंत्री ने आगे आरोप लगाया कि राहुल गांधी के संबंध देश विरोधी ताकतों से रहे हैं. गोयल ने राहुल गांधी पर सोरोस के साथ कथित गैर-कानूनी संबंधों के आरोप भी लगाए हैं. गोयल ने यह भी कहा कि राहुल गांधी लद्दाख के संवेदनशील सीमा क्षेत्रों में गए और वहां भारत के हितों के खिलाफ काम करने वाले विदेशी व्यक्तियों के साथ संपर्क बनाए. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का संबंध चीन और पाकिस्तान से जुड़े लोगों से भी रहा है.

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सरकार के दौरान सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने संविधान से बाहर की शक्तियों का इस्तेमाल किया. उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय कैबिनेट के फैसलों का सार्वजनिक रूप से विरोध किया गया और प्रधानमंत्री पद का भी अपमान हुआ. पीयूष गोयल ने कहा कि नेशनल एडवाइजरी काउंसिल के माध्यम से सरकार को प्रभावित किया गया और वामपंथी विचारधारा को आगे बढ़ाने की कोशिश की गई. उन्होंने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी एक तरह से समानांतर कैबिनेट चलाते थे और सुपर प्रधानमंत्री की तरह फैसलों को प्रभावित करते थे. उन्होंने आगे कहा कि गांधी परिवार पर देश के हितों से समझौता करने के आरोप पहले भी लगते रहे हैं. गोयल ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने भी अपने कार्यकाल के दौरान देश के हितों से समझौता करने में हिचकिचाहट नहीं दिखाई.

बोफोर्स मामले को लेकर आरोप

पीयूष गोयल ने कहा कि सिर्फ सोनिया गांधी और राहुल गांधी ही नहीं, बल्कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी पर भी देश से समझौता करने के आरोप लगते रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के इशारे पर उस समय के विदेश मंत्री ने स्वीडिश अधिकारियों से बोफोर्स घोटाले की जांच रोकने का अनुरोध किया था. उन्होंने यह भी कहा कि राजीव गांधी के मित्र ओटावियो क्वात्रोची को बचाने के लिए निष्पक्ष जांच को प्रभावित किया गया. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बोफोर्स मामले में कांग्रेस और राजीव गांधी की भूमिका को लेकर लंबे समय तक सवाल उठते रहे. उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी परिवार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की छवि को नुकसान पहुंचाया और भारत की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भी अपने कार्यकाल के दौरान देश के हितों से समझौता किया. पीयूष गोयल ने आगे दावा किया कि उस समय के अमेरिकी राजदूत डेनियल पैट्रिक मोयनिहान ने यह पुष्टि की थी कि CIA ने चुनावों के दौरान कांग्रेस पार्टी को धन मुहैया कराया था.

Also Read: तमिलनाडु: मौसी शशिकला ने बनाई नई पार्टी, तो भांजे ने कसा तंज; ‘इंस्टेंट सांभर-इडली’ जैसी पार्टी

विज्ञापन
Pritish Sahay

लेखक के बारे में

By Pritish Sahay

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola