ePaper

250 मीटर भारतीय सीमा में घुसकर पाक सैनिकों ने काटे जवानों के सिर, पाक का शव विकृत करने की बात से इनकार

Updated at : 01 May 2017 9:35 PM (IST)
विज्ञापन
250 मीटर भारतीय सीमा में घुसकर पाक सैनिकों ने काटे जवानों के सिर, पाक का शव विकृत करने की बात से इनकार

जम्मू : पाकिस्तानी विशेष बलों के एक समूह ने सोमवार तड़के भारतीय सेना के गश्ती दल को हैरत में डालते हुए भारतीय सीमा में 250 मीटर से ज्यादा भीतर घुसकर घात लगाकर हमला किया और दो भारतीय सैनिकों का सिर धड़ से अलग कर दिया. पाकिस्तान की बॉर्डर एक्शन टीम (बैट) ने घात लगाई और […]

विज्ञापन

जम्मू : पाकिस्तानी विशेष बलों के एक समूह ने सोमवार तड़के भारतीय सेना के गश्ती दल को हैरत में डालते हुए भारतीय सीमा में 250 मीटर से ज्यादा भीतर घुसकर घात लगाकर हमला किया और दो भारतीय सैनिकों का सिर धड़ से अलग कर दिया. पाकिस्तान की बॉर्डर एक्शन टीम (बैट) ने घात लगाई और लंबे समय तक गश्ती दल का इंतजार किया. रिपोर्ट के अनुसार भारतीय जवानों के शव को क्षत विक्षत किया गया. हालांकि पाकिस्‍तानी सेना ने शवों के साथ छेड़छाड़ से इनकार किया है.

वहीं दूसरी ओर पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर स्थित दो सीमावर्ती चौकियों पर रॉकेट और मोर्टार से हमला किया. एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है, ‘यह पाकिस्तानी सेना का पूर्वनियोजित हमला था. उन्होंने बॉर्डर एक्शन टीम को भारतीय सीमा में 250 मीटर से भी ज्यादा अंदर भेजा और हमला करने के लिए देर तक घात लगाकर हमला किया.’

उन्होंने कहा, ‘उनका निशाना एक चौकी से निकलने वाला, सात-आठ सदस्यों वाला गश्ती दल था.’ उन्होंने कहा कि चौकियों पर हमला हो रहा था, ऐसे में गश्ती दल के सदस्य छुपने के लिए गये. इसी प्रक्रिया में दो सदस्य पीछे रह गये और बैट ने उन्हें निशाना बनाया.

बीएसएफ की 200वीं बटालियन के हेड कांस्टेबल प्रेम सागर और सेना के 22वें सिख रेजिमेंट के नायब सूबेदार परमजीत सिंह की हत्या कर उनके शवों को क्षत-विक्षत कर दिया गया. बैट की भर्ती विशेष रूप से नियंत्रण रेखा के उसपार कार्रवाई के लिए की गयी है. पाकिस्तान में बैट का प्रमुख हिस्सा एसएसजी (विशेष सेवा समूह) है. इसका प्राथमिक कार्य नियंत्रण रेखा पर विवादित कार्रवाई करना है. पूर्व में भी कई बैट हमले हुए हैं जिनमें जवानों के सिर काटे गये हैं या उनके शवों को क्षत-विक्षत किया गया है.

पाक सेना ने भारतीय सैनिकों के शवों के क्षत-विक्षत किये जाने से किया इनकार

पाकिस्तानी सेना दो भारतीय सुरक्षा बलों के शवों को क्षत-विक्षत किये जाने से इनकार किया, हालांकि भारत ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. पाकिस्तानी सेना की इकाई इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने एक बयान में कहा, ‘पाकिस्तानी सेना ने न तो नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम उल्लंघन को अंजाम दिया और न ही बट्टल सेक्टर (भारत के कृष्णा घाटी सेक्टर) में बार्डर एक्शन टीम (बीएटी) की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गयी है जैसा कि भारत ने आरोप लगाया है. भारतीय सैनिकों के शवों को क्षत-विक्षत किये जाने का भारत का दावा फर्जी है.’

उसने कहा, ‘पाकिस्तानी सेना बहुत ही पेशेवर बल है और वह किसी सैनिक यहां तक कि भारतीय का भी कभी अनादर नहीं करेगी.’ जम्मू कश्मीर के पुंछ में नियंत्रण रेखा पर एक बर्बर हमले में पाकिस्तानी सेना की एक टीम करीब 250 मीटर तक भारतीय सीमा में घुसी और दो भारतीय सुरक्षा कर्मियों की हत्या की तथा उनके शवों को क्षत-विक्षत किया.

इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए रक्षा मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि इस तरह के हमले युद्ध के समय भी नहीं किये जाते और पूरे देश को सैन्य बलों में पूरा विश्वास है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola