Breaking News: चार्ल्स तृतीय बने ब्रिटेन का नया सम्राट, महाराजा के रूप में पहली बार पहुंचे बकिंघम पैलेस
Breaking News : ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन के बाद भारत रविवार को शोक मनाएगा. राहुल गांधी के भारत जोड़ो यात्रा का आज तीसरा दिन है. ताजा खबरों के लिए आप प्रभात खबर डॉट कॉम पढ़ते रहें.
चार्ल्स तृतीय बने ब्रिटेन का नया सम्राट, महाराजा के रूप में पहली बार पहुंचे बकिंघम पैलेस
महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन के एक दिन बाद चार्ल्स तृतीय को ब्रिटेन का नया सम्राट बनाया गया है. महाराजा चार्ल्स तृतीय ब्रिटेन के नए सम्राट के रूप में पहली बार बकिंघम पैलेस पहुंचे. वे स्कॉटलैंड के बाल्मोरल कैसल से लंदन पहुंचे हैं.
गुरुग्राम, मानेसर में निगरानी के लिए लगाए गए 1200 सीसीटीवी कैमरे
गुरुग्राम और मानेसर क्षेत्र में 222 स्थानों पर करीब 1,200 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, ताकि मुख्य सड़कों और संवेदनशील जगहों की सुरक्षा और निगरानी सुनिश्चित हो सके. अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि ये सीसीटीवी कैमरे ‘सिटी वाइड स्मार्ट सर्विलांस सिस्टम’ के तहत लगाए गए हैं. हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए गुरुग्राम, करनाल और फरीदाबाद में इस व्यवस्था की समीक्षा की. गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुधीर राजपाल ने कहा कि यह एक समग्र और एकीकृत वीडियो निगरानी प्रणाली है, जिसे गुरुग्राम और मानेसर के सभी 115 सेक्टर में लागू किया गया है. उन्होंने बताया कि इन 222 में से 191 स्थान गुरुग्राम में हैं, जबकि 31 मानेसर क्षेत्र में हैं.
केंद्र-राज्य विज्ञान सम्मेलन का शनिवार को उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए केंद्र-राज्य विज्ञान सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे. प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने बताया कि देश में नवाचार और उद्यमिता को सुगम बनाने के लिए प्रधानमंत्री के प्रयासों के अनुरूप इस सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा और यह अपनी तरह का पहला सम्मेलन है. पीएमओ ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य सहकारी संघवाद के जरिये केंद्र और राज्य के बीच समन्वय तथा सहयोग तंत्र को मजबूत बनाना और पूरे देश में विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार (एसटीआई) के लिए एक सशक्त पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण करना है. इस दो दिवसीय सम्मेलन का आयोजन 10-11 सितंबर, 2022 को साइंस सिटी, अहमदाबाद में किया जाएगा.
महारानी एलिजाबेथ के सम्मान में रविवार को राजकीय शोक मनाएगा भारत
भारत सरकार 11 सितंबर रविवार को ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के सम्मान में एक दिन का राजकीय शोक मनाएगी. महारानी का गुरुवार को निधन हो गया. गृह मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि शोक के दिन पूरे भारत में सभी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा. इस दिन कोई आधिकारिक मनोरंजन नहीं होगा.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए