ePaper

समूचे उत्तर भारत में शीतलहर का प्रकोप, दिल्ली में दो, उत्तर प्रदेश में एक की मौत

Updated at : 08 Jan 2015 12:17 AM (IST)
विज्ञापन
समूचे उत्तर भारत में शीतलहर का प्रकोप, दिल्ली में दो, उत्तर प्रदेश में एक की मौत

नयी दिल्ली : राजधानी दिल्ली और उत्तर प्रदेश सहित उत्तर भारत का बडा हिस्सा आज शीतलहर की चपेट में रहा. दिल्ली में दो अलग-अलग स्थानों पर दो व्यक्ति ठंड से अकड़े मिले, जबकि उत्तर प्रदेश में 60 वर्षीय एक बुजुर्ग की मृत्यु हो गई. पिछले 24 घंटे के दौरान देश के इस भाग में मौसम […]

विज्ञापन
नयी दिल्ली : राजधानी दिल्ली और उत्तर प्रदेश सहित उत्तर भारत का बडा हिस्सा आज शीतलहर की चपेट में रहा. दिल्ली में दो अलग-अलग स्थानों पर दो व्यक्ति ठंड से अकड़े मिले, जबकि उत्तर प्रदेश में 60 वर्षीय एक बुजुर्ग की मृत्यु हो गई.
पिछले 24 घंटे के दौरान देश के इस भाग में मौसम शुष्क रहा और कोहरे के कारण कुछ स्थानों पर सड़क तथा रेल सेवाएं प्रभावित हुईं. राष्ट्रीय राजधानी में पारा गिरने के कारण न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अधिकतम तापमान में भी कल के 20.7 डिग्री सेल्सियस की तुलना में भारी गिरावट देखी गई. यह सामान्य से सात डिग्री नीचे गिरकर 13.1 डिग्री सेल्सियस पर बना रहा.
फतेहपुरी के रैनबसेरे के नजदीक 30 वर्ष का एक व्यक्ति मृत मिला, जबकि दूसरा 85 वर्ष का बुजुर्ग लाहौरी गेट के पीली कोठी इलाके में मृत मिला. पुलिस ने यह जानकारी दी. उधर, कोहरे के कारण रेल सेवा भी बाधित रही और पटना, कोलकाता और डिब्रूगढ राजधानी एक्सप्रेस सहित उत्तर की ओर से आने और जाने वाली 55 रेल सेवाएं बाधित हुईं. इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर विमानों की उडान सेवाएं हालांकि सुबह के वक्त सामान्य रहीं.
जबर्दस्त ठंड के कारण उत्तर प्रदेश में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई, वहां अब तक मौसम में खुश्की बनी हुई है. मुजफ्फरनगर जिले के निवासी 60 वर्षीय जगमाल की कल शीतलहर के प्रकोप के कारण मृत्यु हो गई. मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में सबसे कम तापमान नजीमाबाद में 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
पंजाब और हरियाणा में भी सर्दी शबाब पर है. दोनों राज्यों में घना कोहरा छाए रहने के कारण सड़क और रेल सेवाएं प्रभावित हुईं. लुधियाना सबसे ठंडा स्थान रहा, यहां 4.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. अमृतसर में 5.6 डिग्री तापमान जबकि पटियाला में 6.3 डिग्री तापमान रहा. चंडीगढ में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया वहीं अम्बाला में यह 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. करनाल और नारनौल में न्यूनतम तापमान क्रमश: 4.8 और 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
इस बीच, कश्मीर घाटी और लद्दाख क्षेत्र पूरी तरह से ठंड की गिरफ्त में रहा क्योंकि वहां तापमान में जमाव बिंदू से कई डिग्री की गिरावट देखी गई. राज्य में करगिल सबसे ठंडा क्षेत्र रहा.
सीमावर्ती लद्दाख क्षेत्र के करगिल में न्यूनतम तापमान शून्य से 16.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. लद्दाख क्षेत्र के ही लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से 10.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. वहीं राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया.
कश्मीर घाटी अभी 40 दिन तक चलने वाले जबर्दस्त ठंड के दौर से गुजर रही है, जिसे वहां ‘चिल्लई-कलां’ कहा जाता है. इस बार 21 दिसंबर से यहां चिल्लई-कलां शुरु हो चुका है. इस दौरान हिमपात की संभावना प्रबल रहती है तथा ठंडे मौसम के कारण दिन के तापमान में जबर्दस्त गिरावट आती है. चर्चित डल झील सहित पानी के स्त्रोत ठंड से जम गए हैं.
हिमाचल प्रदेश भी जबर्दस्त ठंड की चपेट में है. राज्य भर में न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस से नीचे है. आदिवासी इलाके ठिठुरन भरी ठंड की गिरफ्त में हैं, वहां पारा सामान्य से 12 से 22 डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है.
केलांग, कालपा और मनाली में न्यूनतम तापमान क्रमश: शून्य से 8.1 डिग्री सेल्सियस नीचे, शून्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस नीचे और शून्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. सुबह घना कोहरा छाए रहने के कारण निचले पहाडी क्षेत्रों और निचले पर्वतीय क्षेत्रों में सडक यातायात बाधित रहा.
राजस्थान में ठंड से थोडी राहत मिली हालांकि वहां का चर्चित हिल स्टेशन माउंट आबू 4.2 डिग्री सेल्सियस के न्यूनतम तापमान के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान बना रहा.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola