Weather Forecast: दिल्ली पर सर्दी का सितम, जानें दिल्ली-बिहार सहित अन्य राज्यों के मौसम का हाल
Weather Forecast Updates Today : उत्तर भारत के कई हिस्सों में गलन भरी शीत लहर का प्रकोप जारी है जिससे लोग कांप रहे हैं. भीषण शीतलहर की चपेट में दिल्ली है जहां का जनजीवन प्रभावित हुआ है. मौसम विभाग की ओर से कहा गया है कि झारखंड में अगले चार दिन मौसम शुष्क रहेगा. झारखंड और बिहार में भी ठंडी हवा चल रही है जिसने ठंड और बढ़ा दी है. जानें अन्य राज्यों के मौसम का हाल
शीत लहर की स्थिति में कमी आने की संभावना
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा अपडेट के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 24 घंटे के बाद शीत लहर की स्थिति में कमी आने की संभावना है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दो पश्चिमी विक्षोभों के बीच एक बड़े अंतर के कारण भीषण ठंड का लंबा दौर देखने को मिला, जिसका मतलब है कि बर्फ से ढके पहाड़ों से ठंडी हवाएं सामान्य से अधिक समय तक चलीं.
कोहरे के कारण हादसे अधिक होने की आशंका
आईएमडी ने कहा कि कोहरे के कारण हादसे अधिक होने की आशंका रहती है इसलिए लोगों से धीरे गाड़ी चलाने और ‘फॉग लाइट’ का इस्तेमाल करने को कहा गया है. अस्थमा, ब्रोंकाइटिस और फेफड़ों से संबंधित अन्य समस्याओं से पीड़ित लोगों को कोहरे के कारण श्वसन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं.
शीत लहर में मंगलवार के बाद आ सकती है कमी
ठंड से ठिठुरते राजधानी दिल्ली और उत्तर-पश्चिम भारत के लोगों को अगले चौबीस घंटे के बाद कुछ राहत मिल सकती है लेकिन इस दौरान इन क्षेत्रों में बहुत घना कोहरा छाए रहने की वजह से लोगों को परेशानियों का सामना पड़ सकता है. राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई इलाकों में आज सुबह बेहद घने कोहरे से हुई और कई शहरों में तो सुबह साढ़े पांच बजे दृष्यता शून्य तक पहुंच गई.
दिल्ली में लगातार पांचवे दिन शीतलहर का कहर जारी
IMD के अनुसार, दिल्ली में लगातार पांचवे दिन शीतलहर का कहर जारी रहा और न्यूनतम तापमान चंबा में 8.7 डिग्री, डलहौजी में 9 डिग्री, धर्मशाला में 9.2 डिग्री, शिमला में 10.3 डिग्री, मनाली में 6 डिग्री, कांगड़ा में 8.9 डिग्री, देहरादून में 6.5 डिग्री, मसूरी में 11.3 डिग्री, नैनीताल में 6 डिग्री , मुक्तेश्वर में 7.6 डिग्री और टिहरी में 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
जम्मू-कश्मीर में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी
जम्मू-कश्मीर में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में हल्की बूंदाबांदी ने कश्मीर में शीतलहर से लोगों को थोड़ी राहत मिली. घाटी के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु के आसपास रहा.अधिकारियों ने बताया कि गुलमर्ग, सोनमर्ग-जोजिला अक्ष और कुपवाड़ा के माछिल जैसे पहाड़ी इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हुई. घाटी के कई मैदानी इलाकों में रात में हल्की बूंदाबांदी हुई.
ओडिशा में भी शीतलहर का कहर जारी
ओडिशा में भी शीतलहर का कहर जारी है और वहां कोरापुट जिले के सिमिलिगुड़ा में न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राज्य के 14 मौसम केंद्रों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. सुंदरगढ़ में तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस, फूलबनी में 4.9 डिग्री सेल्सियस और झारसुगुड़ा में 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राजधानी भुवनेश्वर में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री कम 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गयी.
लेखक के बारे में
By अमिताभ कुमार
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए