Coronavirus In India Live Update: पश्चिम बंगाल में कोरोना के 4883 नए मामले दर्ज, 4321 मरीजों को अस्पताल से दी गई छुट्टी
Coronavirus In India Live Update: देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 91,702 नये मामले सामने आये. इसके साथ ही देश में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 2,92,74,823 हो गयी है. पिछले 24 घंटे में कोरोना से 3,403 लोगों की मौत हो गयी, इसके साथ में देश में कोरोना से मरनेवालों की कुल संख्या 3,63,079 हो गयी है. वहीं कोरोना दूसरी लहर के दौरान 2000 मौते प्रति दिन के औसत से अब तक दो लाख लोगों की मौत हो चुकी है. मार्च 2021 से लेकर अभी तक 2.5 लाख लोगों की मौत हो चुकी है. कोरोना वायरस से संबंधित तमाम अपडेट के लिए बने रहे prabhatkhabar.com पर…
पश्चिम बंगाल में कोरोना के 4883 नए मामले दर्ज, 4321 मरीजों को अस्पताल से दी गई छुट्टी
पश्चिम बंगाल में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 4883 नए मामले सामने आए. इस दौरान 4321 लोगों को बीमारी से ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है. हालांकि, इन 24 घंटों के दौरान 89 लोगों की मौत भी हो गई. इसी के साथ राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 14,52,987 तक पहुंच गई है, जबकि अब तक करीब 14,21,064 लोग रिकवर हुए.
मुंबई में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना के 696 नए मामले सामने आए, 658 रिकवर होकर पहुंचे अपने घर
महाराष्ट्र के साथ-साथ देश की औद्योगिक राजधानी मुंबई में भी कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी आ रही है. स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, मुंबई में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना के 696 नए मामले सामने आए, जबकि 658 रिकवर होकर अपने-अपने घरों को लौट गए. हालांकि, इस दौरान और 24 कोरोना मरीजों की मौत भी हो गई.
दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना के सामने आए 238 नए मामले, 504 को अस्पताल से दी गई छुट्टी
कोरोना की दूसरी लहर में देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना के नए मामलों में लगातार तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है. पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना के 238 नए मामले सामने आए, जबकि 504 की रिकवरी के बाद अस्पताल से छुट्टी देकर घर भेज दिया गया है. हालांकि, इस दौरान 24 कोरोना मरीजों की मौत भी हो गई. दिल्ली में अभी कोरोना के 3922 सक्रिय मामले हैं.
113.96 टन ऑक्सीजन लेकर 31वीं ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेन बेंगलुरु पहुंची
कर्नाटक में कोरोना मरीजों के इलाज के लिए 113.96 टन मेडिकल लिक्विड ऑक्सीजन (एलएमओ) लेकर 31वीं ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेन बेंगलुरु पहुंच गई है. दक्षिण-पश्चिम रेलवे के अनुसार, यह ऑक्सीजन छह क्रायोजेनिक कंटेनर में पहुंचाई गई है. रेलवे के मुताबिक, अब तक कर्नाटक को ट्रेन के जरिए 3,563.15 टन एलएमओ की आपूर्ति की जा चुकी है.
राज्यों के पास 1.17 करोड़ से अधिक अब भी उपलब्ध है कोरोना रोधी टीके की खुराक, तीन में मिलेगी 38 लाख डोज
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए कहा कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास कोरोना रोधी टीके की 1.17 करोड़ से अधिक खुराकें उपलब्ध हैं, जबकि अगले तीन दिन के भीतर उन्हें 38 लाख अधिक खुराकें और दी जाएंगी. मंत्रालय ने बताया कि अब तक राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों को 25.60 करोड़ से अधिक खुराकें दी गई हैं. ये खुराकें उन्हें भारत सरकार की ओर से नि:शुल्क तथा राज्यों द्वारा सीधे खरीद की श्रेणी में दी गई हैं. मंत्रालय ने बताया कि कुल 24,44,06,096 खुराकों (बर्बाद हुए टीकों समेत) का इस्तेमाल हुआ है. उसने बताया कि राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों के पास कोरोना रोधी टीकों की कुल 1,17,56,911 खुराक अब भी मौजूद हैं. इसके अलावा, अगले तीन दिन में और 38,21,170 खुराकें उन्हें उपलब्ध करवाई जाएंगी.
कोरोना के कम होते मामलों के बीच घटी मास्क और सैनिटाइजर की बिक्री
ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन और निर्माताओं ने कोविड -19 की दूसरी लहर के साथ मास्क और सैनिटाइज़र की बिक्री में उल्लेखनीय गिरावट होने की बात कही है. जो इस बात का संकेत दे रही है कि देश भर में कोरोना संक्रमण का मामले कम हुए हैं. ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष जगन्नाथ शिंदे ने कहा, सैनिटाइजर और मास्क की बिक्री में 30-40 फीसदी तक की कमी आयी है.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए