ePaper

लोकसभा स्पीकर के खिलाफ नो-कॉन्फिडेंस मोशन लाएंगे कांग्रेस सांसद, आरोप: बायस्ड हैं

Updated at : 09 Mar 2026 2:07 PM (IST)
विज्ञापन
Om Birla Parliament

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला.

Budget Session: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ कांग्रेस अविश्वास प्रस्ताव लाएगी. कांग्रेस सांसदों ने आरोप लगाया कि वह सरकार के पक्ष में झुके हैं.

विज्ञापन

Budget Session: बजट सत्र का दूसरा चरण आज शुरू होते ही कांग्रेस सांसद के. सुरेश ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की घोषणा की. तीन कांग्रेस सांसदों में शामिल सुरेश ने आरोप लगाया कि लोकसभा अध्यक्ष पक्षपातपूर्ण तरीके से काम कर रहे हैं और विपक्ष को सदन में बोलने का मौका नहीं दिया जा रहा है. समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए सुरेश ने कहा, ‘हम लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव ला रहे हैं. इस पर आज चर्चा होगी.’ उन्होंने यह भी बताया कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद भी इस प्रस्ताव का समर्थन करेंगे.

सुरेश ने कहा, ‘विपक्ष के नेताओं को सदन में बोलने का मौका नहीं दिया जा रहा है. हमें लगता है कि अध्यक्ष का रुख सत्तापक्ष के पक्ष में झुका हुआ है.’ कांग्रेस सांसद रजनी पाटिल ने भी कहा कि पार्टी पिछले बजट सत्र के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता (एलओपी) के साथ हुए कथित ‘अलोकतांत्रिक व्यवहार’ को लेकर जवाब मांगेगी. उन्होंने एएनआई से कहा, ‘हम निश्चित रूप से यह सवाल उठाएंगे कि हमारे नेता प्रतिपक्ष को सदन में बोलने की अनुमति क्यों नहीं दी गई और हम स्पीकर को हटाने की मांग करेंगे.’

प्रस्ताव पर 118 सासंदों के हस्ताक्षर

ये टिप्पणियां उस समय सामने आईं जब लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव औपचारिक रूप से पेश किया गया, जिस पर 118 सांसदों के हस्ताक्षर हैं. कांग्रेस सांसद मोहम्मद जावेद, कोडिकुन्निल सुरेश और मल्लू रवि ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने और विपक्ष की महिला सांसदों के खिलाफ ‘अनुचित आरोप’ लगाने का भी आरोप लगाया है.

उन्होंने यह भी कहा कि जब विपक्षी सांसद जनता से जुड़े मुद्दे उठाते हैं तो उन्हें पूरे संसदीय सत्र के लिए निलंबित कर दिया जाता है, जबकि सत्तारूढ़ दल के सदस्यों द्वारा पूर्व प्रधानमंत्रियों के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणियों पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती. कांग्रेस सांसदों ने यह भी आरोप लगाया कि ओम बिरला ‘हर विवादित मुद्दे पर खुले तौर पर सत्तारूढ़ दल के पक्ष का समर्थन करते हैं’, जो लोकसभा के सुचारु संचालन के लिए खतरा है.

प्रियंका चतुर्वेदी की उम्मीद- स्पीकर तक पहुंचेंगी चिंताएं

वहीं शिवसेना (यूबीटी) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने उम्मीद जताई कि इस प्रस्ताव के जरिए विपक्ष की चिंताएं स्पीकर तक पहुंचेंगी. उन्होंने एएनआई से कहा, ‘स्पीकर की कुर्सी निष्पक्ष होती है. संविधान में प्रावधान है कि यदि विपक्ष को लगता है कि अध्यक्ष पक्षपातपूर्ण तरीके से काम कर रहे हैं, तो वह अविश्वास प्रस्ताव ला सकता है. हमें उम्मीद है कि इससे स्पीकर तक यह संदेश पहुंचेगा कि जिम्मेदारी को ध्यान में रखते हुए अपने कर्तव्यों का पालन किया जाना चाहिए.’

किरन रिजिजू करेंगे चर्चा की शुरुआत

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को हटाने के प्रस्ताव पर चर्चा की शुरुआत करेंगे. सूत्रों के अनुसार, भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर, निशिकांत दुबे, रविशंकर प्रसाद और भर्तृहरि महताब इस मुद्दे पर अपने विचार रखेंगे. वहीं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान भी सदन को संबोधित करेंगे.

ये भी पढ़ें:- ईरान ने भारत को क्यों कहा थैंक्स, विदेश मंत्री ने राज्यसभा में बताया

भाजपा ने कांग्रेस के कदम पर बोला हमला

इससे पहले दिन में किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के फैसले पर कांग्रेस को ‘पछताना पड़ेगा.’ पत्रकारों से बात करते हुए रिजिजू ने स्पीकर का बचाव करते हुए कहा कि यह प्रस्ताव ‘बिना किसी कारण’ के लाया गया है और सिर्फ ‘एक व्यक्ति की जिद’ को संतुष्ट करने के लिए लाया गया है. उन्होंने कहा कि भाजपा इस पर ‘सदन में पूरी तरह से जवाब देने के लिए तैयार है’ और यह प्रस्ताव निश्चित रूप से पराजित होगा.

रिजिजू ने आगे आरोप लगाया कि कांग्रेस लोकतंत्र की परवाह नहीं करती और केवल ‘एक परिवार’ में विश्वास करती है. उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस को पछताना पड़ेगा. लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ बिना किसी कारण और बिना सोचे-समझे सिर्फ एक व्यक्ति की जिद को संतुष्ट करने के लिए लाया गया यह प्रस्ताव हार का सामना करेगा.’

ये भी पढ़ें:- ईरान युद्ध का भारत की खेती पर पड़ेगा असर?

भाजपा के कई नेताओं ने स्पीकर के खिलाफ लाए गए इस प्रस्ताव की कड़ी आलोचना की है. सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और विपक्षी कांग्रेस दोनों ने अपने-अपने लोकसभा सांसदों को 9 से 11 मार्च तक सदन में उपस्थित रहने के लिए ‘तीन लाइन का व्हिप’ जारी किया है. वहीं ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (एआईटीसी) के सांसद भी पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी के निर्देश के अनुसार इस अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन करेंगे.

ANI के इनपुट के साथ.

विज्ञापन
Anant Narayan Shukla

लेखक के बारे में

By Anant Narayan Shukla

इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola