Breaking News : उत्तर पश्चिम पाकिस्तान में सुरक्षा बलों ने दो आतंकवादियों को मार गिराया
Breaking News Live Updates: कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद को लेकर कांग्रेस में खींचतान जारी है. हालांकि आज नये सीएम के नाम पर से पर्दा उठ जाएगा. अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे नये मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा आज शाम तक कर सकते हैं. सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली नगर निगम (MCD) में 10 ‘अलडरमैन’ के नामांकन को चुनौती देने वाली दिल्ली सरकार की याचिका पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है. दिल्ली-सिडनी एयर इंडिया की उड़ान में सवार कई यात्री उस समय घायल हो गये, जब बीच हवा में फ्लाइट ने झटके खाये. घायल यात्रियों का इलाज कराया जा रहा है. देश-विदेश की खबरों के लिए बढ़ते रहें प्रभातखबर डॉट कॉम.
उत्तर पश्चिम पाकिस्तान में सुरक्षा बलों ने दो आतंकवादियों को मार गिराया
पाकिस्तान के सुरक्षा बलों ने अफगानिस्तान की सीमा से सटे देश के अशांत उत्तर पश्चिम क्षेत्र में एक खुफिया अभियान के दौरान बुधवार को दो आतंकवादियों को मार गिराया. सेना के कर्मियों ने बताया कि अभियान खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बन्नू जिले के जानी खेल इलाके में चलाया गया. उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान जवानों और आतंकियों के बीच जोरदार गोलीबारी हुई. दो आतंकवादी मारे गए, जबकि मौके से हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया. उन्होंने बताया कि मारे गए आतंकवादी सुरक्षा बलों और निर्दोष नागरिकों के खिलाफ कई आतंकी गतिविधियों में शामिल थे.
हिंदुजा समूह के चेयरमैन एसपी हिंदुजा का 87 साल में निधन
हिंदुजा समूह के चेयरमैन और चार हिंदुजा भाइयों में सबसे बड़े श्रीचंद परमानंद हिंदुजा का बुधवार को लंदन में निधन हो गया. वह 87 साल के थे. हिंदुजा परिवार के एक प्रवक्ता ने उनके निधन की सूचना दी। हिंदुजा पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे. प्रवक्ता ने कहा कि गोपीचंद, प्रकाश एवं अशोक हिंदुजा समेत समस्त हिंदुजा परिवार बड़े दुख के साथ सूचित कर रहा है कि परिवार के मुखिया एवं हिंदुजा समूह के चेयरमैन एस पी हिंदुजा का निधन हो गया है. भारतीय मूल के हिंदुजा ने बाद में ब्रिटेन की नागरिकता ले ली थी और वह लंदन में ही रहते थे.
संजय राउत ने कहा, त्र्यंबकेश्वर मंदिर में कुछ भी गलत नहीं हुआ
महाराष्ट्र में नासिक के त्र्यंबकेश्वर मंदिर में एक समूह के मंदिर में प्रवेश करने के कथित प्रयास को लेकर हुए विवाद के बीच शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने बुधवार को आरोप लगाया कि यह राज्य में सांप्रदायिक भावनाओं को भड़काने के लिए हिंदुत्व के नाम पर गिरोह बनाने की साजिश है. इससे पहले दिन में, ‘सकल हिंदू समाज’ के सदस्यों ने भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक, त्र्यंबकेश्वर मंदिर को शुद्ध करने के लिए गोमूत्र छिड़का और आरती की.
कर्नाटक में भाजपा की हार के बाद एनसीपी में बैठक
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) ने बुधवार को कोर कमेटी की बैठक के दौरान कर्नाटक चुनाव में भाजपा की हार के बाद की समग्र राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की. बैठक की अध्यक्षता पार्टी प्रमुख शरद पवार ने की. एनसीपी के मुख्य प्रवक्ता महेश तापसे ने बताया कि बैठक के दौरान पार्टी के संगठनात्मक मामलों पर भी चर्चा की गई.
खरीफ सत्र के लिए 1.08 लाख करोड़ रुपये की उर्वरक सब्सिडी को केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने खरीफ सत्र 2023-24 के लिए 1.08 लाख करोड़ रुपये की उर्वरक सब्सिडी को बुधवार को मंजूरी दे दी. सरकार के इस कदम का मकसद उर्वरकों की खुदरा कीमतों में बढ़ोतरी को रोकना है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में खरीफ सत्र के लिए यूरिया पर 70,000 करोड़ रुपये और डीएपी एवं अन्य उर्वरकों के लिए 38,000 करोड़ रुपये की सब्सिडी देने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई. उर्वरक एवं रसायन मंत्री मनसुख मांडविया ने मंत्रिमंडल में लिए गए इस फैसले की जानकारी देते हुए कहा कि अप्रैल, 2023- मार्च, 2024 के खरीफ सत्र में उर्वरक सब्सिडी पर कुल 1.08 लाख करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि उर्वरकों की अधिकतम खुदरा कीमतों (एमआरपी) में इस अवधि में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा. फिलहाल यूरिया की कीमत 276 रुपये प्रति बोरी है, जबकि डीएपी 1,350 रुपये प्रति बोरी पर बिक रही है. उर्वरक सब्सिडी से करीब 12 करोड़ किसानों को फायदा पहुंचने की उम्मीद है.
पुलिस ने इमरान खान के घर को घेरा, पाक मंत्री ने कहा, 30-40 आतंकवादी घर में घुसे
पाकिस्तान सरकार के मंत्री आमिर मीर ने दावा किया है कि पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के लाहौर स्थित घर में 40 आतंकवादी छुपे हुए हैं. इमरान खान के घर पर पुलिस पहुंची है और उनके घर को घेर लिया गया है. आमिर मीर ने 24 घंटे के अंदर इन आतंकवादियों को सौंपने का अल्टीमेटम दिया है.
लेखक के बारे में
By अरबिंद कुमार मिश्रा
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए