विपक्षी गठबंधन की मुंबई बैठक में क्या होगा खास? शिवसेना करेगी ठहरने की व्यवस्था, एनसीपी को दिया गया ये खास काम
Published by : Amitabh Kumar Updated At : 27 Aug 2023 8:29 PM
कांग्रेस जहां मीडिया एवं प्रचार का कार्य देखेगी, वहीं एनसीपी को परिवहन व्यवस्था संभालने का काम दिया गया है. शिवसेना को ठहरने की व्यवस्था का जिम्मा दिया गया है. जानें बैठक के बारे में खास बातें
अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव की सरगर्मी तेज होने के साथ ही सभी की निगाहें विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) की मुंबई में होने वाली बैठक पर टिकी है, जहां गठबंधन का ‘लोगो’ जारी किये जाने तथा सीट बंटवारे सहित रणनीतिक मामलों पर विचार विमर्श किये जाने की संभावना जतायी जा रही है. आपको बता दें कि ‘इंडिया’ की पहली बैठक जून में पटना में हुई थी, वहीं दूसरी बैठक जुलाई मध्य में बेंगलुरु में आयोजित की गयी थी. बेंगलुरु में आयोजित सम्मेलन में गठबंधन को ‘इंडिया’ का नाम दिया गया था.
मुंबई में 31 अगस्त से शुरू होने जा रही दो दिवसीय बैठक से पहले बिहार के मुख्यमंत्री एवं जनता दल (यू) नेता नीतीश कुमार ने रविवार को एक बात कही जिसके बाद राजनीतिक हलके में हलचल मच गयी. उन्होंने कहा कि आगामी बैठक के दौरान ‘इंडिया’ में कुछ और दलों के शामिल होने की संभावना है. हालांकि बीजेपी के खिलाफ विभिन्न विपक्षी दलों को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कुमार ने इस बात का खुलासा नहीं किया कि कौन से राजनीतिक दल अब ‘इंडिया’ का हिस्सा बनेंगे. उन्होंने कहा कि इस बैठक में सीट बंटवारे एवं अन्य चुनावी रणनीतियों पर विचार विमर्श हम करेंगे.
मुझे अपने लिए कोई इच्छा नहीं: नीतीश कुमार
बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने राजधानी पटना में मीडिया से बात की और कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की मुंबई में प्रस्तावित बैठक के दौरान अगले साल होने वाले आम चुनाव के लिए गठबंधन की रणनीति पर विचार विमर्श किया जाएगा. सीट बंटवारे जैसे मुद्दों के अलावा अन्य एजेंडे को भी अंतिम रूप देने का काम किया जाएगा. कुछ अन्य राजनीतिक दल गठबंधन में शामिल भी होंगे. उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले अधिक से अधिक राजनीतिक दलों को एकजुट होना चाहिए. मैं उस दिशा में काम कर रहा हूं. मुझे अपने लिए कोई इच्छा नहीं है.
गठबंधन के लोगो का भी अनावरण किया जाएगा
उल्लेखनीय है कि शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राउत ने पिछले सप्ताह कहा था कि ऐसी संभावना है कि कुछ नये राजनीतिक दल, खासकर पूर्वोत्तर भारत के दल, दो-दिवसीय बैठक में हिस्सा लेंगे. राज्यसभा के सदस्य ने कहा था कि उपनगरीय मुंबई के ग्रैंड हयात होटल में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की तीसरी बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सांसद सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी सहित विभिन्न नेता शामिल होंगे. उन्होंने यह भी कहा था कि इस दौरान गठबंधन के लोगो का भी अनावरण किया जाएगा.
Also Read: ‘NDA बैठक में शामिल हुए कुछ राजनीतिक दल I.N.D.I.A. के संपर्क में’, कांग्रेस का दावा
इस बीच, कांग्रेस नेता मिलिंद देवड़ा ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए कई राज्यों में सीट बंटवारे का निर्णय कमोबेश लिया जा चुका है. उन्होंने कहा कि कुछेक प्रदेशों में इस बारे में फैसला लेने में कुछ और समय लगेगा. प्रस्तावित बैठक के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले देवड़ा ने ‘इंडिया’ के घटक दलों के बीच ‘बढ़ते तालमेल’ को लेकर खुशी जाहिर की और कहा कि इसका सर्वोत्तम उदाहरण महाराष्ट्र है. जब उनसे सवाल किया गया कि क्या सीट बंटवारे, समन्वय समिति गठित करने और गठबंधन के लिए संयोजक नियुक्त करने को लेकर मुंबई की बैठक में निर्णय लिया जाएगा, उन्होंने कहा कि ये ऐसे विषय हैं जिन पर अगले सप्ताह होने वाली बैठक में चर्चा हो सकती है.
शिवसेना को ठहरने की व्यवस्था का दिया गया जिम्मा
शिवसेना (यूबीटी), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) और कांग्रेस के गठबंधन महाविकास आघाडी ने ‘इंडिया’ की बैठक के विभिन्न पहलुओं की योजना के लिए विभिन्न समितियां गठित की हैं. विभिन्न समितियों में तीनों दलों से दो-दो नेता शामिल किये गये हैं और ये समितियां मीडिया, सोशल मीडिया, ठहरने की व्यवस्था, परिवहन आदि चीजों का ध्यान रखेंगी. कांग्रेस जहां मीडिया एवं प्रचार का कार्य देखेगी, वहीं एनसीपी को परिवहन व्यवस्था संभालने का काम दिया गया है. शिवसेना को ठहरने की व्यवस्था का जिम्मा दिया गया है. सूत्रों ने बताया कि ग्रैंड हयात होटल में 200 से अधिक कमरे बुक किये जा चुके हैं.
उल्लेखनीय है कि ‘इंडिया’ की यह पहली बैठक है, जो ऐसे राज्य में आयोजित हो रही है, जहां इस गठबंधन का कोई भी घटक सत्ता में नहीं है.
भा इनपुट के साथ
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Amitabh Kumar
अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










