Parliament Session: NEET, राम मंदिर मुद्दे पर खरगे ने पीएम मोदी पर बोला हमला, कहा- कहां गई आपकी 56 इंच की छाती
संसद का मानसून सत्र (File Photo)
Parliament Session : संसद का मानसून सत्र सोमवार (20 जुलाई) से शुरू हो चुका है और पहले ही दिन सरकार और विपक्ष के बीच टकराव की स्थिति देखने को मिली. विपक्ष सोनम वांगचुक के अनशन, NEET-UG पेपर लीक, SIR, महंगाई और राम मंदिर चढ़ावा चोरी जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने में लगा है, जबकि सरकार भी अपने एजेंडे के साथ जवाब देने के लिए तैयार है. लोकसभा और राज्यसभा के पल-पल के अपडेट के लिए हमारे साथ बने रहें.
डिंपल यादव ने सरकार पर बोला हमला, कहा- निहत्थे छात्रों पर किया गया हमला
समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने कहा, "आज का दिन हमारे देश के लोकतंत्र के लिए सचमुच दुर्भाग्यपूर्ण रहा है. मेरा मानना है कि इसे एक काले दिन के तौर पर याद किया जाएगा. आज जो छात्र आए थे, वे निहत्थे थे. उनके पास अपने बैग के अलावा कुछ नहीं था क्योंकि वे अपने अधिकारों के लिए लड़ना चाहते थे. वे पूरे सिस्टम में फैले भ्रष्टाचार, NEET परीक्षा रद्द होने, पेपर लीक और पैसों के लेन-देन से छात्रों का भविष्य बर्बाद होने जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखना चाहते थे. वे अपनी आवाज उठाने के लिए दिल्ली आए थे. पुलिस का बर्ताव, लाठीचार्ज और छात्रों पर इलेक्ट्रिक शॉक का इस्तेमाल - ये सब बहुत डरावना था. कई युवतियों ने आरोप लगाया कि पुलिस कॉन्स्टेबलों ने उनके कपड़े फाड़ दिए. अधिकारियों ने नेमप्लेट नहीं पहनी हुई थी. सादे कपड़ों में अधिकारी छात्रों पर लाठीचार्ज क्यों कर रहे थे?"
पेपर लीक करने वाले बड़े-बड़े माफिया फल-फूल रहे हैं : दीपेंद्र सिंह हुड्डा
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, “कांग्रेस पार्टी शुरू से ही यह मुद्दा उठाती रही है. आज देश के युवाओं और छात्रों का शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था से भरोसा उठ गया है. पेपर लीक करने वाले बड़े-बड़े माफिया फल-फूल रहे हैं, फिर भी जिन्हें जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए. जैसे केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान. वे संतोषजनक जवाब देने में असमर्थ हैं.”
मोदी सरकार ने छात्रों की जिंदगी बर्बाद कर दी: खरगे
खरगे ने पीएम मोदी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा- लाखों छात्र परेशान हैं, उन्होंने अपने घर छोड़ दिए हैं और पूरी तरह बर्बाद हो रहे हैं. उनकी जिंदगी बर्बाद करने के लिए कौन जिम्मेदार है? मोदी सरकार और खुद पीएम मोदी. वे अपनी कमजोरियों को छिपाने के लिए ही ऐसा करते हैं. किसी भी प्रधानमंत्री को इस तरह की बातें नहीं करनी चाहिए. हर प्रधानमंत्री समस्याओं को हल करने की बात करता है, न कि ऐसी बातें करता है जिनका बाद में मजाक बने. मैं इस बयान की निंदा करता हूं, और पीएम मोदी को भविष्य में ऐसी टिप्पणियां करने से बचना चाहिए. जब तक वे सत्ता में रहेंगे, देश में खुशहाली नहीं आएगी. खुशहाली तभी आएगी जब वे चले जाएंगे."
खरगे बोले- पीएम मोदी का एकमात्र काम दूसरों पर ताने कसना
पीएम मोदी के भाषण पर राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, "पीएम मोदी का एकमात्र काम दूसरों पर ताने कसना और व्यंग्य करना है. पहले जनता के सामने अपनी विश्वसनीयता साबित करें. आपकी वह '56 इंच की छाती' कहां गई? आज आप दूसरों की आलोचना करते हैं, लेकिन मैं पूछता हूं: आपने वास्तव में देश के लिए क्या किया है? आपने अपने समर्थकों से ट्रस्ट बनाने को कहा ताकि वे चोरी कर सकें, और अब वे धड़ल्ले से चोरी कर रहे हैं. आपने कानून बनाए और राम मंदिर ट्रस्ट के लिए लोगों को नामित किया, और आपके अपने लोग ही इसमें शामिल हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए