Breaking News: गैर-कश्मीरी श्रमिकों पर आतंकवादियों ने की गोलीबारी, बिहार के मजदूर की मौत
Breaking News Today: गैर-कश्मीरी श्रमिकों पर आतंकवादियों ने की गोलीबारी, बिहार के मजदूर की मौत. दिल्ली में कोरोना से 2 लोगों की मौत, 373 नये मामले सामने आये. 4 भारतीय, 16 नेपाली नागरिकों को काठमांडू में दी गयी अंतिम विदाई. आंतरिक सुरक्षा पर अमित शाह ने बड़ी बैठक की. आप हमारे साथ बने रहें.
गैर-कश्मीरी श्रमिकों पर आतंकी हमला, बिहार के मजदूर की मौत
गैर कश्मीरी श्रमिकों को एक बार फिर निशाना बनाया गया है. बडगाम के चडूरा क्षेत्र में स्थित मगरेपोरा में आतंकवादियों ने दो श्रमिकों पर गोली चलायी. इसमें एक श्रमिक की मौत हो गयी है. जिस श्रमिक की मौत हुई है, वह बिहार का रहने वाला है.
इस्राइल के उपप्रधानमंत्री ने मोदी से मुलाकात की
भारत के आधिकारिक दौरे पर आये इस्राइल के उपप्रधानमंत्री एवं रक्षा मंत्री लेफ्टिनेंट जनरल बेंजामिन गेंट्ज ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने बताया कि दोनों नेताओं ने पिछले कुछ वर्षों में भारत और इस्राइल के बीच रक्षा सहयोग तेजी से बढ़ने के संबंध में समीक्षा की. पीएमओ ने बताया कि वार्ता के दौरान मोदी ने इस्राइली रक्षा कंपनियों को भारत में सह-विकास और सह-उत्पादन के अवसरों से लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया.
चीन में आये शक्तिशाली भूकंप के कारण 13,000 से अधिक लोग प्रभावित
चीन के दक्षिण पश्चिम प्रांत सिचुआन के यान शहर में बुधवार को आये शक्तिशाली भूकंप के कारण 13,000 से अधिक लोग प्रभावित हुए और पांच पनबिजली स्टेशन को नुकसान पहुंचा है. साथ ही कई घरों को भी भारी क्षति हुई. बचाव कार्य में जुटे स्थानीय अधिकारियों ने यह जानकारी दी. यान शहर में आये भूकंप के कारण 4 लोगों की मौत हो गयी और 41 अन्य घायल हो गये.
दिल्ली में कोरोना से 2 लोगों की मौत, 373 नये मामले सामने आये
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोनावायरस के संक्रमण से 2 लोगों की मौत हो गयी. पिछले 24 घंटे के दौरान 373 लोग कोरोना से संक्रमित पाये गये. इस दौरान 448 लोग स्वस्थ भी हुए हैं. कोरोना के एक्टिव केस की संख्या 1,490 हो गयी है. स्वास्थ्य विभाग की ओर से यह जानकारी दी गयी है.
6 जून को मेहसाणा में तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे अरविंद केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 6 जून को गुजरात के मेहसाणा में आम आदमी पार्टी की ओर से निकाली जाने वाली तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे. गुजरात में इस वर्ष होने वाले चुनावों की वजह से आम आदमी पार्टी काफी सक्रिय हो गयी है.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए