Weather Forecast : भारी बारिश से केरल में ‘रेड अलर्ट’, दिल्ली समेत इन राज्यों में ‘येलो अलर्ट’
Weather Forecast: मानसून की भारी बारिश से जहां एक ओर लोगों को भीषण गर्मी से निजात मिली है, तो भारत के कई राज्यों में बाढ़ का कहर जारी है. बारिश से पैदा होने वाली समस्याओं को लेकर प्रशासन की ओर से पुख्ता इंतजाम नहीं किए जाने का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है. बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर आदि राज्यों में बाढ़ के पानी से पुल-पुलिया के ढहने, सड़कों के धंसने, भूस्खलन से राजमार्गों पर आवाजाही बंद होने और लोगों के बेघर-बार होने की खबरें भी आ रही हैं. केरल से कश्मीर तक कई राज्यों में तबाही का मंजर साफ दिखाई दे रहा है. पढ़ते रहें प्रभात खबर डॉट कॉम…
मुंबई फिर से भारी बारिश, येलो अलर्ट जारी
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में एक दिन की राहत के बाद मंगलवार को एक बार फिर मध्यम से भारी बारिश हुई और शहर के कुछ हिस्सों में अभी भी बरसात हो रही है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुंबई स्थित क्षेत्रीय केन्द्र ने अगले तीन दिन के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी कर महानगर में भारी बारिश का अनुमान जाहिर किया है. मुंबई की जीवन रेखा मानी जाने वाली लोकल ट्रेनें मंगलवार को मध्य रेलवे और पश्चिम रेलवे कॉरिडोर पर सामान्य रूप से चल रही हैं. हालांकि, कुछ यात्रियों ने दावा किया कि ट्रेन सेवाएं दस से पंद्रह मिनट की देरी से चल रही हैं. अधिकारियों ने बताया कि बारिश के कारण कुछ स्थानों पर यातायात धीमा हो गया, लेकिन कुल मिलाकर कहीं भी कोई यातायात जाम की स्थिति नहीं आई.
कश्मीर को गर्मी से मिल सकती है निजात
कश्मीर घाटी में इस साल मौसम में बड़ी अनिश्चितता नजर आ रही है, क्योंकि लंबी सर्दी के बाद अब तापमान में अचानक वृद्धि हो गयी है. इससे पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों को बहुत असुविधा हो रही है. मौसम विज्ञानियों ने तापमान में इस वृद्धि के लिए घाटी में लंबे समय तक रहे शुष्क मौसम को जिम्मेदार ठहराया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक सोनम लोटस ने कहा कि हमने शुष्क मौसम देखा है, जिसके फलस्वरूप तापमान में वृद्धि हुई है. जुलाई के महीने में घाटी में तापमान करीब 30-31 डिग्री सेल्सियस तथा जम्मू में 35 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. यहां गर्मी है. उन्होंने कहा कि वैसे तो तापमान बहुत अधिक है, लेकिन लू की स्थिति नहीं है.
राजस्थान में जून में 123 साल की सर्वाधिक बारिश का रिकॉर्ड
राजस्थान में जून में 123 सालों में सर्वाधिक बारिश हुई थी। इस वर्ष जून मेंराज्य में कुल 156.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो औसत से 185 प्रतिशत अधिक है. जयपुर मौसम केन्द्र के प्रभारी राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य में जून 2023 के दौरान कुल 156.9 मिमी (औसत से 185 प्रतिशत अधिक) बारिश दर्ज की गई, जो इस माह में 1901 से आज तक दर्ज सर्वाधिक वर्षा का रिकार्ड है. इससे पूर्व वर्ष 1996 में जून माह में सर्वाधिक बारिश 122.8 मिमी दर्ज हुई थी. उन्होंने बताया कि जून के दौरान पूर्व राजस्थान में इसके औसत से अधिक 118 प्रतिशत अधिक और पश्चिमी राजस्थान में इसके औसत से 287 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है.
लेखक के बारे में
By कुमार विश्वत सेन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए