ठग सुकेश का नया शिगूफा, कहा - पॉलीग्राफ टेस्ट कराने को तैयार हूं, केजरीवाल और जैन को भी रखें सामने

भाजपा के सांसद और पार्टी की दिल्ली इकाई के पूर्व अध्यक्ष मनोज तिवारी ने मंगलवार को अरविंद केजरीवाल, सत्येंद्र जैन और ठग सुकेश चंद्रशेखर के लिए झूठ पकड़ने वाली जांच (लाइ डिटेक्टर टेस्ट) कराने और इसका टीवी पर लाइव प्रसारण करने की मांग की थी.
नई दिल्ली : दिल्ली की मंडोली जेल में बंद ठग सुकेश चंद्रशेखर का एक नया शिगूफा सामने आया है. खबर यह है कि सच-झूठ का पैमाना तय करने के लिए वह खुद का पॉलीग्राफ टेस्ट कराने के लिए तैयार बताया जा रहा है, लेकिन उसकी मांग यह है कि इस पॉलीग्राफ टेस्ट के दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और मंत्री सत्येंद्र जैन को भी सामने रखा जाएगा. इसके साथ ही, उसने यह शर्त भी रखी है कि अरविंद केजरीवाल और सत्येंद्र जैन के साथ होने वाले पॉलीग्राफ टेस्ट का लाइव प्रसारण होना चाहिए.
वकील अशोक के सिंह के जरिए दिए गए बयान में जेल में बंद ठग सुकेश चंद्रशेखर ने दावा किया है कि उसके सभी आरोप सही हैं. चंद्रशेखर ने 11 नवंबर की तारीख वाले बयान में कहा कि पॉलीग्राफ टेस्ट तीनों की उपस्थिति में एक साथ आमने-सामने होनी चाहिए और इस प्रक्रिया का लाइव प्रसारण होना चाहिए, ताकि पूरा देश केजरीवाल और जैन की असलियत का ‘भानुमति का पिटारा’ देख सके.
भाजपा के सांसद और पार्टी की दिल्ली इकाई के पूर्व अध्यक्ष मनोज तिवारी ने मंगलवार को अरविंद केजरीवाल, सत्येंद्र जैन और ठग सुकेश चंद्रशेखर के लिए झूठ पकड़ने वाली जांच (लाइ डिटेक्टर टेस्ट) कराने और इसका टीवी पर लाइव प्रसारण करने की मांग की थी. इस हफ्ते की शुरुआत में चंद्रशेखर ने दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना को चिट्ठी लिखकर आरोप लगाया कि उसे केजरीवाल और आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं-जैन और कैलाश गहलोत के खिलाफ अपनी शिकायतें वापस लेने के लिए धमकाया जा रहा है और उसने दिल्ली के बाहर किसी जेल में स्थानांतरित करने की मांग की.
Also Read: ठग सुकेश चंद्रशेखर ने दिल्ली के एलजी को फिर लिखी चिट्ठी, ‘धमकी’ की आड़ में जेल बदलने की रखी मांग
ठग सुकेश चंद्रशेखर ने इससे पहले दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना को चिट्ठी लिखकर कथित धमकी और भ्रष्टाचार के लिए केजरीवाल और अन्य के खिलाफ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की जांच की मांग की थी. उसने आरोप लगाया था कि जैन ने जेल में उसकी सुरक्षा के बदले 2019 में उससे 10 करोड़ रुपये की उगाही की थी. चंद्रशेखर ने बाद में एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आरोप लगाया कि उसने 2016 में जैन को असोला में अपने फार्महाउस पर 50 करोड़ रुपये दिए थे, जिसके बाद केजरीवाल और अन्य उससे रात के खाने के लिए एक होटल में मिले.
भाजपा की भाषा बोल रहा ठग चंद्रशेचखर
इस बीच, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा को चंद्रशेखर को अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाना चाहिए, क्योंकि वह भाजपा की भाषा बोल रहा है. केजरीवाल ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि भाजपा चंद्रशेखर को स्टार प्रचारक के रूप में अपने पाले में लाई है. केजरीवाल ने कहा कि भाजपा मेरे ‘लाइ डिटेक्टर टेस्ट’ की मांग करती है और सुकेश चंद्रशेखर भी यही मांग करता है. वे एक ही भाषा बोलते हैं. वह अब भाजपा में शामिल होने के लिए पूरी तरह से प्रशिक्षित है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




