Mallikarjun Kharge: खरगे ने राष्ट्रपति मुर्मू पर ऐसा क्या कह दिया कि भड़क गई BJP, आदिवासी विरोधी मानसिकता का आरोप

BJP National Spokesperson Gaurav Bhatia
Mallikarjun Kharge: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर बीजेपी ने आपत्ती जताई है. बीजेपी ने कांग्रेस अध्यक्ष पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देने का आरोप लगाया है.
Mallikarjun Kharge: बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा, “मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लिए इस्तेमाल किए गए आपत्तिजनक शब्द कांग्रेस पार्टी की आदिवासी विरोधी मानसिकता को दर्शाते हैं. उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का भी अपमान किया है. हर कोई मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस पार्टी की निंदा कर रहा है. आपने (कांग्रेस ने) राष्ट्रपति को बिना किसी सम्मान के ‘मुरमा जी’ कहकर संबोधित किया और फिर अंत में उन्हें भू-माफिया कह दिया. पूरा देश जानता है कि अगर कोई भू-माफिया है, तो वह नकली गांधी परिवार है.”
बीजेपी ने खरगे से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की
बीजेपी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के खिलाफ कुछ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करने के खिलाफ सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की. इससे एक दिन पहले खरगे ने छत्तीसगढ़ में एक कार्यक्रम में राष्ट्रपति मुर्मू और पूर्व राष्ट्रपति कोविंद के नामों का कथित तौर पर गलत उच्चारण किया था, लेकिन तुरंत ही अपनी गलती सुधार ली थी.
खरगे ने क्या दिया था बयान?
कांग्रेस अध्यक्ष ने सोमवार को रायपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए यह भी कहा था, ‘‘बीजेपी हमेशा (द्रौपदी) मुर्मू जी और (राम नाथ) कोविंद जी को देश का राष्ट्रपति बनाने की बात करती है, लेकिन क्या पार्टी ने यह सब हमारी संपत्ति, जंगल, जल और जमीन छीनने के लिए किया है.’’
कांग्रेस के डीएनए में दलित विरोधी, आदिवासी विरोधी
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने खरगे पर जोरदार हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि इससे कांग्रेस के डीएनए में मौजूद दलित विरोधी, आदिवासी विरोधी और संविधान विरोधी मानसिकता का पता चलता है. भाटिया ने आरोप लगाया, ‘‘खरगे बड़ी-बड़ी बातें करते हैं- आपने रामनाथ कोविंद जी को ‘कोविड’ कहा- आप ‘मुरमा जी’ कहते हैं और फिर उन्हें (राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को) भू-माफिया कहते हैं और आरोप लगाते हैं कि वह संपत्ति, जंगल छीनने के लिए राष्ट्रपति बनी हैं.’’ भाटिया ने मांग की कि खरगे, मुर्मू और कोविंद के खिलाफ अप्रिय और अपमानजनक टिप्पणी करने के लिए माफी मांगें.
खरगे रिमोट कंट्रोल वाला अध्यक्ष
खरगे को कांग्रेस का रिमोट कंट्रोल वाला राष्ट्रीय अध्यक्ष बताते हुए भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि उन्होंने पार्टी नेता राहुल गांधी के इशारे पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं. भाटिया ने कहा, ‘‘पूरा भारत, आदिवासी समाज, दलित समाज और महिलाएं मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस की निंदा कर रही हैं.’’
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By ArbindKumar Mishra
मुख्यधारा की पत्रकारिता में 14 वर्षों से ज्यादा का अनुभव. खेल जगत में मेरी रुचि है. वैसे, मैं राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खबरों पर काम करता हूं. झारखंड की संस्कृति में भी मेरी गहरी रुचि है. मैं पिछले 14 वर्षों से प्रभातखबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इस दौरान मुझे डिजिटल मीडिया में काम करने का काफी अनुभव प्राप्त हुआ है. फिलहाल मैं बतौर शिफ्ट इंचार्ज कार्यरत हूं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




