संसद में हंगामा : राहुल गांधी से किरण रिजिजू की वन-टू-वन बैठक, क्या बिना बाधा के चलेगी संसद?

Updated:
विज्ञापन

राहुल गांधी, किरण रिजिजू (गोल घेरे में) File Photo

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोप और प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर लोकसभा में बुधवार को (5 अगस्त) भी हंगामा जारी है. सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले राहुल गांधी से किरेन रिजिजू मिलने पहुंचे थे.

विज्ञापन

गृह मंत्री अमित शाह से राम मंदिर चढ़ावा चोरी और प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर बयान की मांग को लेकर विपक्षी सांसदों ने बुधवार को लोकसभा में जोरदार हंगामा किया. सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने नारेबाजी शुरू कर दी. हंगामा बढ़ने पर अध्यक्ष ने महज एक मिनट के भीतर ही लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी.

विज्ञापन

संसद के मानसून सत्र में जारी गतिरोध के बीच सरकार और विपक्ष के बीच बातचीत की कोशिशें तेज हो गई हैं. इसी सिलसिले में सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की. संसद परिसर में हुई इस बैठक को गतिरोध खत्म करने और सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चलाने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है. हालांकि इस मुलाकात के बाद भी सदन में हंगामा जारी है.

संसद परिसर स्थित नेता प्रतिपक्ष के कार्यालय में हुई इस बैठक में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी भी मौजूद रहीं. 

प्रश्नकाल और शून्यकाल नहीं चल सके

लोकसभा में बुधवार को विपक्ष के हंगामे के कारण प्रश्नकाल और शून्यकाल नहीं चल सके. जैसे ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रश्नकाल की कार्यवाही शुरू कराई, विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी शुरू कर दी. वे अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले और दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर गृह मंत्री अमित शाह से बयान की मांग कर रहे थे. लगातार हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही बाधित रही.

ओम बिरला ने आसन के पास आकर नारे लगा रहे और पोस्टर लहरा रहे सदस्यों से कहा, ''सदन के अंदर या बाहर नारेबाजी लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है. आप नियोजित तरीके से पोस्टरबाजी करके और प्रदर्शन करके सदन की गरिमा को गिराना चाहते हैं.''

ओम बिरला ने सांसदों से क्या की अपील

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने हंगामा कर रहे कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के सांसदों से प्रश्नकाल चलने देने की अपील की. उन्होंने कहा कि प्रश्नकाल बेहद महत्वपूर्ण होता है और इसमें सभी सांसदों को जनता से जुड़े सवाल उठाने का अवसर मिलना चाहिए. बिरला ने आश्वासन दिया कि प्रश्नकाल समाप्त होने के बाद वे विपक्ष के सभी मुद्दों पर चर्चा करेंगे, लेकिन इसके बावजूद सदन में हंगामा जारी रहा.

13वें दिन भी प्रश्नकाल और शून्यकाल नहीं चल सके

संसद के मानसून सत्र की शुरुआत 20 जुलाई को हुई थी और तब से सदन में विभिन्न मुद्दों पर हंगामे की स्थिति के कारण आज लगातार 13वें दिन भी प्रश्नकाल और शून्यकाल नहीं चल सके.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola