Breaking News: दिल्ली में कोविड-19 से 4 लोगों की मौत, 673 नये संक्रमित मिले
Breaking News LIVE Today: दिल्ली में कोविड-19 से 4 लोगों की मौत, 673 नये संक्रमित मिले. लद्दाख पहुंचे सेना प्रमुख मनोज पांडे, तैयारियों का लिया जायजा. त्रिपुरा के CM बिप्लव देव ने दिया इस्तीफा, मानिक साहा होंगे नये सीएम. दिल्ली के मुंडका अग्निकांड में 27 लोगों की मौत.
दिल्ली में कोविड-19 से 4 लोगों की मौत, 673 नये संक्रमित मिले
दिल्ली में कोविड-19 से 4 लोगों की मौत हो गयी है. 673 नये संक्रमित मिले हैं. संक्रमण की दर 2.77 फीसदी है. दिल्ली सरकार की ओर से जारी स्वास्थ्य बुलेटिन में यह जानकारी दी गयी है.
लातूर में पांच महिलाएं तालाब में डूबीं
महाराष्ट्र के लातूर जिले की अहमदपुर तहसील में शनिवार सुबह एक तालाब में डूब जाने से पांच महिलाओं की मौत हो गयी. ये सभी महिलाएं गन्ने की कटाई का कार्य करती थीं. किंगाओ थाने के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना तुलसीराम टांडा गांव में सुबह करीब साढ़े आठ बजे उस समय हुई, जब महिलाएं तालाब में कपड़े धो रहीं थीं.
किश्तवाड़ में फंसे 100 से अधिक लोगों को सेना ने बचाया
सेना ने शनिवार को कहा कि एक पुल के बह जाने के कारण दूर-दराज के एक गांव में फंसे 100 से अधिक लोगों को बचा लिया गया है, जबकि नदी के पार नियमित आवाजाही के लिए नया पुल बनाने का काम जारी है. रक्षा प्रवक्ता ने यहां कहा कि बृहस्पतिवार शाम अचानक पानी के बहाव में तेज वृद्धि के कारण मचैल क्षेत्र के चिसोटी गांव में नदी पर बना लकड़ी का पुल बह गया, जिससे 100 से अधिक लोग फंस गये.
31 मई को शिमला में जनसभा को संबोधित कर सकते हैं प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केंद्र में उनके नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार के आठ साल पूरे होने के मौके पर शिमला में 31 मई को एक जनसभा को संबोधित कर सकते हैं. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हिमाचल प्रदेश इकाई के अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने शनिवार को यह जानकारी दी. इस बीच, राज्य के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रैली के लिए प्रस्तावित स्थल का शनिवार को निरीक्षण किया.
आईएसआईएस ने मिस्र में हमले की जिम्मेदारी ली, पांच सैनिक मारे गये
मिस्र के सिनाई क्षेत्र में हमले की इस्लामिक स्टेट से संबद्ध एक समूह ने जिम्मेदारी ली है. हमले में पांच सैनिक मारे गये. आतंकी समूह ने एक बयान जारी कर बुधवार को किये गये हमले की जिम्मेदारी ली. बयान की सत्यता की पुष्टि नहीं हो पायी है, लेकिन इसे सोशल मीडिया टेलीग्राम पर जारी किया गया है.
गुजरात में कोविड-19 के 31 नये मामले
गुजरात में शनिवार को कोविड-19 के 31 नये मामले सामने आये, जिससे संक्रमितों की संख्या बढ़कर 12,24,688 हो गयी. मृतक संख्या 10,944 पर स्थिर रही, क्योंकि किसी और मरीज की संक्रमण से मौत नहीं हुई.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए