Aaj ka Mausam : शीतलहर से कांपेंगे इन राज्यों के लोग, 1 जनवरी तक के लिए अलर्ट जारी
Published by : Amitabh Kumar Updated At : 30 Dec 2025 7:29 AM
आईएमडी ने जारी किया अलर्ट (Photo: PTI)
Aaj ka Mausam : मौसम विभाग के अनुसार पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ के अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 31 दिसंबर तक रात व सुबह घना से बहुत घना कोहरा छाया रहेगा. वहीं पहाड़ी राज्यों में ठंड बढ़ेगी, कुछ जगह हल्की बारिश व बर्फबारी की संभावना व्यक्त की गई है.
Aaj ka Mausam : मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 1 जनवरी 2026 तक कोहरे का असर बना रह सकता है, इसके बाद धीरे-धीरे कमी आएगी. जम्मू और उत्तरी मध्य प्रदेश में 30 दिसंबर तक कोहरा छाए रहने की संभावना है. वहीं, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और बिहार में 5 जनवरी तक कोहरे का प्रभाव रह सकता है, जबकि अरुणाचल प्रदेश में 31 दिसंबर तक कोहरा रहने के आसार हैं. इसके अलावा असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा और झारखंड के कई इलाकों में भी अलग-अलग जगहों पर घना कोहरा देखने को मिल सकता है, जिससे विजिबिलिटी प्रभावित हो सकती है.
दिल्ली में ‘येलो’ अलर्ट
मौसम विभाग ने ‘येलो’ अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि मंगलवार को दिल्ली में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. मंगलवार को अधिकतम तापमान लगभग 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है.
उत्तराखंड में बर्फबारी की संभावना
दिसंबर के अंत के करीब पहुंचने के बावजूद अब तक सूनी पड़ी उत्तराखंड की ऊंची चोटियों पर आने वाले दिनों में बर्फबारी की संभावना है. आईएमडी के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के बनने से उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों में ऊंचाई वाले स्थानों पर मंगलवार से दो जनवरी तक हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है.
राजस्थान में शीतलहर की स्थिति
राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में कड़ाके की ठंड बनी हुई है. सीकर जिले के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार राज्य में फिलहाल शीतलहर की स्थिति जारी रहने की संभावना है.
ओडिशा में ठंड का असर जारी
आईएमडी के अनुसार, ओडिशा में सोमवार को भी शीत लहर का असर बना रहा. राज्य के कम से कम 13 स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ. आईएमडी ने पांच दिनों की चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि नव वर्ष तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है.
यह भी पढ़ें : IMD Alert: 30 दिसंबर से लेकर 5 जनवरी तक बिगड़ा रहेगा मौसम, कड़ाके की ठंड- शीतलहर और कोहरे का अलर्ट
झारखंड के कई हिस्सों में शीतलहर का अलर्ट जारी
आईएमडी के रांची स्थित केंद्र ने झारखंड के कई हिस्सों में शीत लहर और घने कोहरे की स्थिति को लेकर येलो अलर्ट जारी किया. मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, खूंटी और रांची के लिए शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में मंगलवार तक भीषण ठंड का प्रकोप जारी रहने की संभावना है.
इन राज्यों में कोल्ड डे की स्थिति
उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में 31 दिसंबर तक कोल्ड डे से लेकर सिवियर कोल्ड डे की स्थिति बने रहने की बहुत अधिक संभावना व्यक्त की गई है. हिमाचल प्रदेश में 31 दिसंबर और 1 जनवरी को, उत्तराखंड में 29 और 30 दिसंबर को कोल्ड डे की स्थिति नजर आ सकती है. वहीं बिहार में 30 से 31 दिसंबर के दौरान अलग-अलग इलाकों में कोल्ड डे की स्थिति बनने के आसार हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Amitabh Kumar
अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










