Watch Video: बिहार में बाढ़ पर सियासत तेज, तेजस्वी यादव के आरोपों पर BJP का पलटवार, कहा- सरकार पूरी तरह अलर्ट
नेपाल की त्रासदी के बाद बिहार की नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है. इस बीच, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया है, जिस पर बीजेपी ने पलटवार किया है. जानिए क्या है पूरा मामला और सरकार की तैयारी.
Bihar Flood : नेपाल में आयी भीषण त्रासदी के बाद बिहार की नदियों में बढ़े जलस्तर और दियारा क्षेत्रों में किसानों की फसल बर्बादी को लेकर सियासत तेज हो गयी है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार पर बाढ़ प्रभावित लोगों की अनदेखी और राहत-बचाव में विफल रहने का आरोप लगाया है. वहीं, बीजेपी के मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि बिहार सरकार पूरी तरह मुस्तैद है और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी खुद बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं.
आपके शहर में
नेपाल की त्रासदी का बिहार पर पड़ा असर, सरकार ने पहले ही की तैयारी
दानिश इकबाल ने कहा कि नेपाल में आयी त्रासदी का असर बिहार के सीमावर्ती जिलों में देखने को मिला. जलस्तर बढ़ने के बाद कई इलाकों में पानी घरों तक पहुंचा, लेकिन बिहार सरकार की तैयारी के कारण स्थिति को नियंत्रित करने में सफलता मिली. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूरी रात अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की और एनडीआरएफ की टीमों की तैयारी समेत तमाम व्यवस्थाओं पर नजर रखी.
बैराज के 36 गेट पहले खोलने का किया दावा
बीजेपी मीडिया प्रभारी ने कहा कि सरकार की दूरदृष्टि के तहत पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्रियों से भी बातचीत की गयी. उन्होंने दावा किया कि बैराज के 36 गेट पहले ही खोल दिये गये, जिससे बिहार में नेपाल से आने वाले पानी का प्रभाव कम करने में मदद मिली.
तेजस्वी यादव के आरोपों पर बीजेपी का पलटवार
तेजस्वी यादव के यह आरोप लगाने पर कि बिहार बाढ़ में डूब रहा है, किसानों की फसल बर्बाद हो रही है और डबल इंजन की सरकार सोयी हुई है, दानिश इकबाल ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष का काम सरकार की आलोचना करना है, लेकिन आलोचना तथ्यों और होमवर्क के साथ होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि जिस मुद्दे पर सरकार पहले से मुस्तैद है, उस पर बिना जानकारी के आरोप लगाने से तेजस्वी यादव खुद का मजाक बना रहे हैं.
दियारा क्षेत्र के किसानों के नुकसान की भरपाई का दावा
पटना के आसपास के दियारा क्षेत्रों में किसानों की फसल बर्बाद होने के सवाल पर दानिश इकबाल ने माना कि गंगा का जलस्तर बढ़ने से किसानों पर असर पड़ा है. उन्होंने कहा कि कृषि विभाग और बिहार सरकार किसानों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए लगातार काम कर रहे हैं. कृषि मंत्री भी प्रभावित क्षेत्रों का दौरा और अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं. सरकार की ओर से किसानों को मुआवजा देने की प्रक्रिया भी चल रही है.
'जहां देरी होगी, वहां तुरंत भेजी जाएगी टीम'
प्रभात खबर की टीम के अघपुर पहुंचने और ग्रामीणों द्वारा प्रशासन के अब तक नहीं पहुंचने की शिकायत के सवाल पर दानिश इकबाल ने कहा कि वह इस बात से सहमत नहीं हैं कि प्रशासन कहीं नहीं पहुंच रहा है. उन्होंने कहा कि प्रशासन और एनडीआरएफ की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में पहुंच रही हैं. जहां राहत-बचाव कार्य में देरी की जानकारी मिल रही है, वहां सरकार तत्काल स्थिति की पहचान कर टीम और राहत सामग्री भेज रही है.
'सरकार वोट देखकर नहीं, पूरे राज्य के लिए काम करती है'
इस आरोप पर कि अघपुर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का विधानसभा क्षेत्र और चिराग पासवान का संसदीय क्षेत्र होने के कारण वहां लोगों की अनदेखी हो रही है, बीजेपी नेता ने इसे बेबुनियाद बताया. उन्होंने कहा कि बीजेपी की सरकार केंद्र और राज्य में पूरे देश और पूरे राज्य के लिए काम करती है. सरकार यह नहीं देखती कि किस व्यक्ति या क्षेत्र ने उसे वोट दिया है या नहीं दिया है.
प्राइवेट नावों पर लाइफ जैकेट को लेकर उठे सवाल
दियारा क्षेत्र में लोगों को ले जा रही नावों में क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने और लाइफ जैकेट नहीं होने के सवाल पर दानिश इकबाल ने कहा कि सरकारी नावों और बोट पर सुरक्षा के लिए लाइफ जैकेट और अन्य जरूरी उपकरण उपलब्ध कराये जाते हैं. हालांकि, उन्होंने माना कि अलग-अलग जगहों पर निजी नावें भी चलती हैं, जिनसे लोग आवागमन करते हैं.
तेज लहरों के बीच निजी नावों से सफर न करने की अपील
उन्होंने कहा कि गंगा समेत अन्य नदियों में जलस्तर बढ़ा हुआ है और तेज हवाओं के कारण लहरें भी उफान पर हैं. ऐसे में प्रशासन की ओर से लोगों से निजी नावों से यात्रा करने से बचने की अपील की गयी है. सरकार ने इस संबंध में गाइडलाइन भी जारी की है और प्रशासन की नजर स्थिति पर बनी हुई है.
दियारा के लोगों के लिए सरकारी नावों की व्यवस्था का दावा
दियारा क्षेत्र से पटना आने-जाने वाले लोगों की मजबूरी के सवाल पर दानिश इकबाल ने कहा कि सरकार की ओर से कई जगहों पर स्टीमर और बोट का संचालन किया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि उन्होंने खुद सरकारी नाव से यात्रा की है और व्यवस्था को देखा है. सरकार का प्रयास है कि बाढ़ प्रभावित नागरिकों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो.
बाढ़ प्रभावितों की सुरक्षा को लेकर सरकार प्रतिबद्ध : बीजेपी
दानिश इकबाल ने कहा कि बिहार सरकार राज्य के प्रत्येक नागरिक को सुरक्षा और जरूरी व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि बाढ़ से प्रभावित किसानों और आम लोगों के नुकसान की भरपाई के लिए भी सरकार अपने स्तर से लगातार काम कर रही है. मुख्यमंत्री स्तर से भी पूरे मामले की लगातार निगरानी की जा रही है.
Also Read : Watch VIDEO: बिहार से घिरीं, रास्ते डूबे; ग्रामीण बोले- DM साहब, राहत और चारे की व्यवस्था कराइए
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए