Agneepath Scheme Protest: बिहार में बंद समर्थकों ने बस फूंकी, UP में बवाल, गृह मंत्रालय ने किया बड़ा ऐलान
Agnipath Scheme Protest Updates: केंद्र सरकार की सैन्य बलों में भर्ती की नयी योजना ‘अग्निपथ’ के खिलाफ लगातार चौथे दिन विरोध-प्रदर्शन जारी है. आज ‘बिहार बंद’ का ऐलान किया गया है जबकि यूपी में 260 गिरफ्तारियां हुईं हैं. Agnipath Scheme Protest से जुड़ी हर खबर यहां पढ़ें
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अग्निपथ भर्ती योजना को लेकर सेना प्रमुखों के साथ बैठक
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अग्निपथ भर्ती योजना को लेकर सेना प्रमुखों के साथ बैठक करेंगे. नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार और वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल विवेक राम चौधरी रक्षा मंत्री के आवास पर पहुंचे.
अग्निपथ प्रदर्शन : जंतर मंतर पर सत्याग्रह करेगी कांग्रेस
कांग्रेस के सांसद और नेता सशस्त्र बलों में भर्ती के लिए पेश की गई ‘अग्निपथ’ योजना का विरोध कर रहे युवाओं के साथ एकजुटता प्रदर्शित करने के वास्ते रविवार सुबह यहां जंतर मंतर पर ‘सत्याग्रह’ करेंगे. देशभर में युवा इस योजना के खिलाफ सड़कों पर उतर आए हैं और कई शहरों व कस्बों से हिंसा की घटनाएं दर्ज की गई हैं. सूत्रों ने कहा कि कांग्रेस के सांसद, उसकी कार्य समिति के सदस्य और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी 19 जून को सुबह 10 बजे जंतर मंतर पर शुरू होने वाले ‘सत्याग्रह’ में हिस्सा लेंगे.
सशस्त्र बलों में परिवर्तनकारी सुधार जारी : सेना प्रमुख
सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने शनिवार को कहा कि देश की संवेदनशील सीमाओं और समान रूप से चुनौतीपूर्ण आंतरिक खतरों के मद्देनजर उच्च स्तर की संचालात्मक तैयारियों की जरूरत के बावजूद सशस्त्र बलों में परिवर्तनकारी सुधार जारी हैं. डुंडीगल स्थित वायुसेना अकादमी में एक संयुक्त स्नातक परेड (सीजीपी) को संबोधित करते हुए जनरल पांडे ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता, क्वांटम कंप्यूटिंग रोबोटिक्स और हाइपरसोनिक जैसी उभरती प्रौद्योगिकियां अब सिद्धांतों तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि युद्ध के मैदानों में प्रत्यक्ष रूप से प्रकट हो रही हैं.
गृह मंत्री कार्यालय ने क्या कहा
गृह मंत्री कार्यालय की ओर से कहा गया है कि गृह मंत्रालय ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और असम राइफल्स में 10 प्रतिशत रिक्तियां ‘अग्निवीरों’ के लिए आरक्षित करने का फैसला किया.
गृह मंत्रालय ने किया बड़ा ऐलान
गृह मंत्रालय ने अग्निवीरों के लिए CAPFs और असम राइफल्स में भर्ती के लिए 10% रिक्तियों को आरक्षित करने का निर्णय लिया है, जबकि दो बलों में भर्ती के लिए अग्निवीरों को ऊपरी आयु सीमा से 3 वर्ष की छूट दी गई. अग्निवीर के पहले बैच के लिए आयु में अधिकतम आयु सीमा से 5 वर्ष की छूट होगी. गृह मंत्रालय की ओर से यह जानकारी दी गई है.

युवाओं ने जहानाबाद में बस फूंकी, पुलिस पर पथराव
अग्निपथ स्कीम के विरोध में बिहार बंद के दौरान प्रदर्शन शुरू हो गया. जहानाबाद में सुबह होते ही युवा सड़क पर उतर गये. युवा शेखपुरा नगर के कॉलेज मोड़ पर सड़क जाम कर विरोध-प्रदर्शन कर रहे है. जहानाबाद के टेहटा ओपी में खड़ी बस-ट्रक में बिहार बंद समर्थकों ने आग लगा दी. इस दौरान बंद समर्थकों ने पुलिस पर भी पथराव किया. घटना स्थल पर डीएम व एसपी पहुंच गये है.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए