Independence Day 2023: 10000 से अधिक जवान, 1000 सीसीटीवी कैमरे, कुछ ऐसी होगी लालकिले की सुरक्षा

Published by : ArbindKumar Mishra Updated At : 13 Aug 2023 11:34 PM

विज्ञापन

लालकिले पर ड्रोन रोधी प्रणाली लगायी गई हैं. वायु रक्षा तोप लगाये जाने सहित आतंकवाद रोधी सभी उपाय किए गए हैं. प्रधानमंत्री और अन्य वीवीआईपी मेहमानों की सुरक्षा के लिए स्नाइपर, विशिष्ट स्वाट कमांडो और शार्पशूटर रणनीतिक स्थानों पर तैनात किए जाएंगे.

विज्ञापन

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित लालकिले पर सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किये गए हैं, जहां से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 अगस्त को राष्ट्र को संबोधित करेंगे. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को 77वें स्वतंत्रता दिवस मनाने की तैयारी के बीच लालकिले की सुरक्षा के लिए चेहरे की पहचान करने वाले 1,000 कैमरे, ड्रोन रोधी प्रणाली और निगरानी के लिए 10,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किये गए हैं.

नूंह हिंसा के मद्देनजर बढ़ायी गयी सुरक्षा

लालकिले पर होने वाले कार्यक्रम के लिए दो साल की अवधि के बाद कोविड-19 रोधी कोई पाबंदी नहीं होगी. यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, जहां काफी लोगों के जुटने की उम्मीद है. पुलिस ने कहा कि हरियाणा के नूंह और आसपास के इलाकों में हाल की हिंसा को ध्यान में रखते हुए कड़ी निगरानी सुनिश्चित की जा रही है.

समारोह में कोरोना पाबंदी नहीं

विशेष पुलिस आयुक्त (कानून और व्यवस्था) दीपेंद्र पाठक ने सुरक्षा व्यवस्था का विवरण साझा करते हुए कहा, इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया जाएगा, जिसमें कोविड​​-19 रोधी कोई पाबंदी नहीं होगी. इसलिए, पुलिस की पुख्ता और पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाएगी. पाठक ने कहा, हम सुरक्षा प्रदान करने के लिए अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय और वास्तविक समय की जानकारी साझा करेंगे. दिल्ली पुलिस सुरक्षा उद्देश्यों के लिए प्रौद्योगिकी आधारित प्रणाली का भी उपयोग करेगी. हम तैयार हैं और अभ्यास कर रहे हैं.

Also Read: Independence Day 2023: देशभर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जश्न का माहौल, विजिट करें कर्नाटक के इन जगहों पर

लाल किले की प्राचीर पर नहीं होगी कोई बड़ी सजावट

राष्ट्रीय त्योहार के लिए मध्य दिल्ली स्थित लाल किले के सामने ज्ञान पथ को फूलों से सजाया जाएगा, साथ ही यहां जी20 संबंधी बोर्ड भी लगाये गए हैं. हालांकि, किले की प्राचीर पर कोई बड़ी सजावट नहीं होगी, जहां से प्रधानमंत्री राष्ट्र को संबोधित करते हैं. सरकार ने यहां स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने के लिए देशभर से प्रधानमंत्री-किसान योजना के लाभार्थियों सहित लगभग 1,800 विशेष मेहमानों को आमंत्रित किया है. पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, इस साल, 20,000 से अधिक अधिकारी और नागरिक स्वतंत्रता दिवस समारोह में हिस्सा लेंगे. राष्ट्रीय उत्सव के लिए ज्ञान पथ को फूलों से सजाया जा रहा है और जी20 संबंधी बोर्ड भी लगाये गए हैं.

आसमान से भी रखी जाएगी निगरानी

पुलिस ने कहा कि लालकिले के अंदर और आसपास एवं अन्य रणनीतिक स्थानों पर चेहरे की पहचान और वीडियो विश्लेषण प्रणाली वाले लगभग 1,000 कैमरे लगाए गए हैं, ताकि अचूक सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और वीवीआईपी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके. परंपरा के अनुसार, लालकिले पर ड्रोन रोधी प्रणाली लगायी गई हैं. वायु रक्षा तोप लगाये जाने सहित आतंकवाद रोधी सभी उपाय किए गए हैं. प्रधानमंत्री और अन्य वीवीआईपी मेहमानों की सुरक्षा के लिए स्नाइपर, विशिष्ट स्वाट कमांडो और शार्पशूटर रणनीतिक स्थानों पर तैनात किए जाएंगे.

अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा बल हाईअलट पर

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा बल हाईअलर्ट पर हैं. उन्होंने कहा कि पुलिस ने गश्त तेज कर दी है और केंद्रीय एजेंसियों से प्राप्त खुफिया सूचनाओं के आधार पर महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर अतिरिक्त पिकेट लगाये गए हैं. उन्होंने कहा कि सीमाओं पर गहन जांच की जा रही है और पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में कानून-व्यवस्था की स्थिति को बाधित करने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है.

लालकिले के आसपास के क्षेत्रों में पतंग उड़ाने पर बैन

पुलिस ने कहा कि कार्यक्रम के पूरा होने तक लालकिले के आसपास के क्षेत्रों में पतंग उड़ाना निषिद्ध कर दिया गया है. पुलिस ने कहा कि रणनीतिक स्थानों पर आवश्यक उपकरणों के साथ पतंग पकड़ने के लिए कुल 153 व्यक्तियों को तैनात किया जाएगा. पुलिस ने बताया कि लालकिले के पास के इलाकों के निवासियों को कार्यक्रम खत्म होने तक पतंग नहीं उड़ाने के लिए कहा गया है. वर्ष 2017 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस के संबोधन के दौरान, एक पतंग मंच के ठीक नीचे आ गिरी थी. हालांकि, प्रधानमंत्री ने बिना किसी चिंता के अपना भाषण जारी रखा था.

होटल, गेस्ट हाउस की की जा रही जांच

पुलिस उपायुक्त (उत्तर) सागर सिंह कलसी ने कहा, दिल्ली पुलिस ने भी गश्त और जांच तेज कर दी है. होटल, गेस्ट हाउस, पार्किंग स्थल और रेस्तरां की जांच की जा रही है और किरायेदारों और नौकरों का सत्यापन किया जा रहा है। आरडब्ल्यूए (निवासी कल्याण संघ) और एमडब्ल्यूए (बाजार कल्याण संघ) के सदस्यों के साथ बैठकें भी की जा रही हैं.

इन इलाकों में धारा 144 लागू

पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस से पहले गुरुवार को राजघाट, आईटीओ और लालकिला जैसे इलाकों में धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है. पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर किये गए पोस्ट में कहा, स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर, राजघाट, आईटीओ, लालकिला आदि के आसपास के इलाकों में धारा 144 लागू कर दी गई है. इन क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की सभा की अनुमति नहीं है.

अगस्त तक राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में इन्हें किया गया है बैन

वर्ष 2021 में, दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों से लालकिले के मुख्य द्वार पर भित्तिचित्रों से सजाए गए शिपिंग कंटेनर खड़े कर दिये थे. इस साल ऐसी कोई दीवार नहीं होगी. पुलिस ने कहा कि 16 अगस्त तक राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में पैरा-ग्लाइडर, पैरा-मोटर्स, हैंग ग्लाइडर, यूएवी, माइक्रोलाइट विमान, दूर से संचालित विमान, गर्म हवा के गुब्बारे, छोटे आकार के विमान, क्वाडकॉप्टर या विमान की उड़ान प्रतिबंधित है.

विज्ञापन
ArbindKumar Mishra

लेखक के बारे में

By ArbindKumar Mishra

अरबिंद कुमार मिश्रा वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में एक अनुभवी पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. अप्रैल 2011 से संस्थान का हिस्सा रहे अरबिंद के पास पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर और डेस्क एडिटर 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह नेशनल और इंटरनेशनल डेस्क की जिम्मेदारी संभालने के साथ-साथ एक पूरी शिफ्ट का नेतृत्व (Shift Lead) भी कर रहे हैं. विशेषज्ञता और अनुभव अरबिंद की लेखनी में खबरों की गहराई और स्पष्टता है. उनकी मुख्य विशेषज्ञता इन क्षेत्रों में है. राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मामले: वैश्विक राजनीति और देश की बड़ी घटनाओं पर पैनी नजर. खेल पत्रकारिता: झारखंड में आयोजित 34वें नेशनल गेम्स से लेकर JSCA स्टेडियम में हुए कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव. झारखंड की संस्कृति: राज्य की कला, संस्कृति और जनजातीय समुदायों की समस्याओं और उनकी जीवनशैली पर विशेष स्टोरीज. पंचायतनामा: ग्रामीण विकास और जमीनी मुद्दों पर 'पंचायतनामा' के लिए विशेष ग्राउंड रिपोर्टिंग. करियर का सफर प्रभात खबर डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत करने वाले अरबिंद ने पत्रकारिता के हर आयाम को बखूबी जिया है. डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझने से पहले उन्होंने आकाशवाणी (All India Radio) और दूरदर्शन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में एंकरिंग के जरिए अपनी आवाज और व्यक्तित्व की छाप छोड़ी है. शिक्षा और योग्यता UGC NET: अरबिंद मिश्रा ने यूजीसी नेट (UGC NET) उत्तीर्ण की है. मास्टर्स (MA): रांची यूनिवर्सिटी के जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विभाग से एमए की डिग्री. ग्रेजुएशन: रांची यूनिवर्सिटी से ही मास कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म में स्नातक.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola