Breaking News Live: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जयपुर में जारी है रोड शो

Updated:
विज्ञापन

Breaking News Live Updates: देश-विदेश की पॉलिटिक्स, क्राइम समेत हर बीट की जरूरी खबरों के लेटेस्ट अपडेट देखने के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के नेशनल Live सेक्शन के साथ. देश भर के सभी राज्यों की हर छोटी-बड़ी खबरों की जानकारी और जरूरी अपडेट मिलेंगी आपको यहां सबसे पहले.

विज्ञापन

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जयपुर में जारी है रोड शो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार शाम जयपुर में रोड शो शुरू किया. प्रधानमंत्री हवाई अड्डे से सांगानेरी गेट पहुंचे और जयपुर के चारदीवारी वाले इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रोड शो शुरू किया. मोदी के स्वागत के लिए सड़क के दोनों ओर भारी भीड़ जमा हो गई है. उनका रोड शो सांगानेर गेट पर समाप्त होने से पहले बापू बाजार, किशनपोल बाजार, छोटी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार, बड़ी चौपड़ और जौहरी बाजार से होकर गुजरेगा.

दानिश अली के खिलाफ टिप्पणी मामले में विशेषाधिकार समिति ने बिधूड़ी को तलब किया

लोकसभा की विशेषाधिकार समिति ने बहुजन समाज पार्टी के सदस्य दानिश अली के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी को आगामी सात दिसंबर को तलब किया है. समिति ने 7 दिसंबर को मौखिक साक्ष्य देने के लिए दानिश अली को भी बुलाया है. बिधूड़ी से कहा गया है कि वह बसपा सांसद के इस समिति के सामने पेश होने के बाद उसी दिन पेश हों. इससे पहले, एक मौके पर बिधूड़ी असमर्थता जताते हुए समिति के सामने पेश नहीं हुए थे.

दिसंबर में त्रिपुरा का दौरा करेंगे राहुल और प्रियंका गांधी

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी दिसंबर में त्रिपुरा का दौरा करेंगे. पार्टी सचिव सरिता लैतफलांग ने अगरतला के कांग्रेस भवन में संवाददाताओं से कहा कि राहुल और प्रियंका विधानसभा चुनाव के प्रचार में व्यस्त हैं. उन्होंने कहा कि दोनों नेता चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद मां त्रिपुरसुंदरी का आशीर्वाद लेने के लिए त्रिपुरा आएंगे. लैतफलांग ने कहा कि राजस्थान, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और मिजोरम में मतगणना तीन दिसंबर को होगी. इन राज्यों में सरकार गठन के बाद राहुल जी और प्रियंका गांधी इस राज्य का दौरा करेंगे. ऐसी उम्मीद है कि वे अलग-अलग दिसंबर के दूसरे एवं तीसरे सप्ताह में यहां आएंगे.

तेलंगाना विधानसभा चुनाव में करीब 60,000 मतपेटियों का होगा इस्तेमाल

तेलंगाना विधानसभा चुनाव में 59,779 मतपेटियों का इस्तेमाल किया जाएगा, जहां 2,290 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं. मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी एक सरकारी बयान के अनुसार, चुनाव आयोग ने हर निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशियों की सूची के आधार पर सरकारी मुद्रण प्रेस को मतपत्रों की छपाई का आदेश दिया है. कल रात जारी किये गये इस बयान के अनुसार, अतिरिक्त मत इकाई (बीयू) जरूरतों के आधार पर 16 जिलों के लिए अंतिम रूप से अतिरिक्त 14,500 बीयू आवंटित की गई हैं. उसमें कहा गया है कि प्रथम स्तरीय जांच के बाद निर्वाचन क्षेत्रों और मतदान केंद्रों के लिए यादृच्छिक रूप से आवंटन किए जाएंगे. इस चुनाव में कुल 59,779 मत इकाइयों का इस्तेमाल किया जाएगा.

अमित शाह ने कहा, कांग्रेस और गहलोत सरकार पिछड़ा विरोधी

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राजस्थान में सत्तारूढ़ कांग्रेस एवं उसकी सरकार को पिछड़ा विरोधी करार देते हुये मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछड़ा वर्ग को आगे बढ़ाने का काम किया है. वे किशनगढ़ बास में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस पार्टी और गहलोत सरकार भी पिछड़ा वर्ग की विरोधी सरकार है. इतने साल तक मंडल आयोग की रिपोर्ट का विरोध कांग्रेस पार्टी ने किया और इतने साल तक कांग्रेस पार्टी ने पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक मान्यता नहीं दी. उन्होंने कहा कि मोदी जी ने पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक मान्यता दी. केंद्र की सारी शिक्षा व्यवस्था में नरेंद्र मोदी सरकार ने सभी जगहों पर पिछड़ा वर्ग को 27 फीसदी आरक्षण देने का काम किया. आज नरेंद्र मोदी सरकार में 27 फीसदी मंत्री पिछड़ा वर्ग के हैं और मोदी जी ने पिछड़ा वर्ग को आगे बढ़ाने का काम किया है.

राहुल गांधी बोले- बीजेपी और आरएसएस का लक्ष्य गरीबों, मजदूरों, किसानों को पैसे से दूर रखा जाए

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने उदयपुर के वल्लभनगर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, सवाल यह है कि बीजेपी देश में नफरत क्यों फैला रही है? मैं आपको दो बातें बताना चाहता हूं, नफरत का कारण बेरोजगारी और महंगाई है. बीजेपी की व्यवस्था आपका ध्यान बेरोजगारी और महंगाई से हटाकर नफरत की ओर ले जा रही है. बीजेपी और आरएसएस का लक्ष्य है कि गरीबों, मजदूरों, किसानों, आदिवासियों और दलितों को पैसे से दूर रखा जाए. वे चाहते हैं कि सारा पैसा मुट्ठी भर अरबपतियों को दे दिया जाए.

विज्ञापन
विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola